Heat Wave In UP: देश के तमाम हिस्सों में लोग प्रचंड गर्मी का सामना कर रहे हैं। तापमान बढ़ने की वजह से बहुत से लोगों की मौत होने की भी खबर आई है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अगर किसी व्यक्ति की लू से मौत होती है तो यूपी सरकार उसके परिवार को 4 लाख की सहायता राशि देगी। हालांकि मृत व्यक्ति का पोस्टमार्टम कराना अनिवार्य है। बता दें कि देश के कई हिस्सों में इस वक्त पारा 50 डिग्री के पार पहुंच गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने के कारण आमजन, पशुधन तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही सीएम योगी ने कहा कि राहत आयुक्त कार्यालय मौसम पूर्वानुमान का दैनिक बुलेटिन जारी करे और गांव हो या शहर, कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती न की जाए।
यूपी सरकार ने कहा है कि अगर की किसी व्यक्ति की मौत लू से होती है तो इसको लेकर मृतक के परिजनों को इलाके के SDM, तहसीलदार, लेखपाल को मृत व्यक्ति की सूजना देनी होगी। इसके साथ ही मृत व्यक्ति के शव का पोस्टमार्टम भी कराना होगा। राजस्व विभाग पोस्टमार्टम कराने के बाद इसकी रिपोर्ट जिले के जिलाधिकारी को भेजेगा। राजस्व विभाग द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन संबंधित राशि जारी करेगा।
शाहजहांपुर में बच्चे समेत तीन की मौत
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिला। शाहजहांपुर में आंधी की चपेट में आने से एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। उधर, कौशांबी जिले में दो लोगों की लू लगने से मौत होने की आशंका जताई गई है। शाहजहांपुर के SP अशोक कुमार मीणा ने पीटीआई को बताया कि पुवाया थाना क्षेत्र के सतना बुजुर्ग गांव में गुरुवार शाम को तेज आंधी के दौरान खेतों में काम कर रहे लोग श्मशान के पास पड़े टीन शेड के नीचे खड़े हो गए।
उन्होंने बताया कि काफी तेज हवा होने के कारण टीन शेड के साथ ही दीवार भी भरभरा कर गिर गई, जिसके चलते मनीष, इंद्रेश तथा सूरज नीचे दब गए तथा मनीष (15) की मौके पर ही मौत हो गई। मीणा ने बताया कि घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां सूरज (9) तथा इंद्रेश (37) की इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह मौत हो गई। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी।
लखीमपुर में गुरुवार रात से ही सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा, क्योंकि तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि के कारण पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे बिजली विभाग को भारी नुकसान हुआ। शहर में लखीमपुर-सिकंदराबाद राजमार्ग, लखीमपुर-सीतापुर राज्य राजमार्ग, लखीमपुर-गोला राज्य राजमार्ग, जिला कलेक्ट्रेट रोड, जेल रोड गांधी विद्यालय चौराहे समेत कई व्यस्त सड़कों और राजमार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
लखीमपुर, गोला, बांकेगंज, फरधान, बेहजम, खीरी टाउन इलाकों में कई जगहों पर बिजली के खंभे और पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। शहर में मार्ग साफ करने में कर्मियों को कई घंटे लग गए। तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। शुक्रवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी। बिजली आपूर्ति विभाग के सूत्रों ने बताया कि यह बताना मुश्किल है कि बिजली आपूर्ति कब सामान्य होगी।
जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने मौसम विभाग का 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए चेतावनी दी थी कि खीरी और पड़ोसी हरदोई और शाहजहांपुर जिलों में अगले तीन घंटे में ओलावृष्टि की संभावना है। कौशांबी से मिली खबर के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान जिले में दो लोगों की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने लू लगने की आशंका जताते हुए कहा कि स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉक्टर सुष्पेंद्र कुमार ने आज बताया कि कौशांबी जिले में गर्मी चरम पर है। बृहस्पतिवार को जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के लालापुर गांव निवासी राममिलन (35) तथा कड़ा धाम थाना क्षेत्र के निजाम का पूरा गांव निवासी सारिका बानो (70) की तबीयत अचानक खराब हो गई और परिजन उन्हें जिला अस्पताल में इलाज हेतु ले आए, जहां इलाज के दौरान आधे घंटे के अंदर दोनों ने दम तोड़ दिया। सीएमओ ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।