Happy New Year 2023: पूरा देश नए साल के स्वागत में जुटा हुआ है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत तमाम शहरों में जश्न का माहौल है। लोग घरों से निकलकर नए साल का जश्न धूमधाम से मना रहे हैं। इस बीच सैलानी देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच कर नए साल का स्वागत कर रहे हैं। इस बीच नए साल के पावन मौके पर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत पक्ष और विपक्ष के तमाम नेताओं ने लोगों को नए साल की बधाई दी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी नए साल की बधाई दी। लोगों के जीवन में उनके लक्ष्य प्राप्ति, समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने सबको नए साल (New Year 2023) की शुभकामनाएं दी। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "आपका 2023 शानदार हो! यह आशा, खुशी और ढेर सारी सफलता से भरा हो। सभी को अच्छे स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले।"
देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि आप सभी को नए साल की शुभकामनाएं! विदेशों में रहने वाले सभी साथी नागरिकों और भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं। वर्ष 2023 हमारे जीवन में नई प्रेरणा, लक्ष्य और उपलब्धियां लेकर आए। आइए हम देश की एकता, अखंडता और समावेशी विकास के लिए खुद को फिर से समर्पित करने का संकल्प लें। वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी देशवासियों को अपने अंदाज में नए साल की शुभकामनाएं दी हैं। राहुल गांधी ने लिखा- उम्मीद है, 2023 में हर गली, हर गांव, हर शहर में खुलेगी मोहब्बत की दुकान, सभी को नए साल की ढेर सारी शुभकामनाएं।
देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सभी को नव साल 2023 की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई। नये साल का स्वागत इस नये संकल्प के साथ करें कि हम भारत को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जायेंगे। आइए, जीवन में शांति, स्वास्थ्य, सौहार्द और खुशहाली सुनिश्चित करने के लिए हम सब मिलकर साझा प्रयास करें।