Himachal Weather: हिमाचल में आसमानी आफत! बारिश से 109 सड़कें बंद, इन जिलों में बाढ़ की चेतावनी

Himachal Pradesh Weather: मूसलाधार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में नेशनल हाईवे 707 सहित कुल 109 सड़कें बंद हो गई हैं। स्थानीय मौसम विभाग ने तीन सितंबर तक चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन, कुल्लू और किन्नौर के कुछ हिस्सों में अचानक बाढ़ आने की भविष्यवाणी की है

अपडेटेड Sep 02, 2024 पर 5:02 PM
Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में आज यानी 2 सितंबर, 2024 को तापमान 23.43 डिग्री सेल्सियस है

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में सोमवार (2 सितंबर) को मूसलाधार बारिश के कारण नेशनल हाईवे 707 सहित कुल 109 सड़कें बंद हो गईं। स्थानीय मौसम विभाग ने मंगलवार 3 सितंबर तक चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौ, सोलन, कुल्लू और किन्नौर के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम स्तर की बाढ़ का खतरा होने की चेतावनी दी है। इसके साथ मंगलवार तक राज्य के विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश, आंधी और गरज के साथ बारिश होने का 'येलो' अलर्ट भी जारी किया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) द्वारा शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, शिमला जिले के हाटकोटी और सिरमौर जिले के पांवटा साहिब के बीच नेशनल हाईवे 707 के अवरुद्ध होने के अलावा, सिरमौर में 55 सड़कें, शिमला में 23, मंडी और कांगड़ा में 10-10, कुल्लू में 9, लाहौल एवं स्पीति और ऊना जिलों में 1-1 सड़कें बंद है।

427 बिजली आपूर्ति योजनाएं भी बाधित


एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि राज्य में 427 बिजली आपूर्ति योजनाएं भी बाधित हुई हैं। इस दौरान सिरमौर, बिलासपुर और मंडी जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। जबकि रविवार शाम से पिछले 24 घंटों में राज्य के कई स्थानों पर मध्यम बारिश दर्ज की गई।

राज्य में सिरमौर जिले का नाहन सर्वाधिक बारिश वाला स्थान रहा जहां 143.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नैना देवी में 130 मिमी, पच्छाद में 83 मिमी, पावंटा साहिब में 72.6 मिमी, धौलाकुआं में 66 मिमी, कटौला में 55.1 मिमी, सुंदरनगर में 46.2 मिमी, पंडोह में 34 मिमी, चंबा में 33 मिमी, भरमौर में 32 मिमी और पालमपुर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई।

राज्य को भारी आर्थिक नुकसान

हिमाचल प्रदेश में 27 जून को मॉनसून के आगमन के बाद से अब तक बारिश में 23 प्रतिशत की कमी आई है। राज्य में 623.9 मिमी औसत के मुकाबले 482.1 मिमी वर्षा हुई है। अधिकारियों ने बताया कि बारिश से जुड़ी घटनाओं में 151 लोग मारे गए हैं। जबकि राज्य को 1,265 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के 12 राजस्व जिलों में से 11 में कम बारिश दर्ज की गई। केवल शिमला जिले में 10 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।

आज कैसा है मौसम?

हिमाचल प्रदेश में आज यानी 2 सितंबर, 2024 को तापमान 23.43 डिग्री सेल्सियस है। दिन का पूर्वानुमान न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 18.72 डिग्री सेल्सियस और 24.29 डिग्री सेल्सियस दर्शाता है। कल, मंगलवार, 3 सितंबर, 2024 को हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 17.94 डिग्री सेल्सियस और 24.14 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल के कई जिलों में भारी बारिश होगी। कृपया अपनी योजना तापमान और अनुमानित मौसम की स्थिति के अनुसार बनाएं।

ये भी पढ़ें- Bibhav Kumar: केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार को SC ने दी जमानत, स्वाति मालीवाल से मारपीट का है आरोप

जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के नए रूट्स पर सोमवार को भूस्खलन होने से कम से कम तीन तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजकर 35 मिनट पर भवन से तीन किमी आगे पंछी के पास भूस्खलन हुआ, जिससे ऊपरी लोहे की संरचना का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। एक महिला सहित तीन घायल तीर्थयात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।