रविवार यानी 23 जुलाई को दिल्ली के लोगों को पिछले कुछ दिनों से चली आ रही गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना दिखाई दे रही है। भारत मौसम विभाग (IMD) की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली एनसीआर में आज आम तौर पर बादल छाए रहेंगे इसके साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 23 जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब रह सकता है। वहीं 22 जुलाई यानी शनिवार को राजधानी दिल्ली का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को कोंकण और गोवा, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, कर्नाटक के कुछ हिस्सो और गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
इन जगहों पर बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना के चलते गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं कर्नाटक में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलाना आईएमडी ने रविवार को उत्तराखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बंगाल के हिमालयी रीजन, ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु के भी अलग अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
बन रहा है साइक्लोन सर्कुलेशन
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पूर्व विदर्भ और उससे सटे दक्षिण छत्तीसगढ़ पर एक साइक्लोन सर्कुलेशन भी बन रहा है। मानसून ट्रफ भी सक्रिय है। इसके अलावा एक और साइक्लोन सर्कुलेशन दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उत्तर-पूर्व गुजरात इलाके में भी बन रहा है। जिसकी वजह से आने वाले दिनों में मौसम पर भी इनका असर देखने को मिलेगा।
इन राज्यों में आंधी बिजली की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में आंधी चलने और कुछ राज्यों में बिजली गिरने की संभावना भी जताई है। रविवार क म्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मराठवाड़ा, गुजरात राज्य, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी चलने और बिजली गिरने के साथ पानी बरसने की संभावना जताई गई है। कर्नाटक, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र, दक्षिण गुजरात तटों, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के साथ-साथ दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण श्रीलंका तट तेज समु्द्री हवाएं भी चल सकती हैं।