Gujarat Rains: पिछले दो दिनों में राज्य भर में लगातार बारिश (Rain) के बाद गुजरात (Gujarat) में अहमदाबाद (Ahmedabad) के सरदार वल्लभाई पटेल एयर पोर्ट (Sardar Vallabhai Patel Airport) पर शनिवार रात कथित तौर पर घुटनों तक पानी भर गया (Waterlogging)। कांग्रेस नेताओं सहित कई सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो शेयर किए, जिसमें कथित तौर पर हवाईअड्डे में बाढ़ देखी गई, रनवे और टर्मिनल एरिया पानी में डूबे हुए थे।
हवाई अड्डे पर जलभराव के कारण यात्रियों को अपनी फ्लाइट के लिए समय पर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि अधिकारियों ने यात्रियों से अपनी फ्लाइट के बारे में अपनी एयरलाइनों से जांच करने के लिए कहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीपक खत्री ने अहमदाबाद एयर पोर्ट के टर्मिनल के बाहर पानी से भरी सड़क का एक वीडियो शेयर किया।
उन्होंने ट्वीट किया “BJP के 28 साल के शासन के बाद गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे की ये हालत है। ये नरेंद्र मोदी का आदर्श राज्य है।"
एक और यूजर पुनीत जुनेजा ने टर्मिनल का एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, “इस एयरपोर्ट का मैनेजमेंट अडानी के हाथों में है, ये अहमदाबाद, गुजरात है।”
एक और यूजर कुमार मनीष ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, “एक दोस्त ने बताया कि वह रात 10 बजे अहमदाबाद हवाई एयर पोर्ट पर लैंड किया।”
शनिवार को गुजरात के दक्षिण और सौराष्ट्र क्षेत्रों के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जिससे शहरी इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। बांधों और नदियों में जल स्तर खतरे के निशान तक बढ़ जाने के कारण गांवों से संपर्क टूट गया।
NDRF की टीम ने शनिवार को जूनागढ़ जिले में बचाव अभियान चलाया। बचाव अभियान में NDRF कर्मी आम जनता तक पहुंचे और उन्हें शहर के बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों से सुरक्षित जगह पर पहुंचने में मदद की।
जूनागढ़ में शनिवार शाम 4 बजे तक 8 घंटे में 219 mm बारिश होने के बाद दर्जनों खड़ी कारें और मवेशी तेज पानी में बह गए। लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कमर तक पानी से गुजरते देखा गया, जबकि उनमें से कुछ को वॉलंटियर्स ने बचाया, क्योंकि वे तेज धारा में बह गए थे।
मूसलाधार बारिश के कारण नवसारी और जूनागढ़ सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में से थे, जिसके कारण कई आवासीय इलाकों और बाजारों में बाढ़ आ गई।
अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने का अनुरोध किया और किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन स्थिति के मामले में कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की। लोगों को बांधों और आसपास के इलाकों में न जाने की चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण नवसारी के पास मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाइवे पर भी बाढ़ के कारण यातायात जाम हो गया।