Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News JANUARY 10, 2024 / 6:42 PM IST

Vibrant Gujarat Summit Highlights: पीएम मोदी बोले- 'भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर कर रहा काम' अंबानी-अदाणी समेत कई बिजनेसमैन ने गुजरात के लिए खोला खजाना

Vibrant Gujarat Summit 2024 Highlights: गांधीनगर में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का आगाज हो चुका है। 10 से 12 जनवरी तक चलने वाली इस समिट का ये 10वां एडिशन है। इस साल वाइब्रेंट गुजरात की थीम 'भविष्य का प्रवेश द्वार' यानी 'Gateway to the Future' रखी गई है। वाइब्रेंट गुजरात समिट में राज्य के भविष्य के प्रोजेक्ट्स और इंवेस्टमेंट का प्रदर्शन किया जाएगा। उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बुधवार को कहा कि उनकी कंपनी रिलायंस हजीरा में भारत की पहली तथा विश्व स्तरीय कार्बन फाइबर फैसिलिटी स्थापित करेगी। इसके अलावा अदाणी ग्रुप अगले 5 साल में गुजरात में 2 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Vibrant Gujarat Global Summit 2024 Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने गांधीनगर में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के 10वें एडिशन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर काम कर रहा है। पीएम मोदी ने वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया आज भारत को स्थिरता के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में देख रही है।

Vibrant Gujarat Summit LIVE: अदाणी ग्रुप गुजरात में 2 लाख करोड़ रुपये का करेगी निवेश, जबकि रिलायंस कार्बन फाइबर फैसिलिटी स्थापित करेगी
Vibrant Gujarat Summit LIVE: अदाणी ग्रुप गुजरात में 2 लाख करोड़ रुपये का करेगी निवेश, जबकि रिलायंस कार्बन फाइबर फैसिलिटी स्थापित करेगी
JANUARY 10, 2024 / 6:42 PM IST

Shiv Sena MLAs Row News Live: एकनाथ शिंदे CM की कुर्सी पर बने रहेंगे

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की अगुवाई वाले शिवसेना विधायकों के अयोग्यता मामले पर विधानसभा स्पीकर राहुल नार्वेकर (Maharashtra Assembly speaker Rahul Narwekar) का फैसला आ गया है। स्पीकर राहुल नार्वेकर ने शिंदे गुट के शिवसेना को असली माना है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत शिवसेना के 16 विधायकों की अयोग्यता संबधी याचिकाओं पर नार्वेकर ने 10 जनवरी को शाम पांच बजे बहुप्रतीक्षित फैसला सुनाया।

    JANUARY 10, 2024 / 6:11 PM IST

    Vibrant Gujarat 2024 Live: भारत 2028 तक होगा दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था, 2047 में बन जाएगा 'विकसित राष्ट्र'

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को विश्वास जताया कि भारत वित्त वर्ष 2027-28 तक पांच लाख करोड़ डॉलर से अधिक सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के साथ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि भारत साल 2047 तक 30 लाख करोड़ डॉलर की GDP के साथ एक विकसित राष्ट्र होगा। बता दें कि भारत इस समय लगभग 3.4 लाख करोड़ डॉलर के सकल घरेलू उत्पाद के साथ दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। अभी अमेरिका, चीन, जापान और जर्मनी उससे आगे हैं।

    निर्मला सीतारमण ने गांधीनगर में 'वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट' को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के 100 साल 2047 में पूरा होने तक के अमृतकाल में नए एवं तेजी से बढ़ते उद्योगों पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सरकार की FDI पॉलिसी नीति ने विदेशी निवेश को आकर्षित करने में मदद की है। उन्होंने बताया कि पिछले 9 वर्षों में 595 अरब डॉलर का निवेश आया है।

      JANUARY 10, 2024 / 5:33 PM IST

      Ram Mandir Inauguration News Live: सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में कारसेवकों पर पुलिस गोलीबारी को जायज ठहराया

      अपने विवादित बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अयोध्या में 1990 में उत्तर प्रदेश की तत्कालीन मुलायम सिंह यादव सरकार द्वारा 'कार सेवकों' पर गोली चलवाने के आदेश को उचित ठहराते हुए कहा कि ऐसा संविधान की रक्षा के लिए किया गया था। श्रीरामचरित मानस और हिंदू धर्म को लेकर हाल में विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर सुर्खियों में रहे सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य 'बौद्ध एकता समिति गंजडुंडवारा' के तत्वावधान में आयोजित 'बौद्ध जनजागरण सम्मेलन' में भाग लेने के लिए कासगंज में थे।

      मौर्य ने एक सवाल पर कहा, "अयोध्या में कार सेवकों पर गोलीबारी तत्कालीन सरकार द्वारा संविधान की रक्षा के अपने कर्तव्य को पूरा करने के लिए की गई थी।" उन्होंने कहा, "उस समय बड़ी संख्या में अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की थी और तत्कालीन सरकार ने संविधान, शांति और व्यवस्था बचाने के लिए गोलियां चलवाई थीं। यह सरकार का कर्तव्य था और उसने ऐसा किया भी।'' बता दें कि मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली तत्कालीन सपा सरकार ने 30 अक्टूबर 1990 को राम भक्तों पर गोली चलाने का आदेश दिया था। उस घटना में पांच कारसेवकों की मौत हुई थी। इस गोलीबारी को जायज ठहराने वाला मौर्य का बयान उस वक्त आया है, जब अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं।

        JANUARY 10, 2024 / 5:25 PM IST

        Latest News Live: लोकसभा चुनाव के बीच भारत में ही होगा IPL

        एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2024) का अगला एडिशन 22 मार्च को शुरू होने वाला है। जबकि महिला प्रीमियर लीग (WPL) का दूसरा सीजन फरवरी में शुरू होगा। BCCI के एक सूत्र के मुताबिक, देश में लोकसभा चुनाव होने के बावजूद IPL के भारत में ही आयोजित होने की संभावना है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, सबसे बड़ा क्रिकेट उत्सव 22 मार्च को शुरू होने की संभावना है। आम चुनाव की तारीखों की घोषणा भी लगभग उसी समय होने की संभावना है। लेकिन चुनावी मौसम के बावजूद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक शीर्ष सूत्र ने पुष्टि की कि IPL भारत में खेला जाएगा।

          JANUARY 10, 2024 / 5:13 PM IST

          Latest News Live: समुद्री डाकुओं पर लगाम कसने के लिए नौसेना अपने बेड़े तैनात कर रही

          नौसेना प्रमुख एडमिरल हरि कुमार ने बुधवार को कहा कि भारतीय नौसेना समुद्री डाकुओं पर लगाम कसने और उन्हें उनके जल क्षेत्र में ही सीमित रखने के लिए सक्रिय रूप से अपने बेड़े को तैनात कर रही है। किसी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि भारत के निकटतम पड़ोसियों के पास सामूहिक रूप से काफी संख्या में यूएवी हैं और इसलिए, दूरदर्शिता यही है कि देश और उसके सशस्त्र बल इस क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता का उपयोग करना जारी रखें।

            JANUARY 10, 2024 / 4:47 PM IST

            Mumbai News Live Updates: BJP नेता पंकजा मुंडे के चीनी मिल की होगी नीलामी

            यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (UBI) बकाया वसूलने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे के चीनी मिल की ई-नीलामी करेगा। बैंक 203.69 करोड़ रुपये के बकाया वसूली के लिए महाराष्ट्र में स्थित और बीजेपी की राष्ट्रीय सचिव पंकजा मुंडे के परिवार के नियंत्रण वाली सहकारी चीनी मिल की ई-नीलामी के लिए एक नोटिस जारी किया है। बैंक की तरफ से मंगलवार को स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित नोटिस के अनुसार, वैद्यनाथ सहकारी चीनी कारखाने की ई-नीलामी 25 जनवरी को होगी।

            नीलामी नोटिस में मुंडे और कई अन्य व्यक्तियों के नाम का उल्लेख कर्जदार और गारंटी देने वाले के रूप में किया गया है। नोटिस के अनुसार, बैंक के अहमदनगर क्षेत्रीय कार्यालय ने 203.69 करोड़ रुपये का बकाया वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंकजा मुडे ने पिछले साल सितंबर में उनके परिवार द्वारा नियंत्रित मिल को माल एवं सेवा कर (GST) विभाग से नोटिस मिलने की बात स्वीकार की थी। उन्होंने दावा किया था कि इस चीनी मिल को छोड़कर, कई अन्य मिलों को केंद्र सरकार से सहायता मिली।

              JANUARY 10, 2024 / 4:19 PM IST

              Ram Mandir Inauguration News Live: कांग्रेस ने ठुकराया राम मंदिर का न्योता

              कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, अधीर रंजन चौधरी ने राम मंदिर के निमंत्रण को ठुकराय दिया है। कांग्रेस ने 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को RSS-BJP का कार्यक्रम बताया है। कांग्रेस ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस के नेताओं द्वारा अयोध्या में अधूरे मंदिर का उद्घाटन स्पष्ट रूप से चुनावी लाभ के लिए किया गया।

                JANUARY 10, 2024 / 3:49 PM IST

                Bihar News Live: भागलपुर में महिला, उसके पति एवं बेटी की हत्या

                बिहार के भागलपुर जिले में एक महिला के पिता और भाई ने उसकी, उसके पति और उनकी बेटी की कथित रूप से हत्या कर दी। नौगछिया अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) ओम प्रकाश अरुण ने बुधवार को बताया कि मृतकों की पहचान चांदनी कुमारी (23), चंदन कुमार (40) और रोशनी कुमारी (2) के रूप में की गई है। आरोपियों की पहचान मृतक महिला के पिता पप्पू सिंह और महिला के भाई धीरज कुमार सिंह के तौर पर हुई है। घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

                  JANUARY 10, 2024 / 3:25 PM IST

                  Covid 19 JN.1 Updates: एक दिन में 605 नए मामले दर्ज, 4 लोगों की मौत

                  देश में कोरोना संक्रमण खत्म होने का नाम नही ले रहा है। दिनों दिन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 605 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 4 संक्रमित मरीजों की मौत हो गई है। वहीं एक्टिव केस 3,643 हो गए हैं। पढ़िए पूरी खबर विस्तार से...

                    JANUARY 10, 2024 / 3:23 PM IST

                    Vibrant Gujarat Summit LIVE: 'दुनिया भारत को ग्लोबल ग्रोथ इंजन के रूप में देखती है'

                    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भारत को स्थिरता के एक महत्वपूर्ण स्तंभ, एक भरोसेमंद दोस्त, वैश्विक अर्थव्यवस्था के वृद्धि के एक इंजन, समाधान खोजने के लिए टेक्नोलॉजी के एक केंद्र और प्रतिभाशाली युवाओं के पावरहाउस के रूप में देखती है। उन्होंने कहा, "दुनिया भारत को स्थिरता के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में देखती है। भारत एक ऐसा मित्र है, जिसपर भरोसा किया जा सकता है, एक ऐसा साझेदार है, जो जन-केंद्रित विकास में विश्वास करता है और एक ऐसी आवाज है, जो वैश्विक भलाई में विश्वास करता है और वह ग्लोबल साउथ की भी एक आवाज है।" उन्होंने कहा, "दुनिया आज भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में वृद्धि का एक इंजन, समाधान खोजने के लिए एक टेक्नोलॉजी सेंटर और प्रतिभाशाली युवाओं के पावरहाउस के रूप में देखती है।"

                      JANUARY 10, 2024 / 2:58 PM IST

                      India-Maldives dispute live: हम दोस्त बदल सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं

                      नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला ने भारत-मालदीव विवाद पर बुधवार को कहा, "मालदीव किस देश के साथ किस प्रकार के संबंध रखना चाहती है ये उनका फैसला है। मालदीव के कुछ मंत्रियों ने हमारे देश के प्रधानमंत्री के बारे में जो बात कि वे सरासर गलत है। यहां से जो भी पर्यटक जाते हैं उनके बारे में जो कहा वह गलत है। चीन के साथ आपके जैसे भी संबंध हों वे ठीक हैं, लेकिन भारत का अपमान करने की कोई जरूरत नहीं थी। ये अच्छी बात है कि मालदीव सरकार ने उन मंत्रियों को सस्पेंड किया और भारत के प्रधानमंत्री से माफी मांगी। अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि हम दोस्त बदल सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते। हमने बार-बार जोर दिया है कि पड़ोसियों के साथ संबंध अच्छे रहने चाहिए चाहे वे मालदीव, नेपाल, भूटान, बंग्लादेश, श्रीलंका, पाकिस्तान, अफगानिस्तान हो।"

                        JANUARY 10, 2024 / 2:38 PM IST

                        Latest News Live: दुश्मनों को मिलेगा करारा जवाब! नौसेना को मिला अत्याधुनिक ड्रोन

                        अदाणी ग्रुप की सब्सिडियरी कंपनी अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने बुधवार को स्वदेशी UAV दृष्टि -10 स्टारलाइनर ड्रोन को भारतीय नौसेना को सौंप दिया है। UAV के नौसेना समुद्री अभियानों में शामिल होने के वास्ते हैदराबाद से पोरबंदर के लिए रवाना होने के दौरान समारोह का नेतृत्व भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार ने किया। जानें, क्या है खास...

                          JANUARY 10, 2024 / 2:18 PM IST

                          Goa Murder update: स्टार्टअप CEO के बेटे की हत्या सुनियोजित लगती है: पुलिस

                          गोवा पुलिस को उस कमरे से खांसी की दवाई की दो खाली बोतलें मिली हैं जहां एक स्टार्टअप CEO ने अपने चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या की थी। दवा की बोतलें मिलने से ऐसे संकेत मिलते हैं कि आरोपी ने अपराध से पहले बच्चे को दवा की भारी खुराक दी होगी और यह सुनियोजित हत्या का मामला है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमॉर्टम से सामने आया है कि दम घुटने से बच्चे की मौत हुई। ये काम तकिए या किसी कपड़े से किया गया। आरोपी सूचना सेठ ने अपने चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर गोवा में हत्या कर दी और फिर उसके शव को बैग में भरकर टैक्सी से पड़ोसी राज्य कर्नाटक चली गई। सेठ को सोमवार रात कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को उन्हें गोवा लाया गया।

                            JANUARY 10, 2024 / 1:53 PM IST

                            Vibrant Gujarat Summit LIVE: टाटा ग्रुप सेमीकंडक्टर कारखाने का करेगा निर्माण

                            टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बुधवार को कहा कि टाटा ग्रुप गुजरात के धोलेरा में एक सेमीकंडक्टर कारखाने का निर्माण करेगा। वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन के 10वें एडिशन में चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा ग्रुप दो महीने में साणंद में लिथियम आयन बैटरी बनाने के लिए 20 गीगावॉट की गीगाफैक्टरी शुरू करने वाला है।

                            उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप ने एक संकल्प किया जो पूरा होने वाला है। साथ ही धोलेरा में 'विशाल सेमीकंडक्टर फैब' की घोषणा करते हैं। पीटीआई के मुताबिक चंद्रशेखरन ने कहा, "सेमीकंडक्टर फैब के लिए बातचीत पूरी होने वाली है और 2024 में इसे शुरू करेंगे।"

                              JANUARY 10, 2024 / 1:39 PM IST

                              Vibrant Gujarat Summit LIVE: DP वर्ल्ड गुजरात में कंटेनर टर्मिनल बनाएगा

                              वैश्विक लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट एवं सर्विस कंपनी डीपी वर्ल्ड के चेयरमैन सुल्तान अहमद बिन सुलेयम ने बुधवार को कहा कि उनकी कंपनी गुजरात में एक कंटेनर टर्मिनल का निर्माण करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में और निवेश को प्रतिबद्ध है। वाइब्रेंट गुजरात समिट के 10वें एडिशन में सुल्तान अहमद बिन सुलेयम (Sultan Ahmed Bin Sulayem) ने कहा कि कंपनी भारतीय सामान को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी तथा सुलभ बनाने के लिए भारतीय लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के साथ साझेदारी करना जारी रखेगी। साथ ही गुजरात और भारत के शेष स्थानों में मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री का समर्थन करेगी।

                                JANUARY 10, 2024 / 1:29 PM IST

                                10th Vibrant Gujarat Global Summit 2024 Live: 'भारत दुनिया की टॉप 3 इकोनॉमी में शामिल होगा'

                                गांधीनगर में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके सपने, मोदी का संकल्प है। आपके सपने जितने बड़े होंगे, मेरा संकल्प भी उतना ही बड़ा होगा...। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जबकि 10 साल पहले भारत 11वें स्थान पर था। आज दुनिया की हर प्रमुख रेटिंग एजेंसी का अनुमान है कि भारत अगले कुछ वर्षों में दुनिया की टॉप 3 इकोनॉमी में जाएगा। उन्होंने कहा कि एक ऐसे समय में जब विश्व अनेक अनिश्चितताओं से घिरा हुआ है। तब भारत दुनिया में विश्वास की एक नई किरण बनकर उभरा है।

                                  JANUARY 10, 2024 / 1:18 PM IST

                                  Vibrant Gujarat Summit LIVE: 'तेजी से बदलती विश्व व्यवस्था में भारत विश्व मित्र के रूप में आगे बढ़ रहा है'

                                  वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तेजी से बदलती विश्व व्यवस्था में भारत विश्व मित्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया, भारत को स्थिरता के एक महत्वपूर्ण स्तंभ तथा वैश्विक अर्थव्यवस्था में वृद्धि के इंजन के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख रेटिंग एजेंसियों की राय है कि भारत अगले कुछ वर्षों में दुनिया की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा। इस दौरान पीएम मोदी ने भारत-UAE संबंधों में आई प्रगाढ़ता का श्रेय संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को दिया।

                                    JANUARY 10, 2024 / 1:12 PM IST

                                    Vibrant Gujarat Summit LIVE: '21वीं सदी की दुनिया का भविष्य हमारे साझे प्रयासों से ही उज्ज्वल बनेगा'

                                    पीएम मोदी ने कहा कि ये नए सपनें, नए संकल्प और नित्य-नूतन सिद्धियों का कार्यकाल है। इस अमृतकाल में ये पहली वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट हो रही है। इसलिए इसका महत्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की दुनिया का भविष्य हमारे साझे प्रयासों से ही उज्ज्वल बनेगा। भारत ने अपनी G20 प्रेसिडेंसी के दौरान भी ग्लोबल फ्यूचर के लिए एक रोडमैप दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के इस संस्करण में भी इस विजन को और आगे बढ़ा रहे हैं।

                                      JANUARY 10, 2024 / 12:57 PM IST

                                      Vibrant Gujarat Summit LIVE: UAE प्रेसिडेंट का किया स्वागत

                                      वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा, "UAE के राष्ट्रपति का इस आयोजन में शामिल होना हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। वाइब्रेंट गुजरात समिट में उनका यहां मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होना भारत और UAE के दिनों-दिन मजबूत होते आत्मीय संबंधों का प्रतीक है।"

                                        JANUARY 10, 2024 / 12:55 PM IST

                                        PM Modi in Gujarat LIVE updates: 'भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर कर रहा काम'

                                        वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा, "भारत की आजादी के 75 साल पूरे हुए हैं और अब भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर काम कर रहा है। जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष मनाएगा तब तक हमने भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा है। यह 25 साल का कार्यकाल भारत का अमृतकाल है... इस अमृतकाल में यह पहली वाइब्रेंट गुजरात समिट हो रही है इसलिए इसका महत्व और बढ़ गया है।"

                                          JANUARY 10, 2024 / 12:55 PM IST

                                          PM Modi in Gujarat LIVE updates: 'भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर कर रहा काम'

                                          वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा, "भारत की आजादी के 75 साल पूरे हुए हैं और अब भारत अगले 25 वर्षों के लक्ष्य पर काम कर रहा है। जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष मनाएगा तब तक हमने भारत को विकसित बनाने का लक्ष्य रखा है। यह 25 साल का कार्यकाल भारत का अमृतकाल है... इस अमृतकाल में यह पहली वाइब्रेंट गुजरात समिट हो रही है इसलिए इसका महत्व और बढ़ गया है।"

                                            JANUARY 10, 2024 / 12:51 PM IST

                                            Pakistan News Live: पाकिस्तान की जेल में बंद है आतंकी हाफिज सईद, 78 साल की सुनाई गई है सजा

                                            मुंबई आतंकी हमले का मास्टमाइंड और प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा का सरगना आतंकवादी हाफिज सईद (Hafiz Saeed) पाकिस्तान सरकार की हिरासत में है। टेरर फंडिंग मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद वह 78 साल की सजा काट रहा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने अपडेट्स जानकारी में इस बात की पुष्टि की है। दिसंबर 2008 में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की 'अल-कायदा प्रतिबंध समिति' ने 73 वर्षीय सईद को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था।

                                              JANUARY 10, 2024 / 12:36 PM IST

                                              Vibrant Gujarat Summit LIVE: डीपी वर्ल्ड गुजरात में 3 अरब डॉलर का करेंगे निवेश

                                              मल्टीनेशनल लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड के चेयरमैन सुल्तान अहमद बिन सुलेयम ने कहा कि उनकी कंपनी गुजरात में अगले 3 सालों में 3 अरब डॉलर का निवेश करने की तैयारी में है। हम गुजरात की अर्थव्यवस्था बढ़ाने में सहयोग करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि कंपनी गुजरात में एक कंटेनर टर्मिनल का निर्माण करेगी। बिन सुलेयम ने कहा कि हमने गुजरात के साथ-साथ भारत के अन्य राज्यों में 2.5 अरब डॉलर का निवेश किया है।

                                                JANUARY 10, 2024 / 12:18 PM IST

                                                Vibrant Gujarat Summit LIVE: रिलायंस गुजरात में कार्बन फाइबर सुविधा करेगी स्थापित

                                                उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बुधवार को कहा कि उनकी कंपनी रिलायंस हजीरा में भारत की पहली तथा विश्व स्तरीय कार्बन फाइबर सुविधा स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि रिलायंस गुजरात को हरित वृद्धि में वैश्विक नेता बनाने में योगदान देगा। अंबानी ने कहा कि 2036 ओलंपिक के लिए भारत की दावेदारी के लिए रिलायंस तथा रिलायंस फाउंडेशन गुजरात में कई अन्य साझेदारों के साथ मिलकर शिक्षा, खेल और कौशल के बुनियादी ढांचे में सुधार करेंगे जो विभिन्न ओलंपिक खेलों में कल के चैंपियन को तैयार करेंगे।

                                                  JANUARY 10, 2024 / 12:18 PM IST

                                                  Vibrant Gujarat Summit LIVE: आर्सेलर मित्तल दुनिया की सबसे बड़ी स्टील बनाने की फैक्ट्री लगाएंगे

                                                  वाइब्रेंट गुजरात समिट के मौके पर अर्सेलर मित्तल के चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल ने कहा कि कंपनी साल 2029 तक गुजरात के हजीरा में दुनिया की सबसे बड़ी स्टील बनाने वाली फैक्ट्री लगाएंगे। उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री की क्षमता 2.4 करोड़ टन सालाना होगी। इसके लिए उन्होंने गुजरात सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर कर चुके हैं।

                                                    JANUARY 10, 2024 / 12:01 PM IST

                                                    Vibrant Gujarat Summit LIVE: जापान में भूकंप आने पर पीएम मोदी व्यक्त की थी संवेदना, जापान ने दिया धन्यवाद

                                                    वाइब्रेंट गुजरात समिट को जापान ने भी संबोधित किया। जापान के अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्रालय के वाइस मिनिस्टर होसाका शिन ने कहा कि मैं जापान सरकार की ओर पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने नए साल के मौके पर जापान में आए भूकंप पर अपनी संवेदना व्यक्त की थी।

                                                      JANUARY 10, 2024 / 11:48 AM IST

                                                      Vibrant Gujarat Summit LIVE: जेनरेटिव AI हमारे काम करने के तरीके को बदल देगा – शंकर त्रिवेदी

                                                      एनवीडिया ग्लोबल फील्ड (Nvidia Global Field) के शंकर त्रिवेदी ने गुजरात वाइब्रेंट समिट को संबोधित करते हुए कहा कि जेनरेटिव AI आज हमारे काम करके के तरीके, कारोबार करने के तरीके, हमारी लाइफस्टाइल को पूरी तरह से बदलने की तैयारी कर रहा है। यह ठीक वैसे ही होगा जैसे 30 साल पहले इंटरनेट की शुरुआत हुई थी। वहीं 25 साल पहले मोबाइल क्रांति आई थी। जेनरेटिव AI से भी ऐसी ही क्रांति आएगी। जेनरेटिव AI से आप सभी लोग प्रभावित हो सकते हैं।

                                                        JANUARY 10, 2024 / 11:29 AM IST

                                                        Vibrant Gujarat Summit LIVE: गुजरात में 3200 करोड़ रुपये का होगा निवेश - सुजुकी मोटर्स

                                                        सुजुकी मोटर्स के प्रेसीडेंट तोशीहिरो सुजुकी ने कहा कि कंपनी पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन इस साल के आखिरी तक लॉन्च कर देगी। इसकी लॉन्चिंग गुजरात से ही होगी। हमारी योजना इस मॉडल को न सिर्फ भारत में बेचना है, बल्कि जापान जैसे यूरोपीय देशों के बाजार में भी उतारना है। उन्होंने ये भी कहा कि कंपनी भविष्य में BEV प्रोडक्शन को बढ़ावा देने के लिए सुजुकी मोटर गुजरात में 3200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस निवेश के जरिए यहां एक चौथी प्रोडक्शन लाइन बनाई जाएगी। जिसकी उत्पादन क्षमता 2.5 लाख यूनिट सालाना होगी। इससे सुजुकी मोटर गुजरात की उत्पादन क्षमता मौजूदा समय में सालाना 7.5 लाख से बढ़कर 10 लाख यूनिट हो जाएगी।

                                                          JANUARY 10, 2024 / 11:12 AM IST

                                                          Vibrant Gujarat Summit LIVE: गुजरात में 2 लाख करोड़ से ज्यादा होगा निवेश – गौतम अदाणी

                                                          वाइब्रेंट गुजरात समिट के उद्घाटन के मौके पर अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा कि वो आत्मनिर्भर भारत को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने ग्रीन सप्लाई चेन पर जोर देते हुए कहा कि हम आत्मनिर्भर भारत के लिए ग्रीन सप्लाई चेन का विस्तार कर रहे हैं। वहीं उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अदाणी ग्रुप गुजरात में अगले 5 साल में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने की तैयारी की है।

                                                            JANUARY 10, 2024 / 10:55 AM IST

                                                            Vibrant Gujarat Summit LIVE: गुजरात वाइब्रेंट समिट पीएम मोदी की सोच है - मुकेश अंबानी

                                                            वाइब्रेंट गुजरात समिट में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी ने इकोनॉमिक ग्रोथ और डेवलपमेंट पर गुजरात के योगदान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह गुजरात में होने वाला ग्लोबल स्तर पर सबसे ज्यादा प्रतिष्ठित इनवेस्टर समिट है। दो दशकों से प्रधानमंत्री मोदी की दूरदृष्टि वाली लीडशिप ने लगातार विकास किया है। इस तरह का कोई अन्य समिट 20 सालों तक जारी नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि यह मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस समिट के सफलता की कामना की है। उन्होंने कहा कि रिलायंस ने पिछले 10 सालों में भारत भर में 12 लाख करोड़ से अधिक का निवेश किया है। इसमें से एक तिहाई से अधिक का निवेश अकेले गुजरात में किया गया है।

                                                              JANUARY 10, 2024 / 10:45 AM IST

                                                              Vibrant Gujarat Summit LIVE: UAE का राष्ट्रपति आज होंगे रवाना

                                                              संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान 9 जनवरी को भारत आ गए थे। उन्होंने पीएम मोदी के साथ रोड शो भी किया था। कुछ इमरजेंसी की वजह से राष्ट्रपति नाहयान आज भारत से रवाना हो जाएंगे। इससे पहले उन्होंने वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित किया।

                                                                JANUARY 10, 2024 / 10:39 AM IST

                                                                Vibrant Gujarat Summit LIVE: मोदी के कुशल नेतृत्व का नतीजा है – भूपेंद्र पटेल

                                                                गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल ने कहा कि मैं वाइब्रेंट गुजरात शिखर सम्मेलन में 34 भागीदार देशों और 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों का स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' का विचार दुनिया के सामने रखा है। भारत की G20 अध्यक्षता की सफलता ने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि आज गुजरात ने कारोबार और औद्योगिक क्षेत्र में अहम स्थान हासिल किया है। यह पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व का ही नतीजा है। 21 वीं सदी की शुरुआत में कई चुनौतियों से घिरे गुजरात को तत्कालीन सीएम मोदी ने गुजरात समिट के जरिए एक नई रोशनी की किरण दिखाई थी।

                                                                  JANUARY 10, 2024 / 10:19 AM IST

                                                                  Vibrant Gujarat Summit LIVE: ये है आज का प्रोग्राम

                                                                  उद्घाटन समारोह दोपहर 12.30 बजे तक चलेगा। इसमें करीब 11.45 बजे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे। इसके अलावा रिलायंस के मालिक मुकेश अबानी भी इस कार्यक्रम को संबोधित कर सकते हैं। वहीं अलग-अलग देशों के मंत्री और गवर्नर भी कार्यक्रम को संबोधित कर सकते हैं।

                                                                    JANUARY 10, 2024 / 10:13 AM IST

                                                                    Vibrant Gujarat Summit LIVE: समिट में पहुंचे पीएम मोदी

                                                                    वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच चुके हैं। उनके साथ यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेट्र फियाला, मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप जैसिंटो न्यूसी, तिमोर-लेस्ते के राष्ट्रपति जोस रामोस-होर्टा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत महात्मा मंदिर में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2024 में शामिल हुए।

                                                                      JANUARY 10, 2024 / 9:56 AM IST

                                                                      Vibrant Gujarat Summit LIVE: उद्योग जगत के कई दिग्गज होंगे शामिल

                                                                      वाइब्रेंट गुजरात समिट में गौतम अदाणी, मुकेश अंबानी, लक्ष्मी मित्तल, मंगलम बिड़ला, अनिल अग्रवाल (वेदांता ग्रुप), उदय कोटक और समीर निगम (फोनपे) समेत कई भारतीय उद्योग जगत की हस्तियां इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। वहीं इस समिट में डच कंपनियों की ओर कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

                                                                        JANUARY 10, 2024 / 9:48 AM IST

                                                                        Vibrant Gujarat Summit LIVE: पीएम मोदी आज कार्यक्रम का करेंगे उद्घाटन

                                                                        देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर में ज 10वें वाइब्रेंट गुजरात वाइब्रेंट समिट का उद्घाटन करेंगे। इस समिट में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समेत कई वैश्विक नेता भाग ले रहे हैं। इस समिट में विश्व के नेताओं और सीईओ के साथ चर्चा शामिल है। पीएम मोदी जब गुजरात के सीएम थे। तब उन्होंने इसकी शुरुआत की थी। कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से साल 2021 में इस समिट का आयोजन नहीं हो सका था। साल 2024 में इसका 10वां एडिशन है। स साल की थीम 'Gateway to the Future' रखी गई है।

                                                                          JANUARY 10, 2024 / 9:46 AM IST

                                                                          नमस्कार

                                                                          मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।