देश के कई राज्यों में सर्दी की विदाई होते ही गर्मी ने अब अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-NCR, राजस्थान और गुजरात समेत कई राज्यों में फरवरी महीने में ही गर्मी का अहसास होने लगा है और लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। इस बीच, इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने गुजरात के कोंकण और कच्छ क्षेत्रों में अगले दो दिनों के लिए लू की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी पंजाब के पठानकोट क्षेत्र में दो से तीन दिनों में हल्की बारिश होने की आशंका है।
IMD ने पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम एजेंसी बताया है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कई राज्यों पर पड़ने वाला है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश सहित उत्तरी पंजाब के पठानकोट इलाके में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरा छाया रह सकता है। IMD वैज्ञानिक डॉ नरेश ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने के बाद पश्चिमी हिमालय क्षेत्र, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मौसम को प्रभावित करेगा।
राजधानी दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। साथ ही 0दो साल में फरवरी का सर्वाधिक तापमान है। IMD के अनुसार, न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए सामान्य है। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बाड़मेर में पारा 37 डिग्री के पार
राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर में पारा 37 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया है। IMD के अनुसार, उत्तरी अरब सागर एवं आसपास के गुजरात क्षेत्र के ऊपर एक प्रति चक्रवाती तंत्र विकसित होने से पिछले दिनों में राज्य में तापमान अचानक बढ़ा है।
मौसम केंद्र जयपुर के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान सीमावर्ती बाड़मेर में 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 8.8 डिग्री अधिक है। वहीं बीकानेर में यह 36.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी तरह अधिकतम तापमान जोधपुर में 36.5 डिग्री, फलौदी में 36.2 डिग्री, जैसलमेर में 35.5 डिग्री, डूंगरपुर में 35 डिग्री व चुरू में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।