Heatwave: लू की चपेट में भारत का 90% हिस्सा, दिल्ली वालों के लिए हालात बेहद खतरनाक, स्टडी में दावा

Heatwave: देश के कई इलाकों में इन दिनों लोग गर्मी की मार झेल रहे हैं। कई राज्यों में मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी कर दिया है। इस बीच एक स्टडी में कहा गया है कि देश का 90 फीसदी से ज्यादा हिस्सा लू की चपेट में हैं। वहीं देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली डेंजर जोन में है। यह स्टडी कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में की गई है

अपडेटेड Apr 20, 2023 पर 11:45 AM
देश के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है

Heatwave: देश भर में आसमान से आग बरस रही है। इससे तापमान चीते की रफ्तार से बढ़ रहा है। गर्मी का असर कुछ ऐसा होने लगा है कि लोगों में अभी से ही हीटस्ट्रोक के मामले सामने आने लगे हैं। जलवायु परिवर्तन (climate change) के चलते भारत का 90 फीसदी हिस्सा लू की चपेट में आ गया है। एक नई स्टडी के मुताबिक, देश में इन दिनों लोग चिलचिलाती गर्मी से जूझ रहे है। देश के 48 से ज्यादा मौसम केंद्रों (meteorological stations) में 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। ओडिशा सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां का तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी दिल्ली में हीटवेव से हालात बेहद खतरनाक बने हुए हैं।

कैंब्रिज यूनिवर्सिटी (University of Cambridge) में हुए एक रिसर्च में निकल कर आया है कि भारत में गर्मी लगातार नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ती नजर आ रही है। जिसके चलते भारत के कई राज्य भीषण गर्मी का शिकार हो सकते हैं। यह गर्मी सरकार के अनुमान से ज्यादा हो सकती है।

देश की 80 फीसदी आबादी को खतरा


इस स्टडी में कहा गया है कि भारत में लगातार गर्मी बढ़ रही है। जिसके चलते देश की 80 फीसदी आबादी खतरे में है। अगर इस समस्या के निपटने के लिए तत्काल कोई उपाय नहीं किए गए तो भारत को टिकाऊ विकास (sustainable development) लक्ष्य हासिल करने में मुश्किल होगी। उसकी ग्रोथ रेट भी सुस्त पड़ सकती है। बता दें कि भारत में मौसम बदलाव के खतरे को CVI इंडेक्स के जरिए मापा जाता है। इस इंडेक्स का विकास विज्ञान और टेक्नोलॉजी विभाग (department of science and technology -DST) ने किया है। इस इंडेक्स के मुताबिक, देश का 20 फीसदी हिस्सा क्लाइमेट चेंज को लेकर बहुत ज्यादा संवेदनशील स्थिति में है।

Heat Stroke: लू के थपेड़ों से बचने के लिए BMC ने जारी की गाइडलाइंस, जानिए क्या करें क्या नहीं

देश का 90 फीसदी हिस्सा डेंजर जोन में

वहीं हीट इंडेक्स के मुताबिक, भारत का 90 फीसदी हिस्सा मौसम बदलाव के नजरिए से खतरे वाले जोन में है। पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में तापमान की असमान्यता 6-7 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गई है। हालांकि इन राज्यों को climate vulnerability के आधार पर कम खतरे वाली कैटेगरी में रखा गया है। लेकिन हीटवेव के चलते इन राज्यों में भारी जोखिम है।

हीटवेव से होने वाली मौत के आंकड़े

मिनिस्ट्री ऑफ अर्थ साइंस के पूर्व सचिव एम राजीवन के अनुसार हीटवेव भारत में बीते 50 सालों में 17,000 लोगों की मौत का कारण बनी है। साल 2021 में पब्लिश एक पेपर में कहा गया था कि 1971 से लेकर 2019 तक देश में हीटवेव से 706 लोगों की जान गई है। वहीं, नवी मुंबई में हाल ही में महाराष्ट्र सरकार के एक पुरस्कार समारोह में हीटस्ट्रोक से 13 लोगों की मौत हो गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।