Hajj Yatra 2023: इस साल 175,000 से अधिक भारतीय हज यात्रा पर जाने को तैयार, जानें अप्लाई करने का आसान तरीका

Hajj Yatra 2023: अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि इस साल एक लाख 75 हजार से ज्‍यादा भारतीय हज यात्रा पर जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि भारत ने सऊदी अरब के साथ हज 2023 को लेकर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौता की वजह से इस साल 1,75,025 भारतीय हज यात्रा में भाग ले सकेंगे

अपडेटेड Jan 10, 2023 पर 8:17 PM
Hajj Yatra 2023: सऊदी अरब ने 2023 में उन सभी प्रतिबंधों को हटा दिया है जो उसने दो साल पहले 2020 में कोरोना वायरस महामारी के चलते लगाए थे

Hajj Yatra 2023: सऊदी अरब (Saudi Arabia) ने इस साल हज यात्रा (Hajj Yatra 2023 Rules) पर जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या पर कोई सीमा तय नहीं करने का फैसला किया है। साथ ही हज के लिए उम्र की सीमा भी हटा दी गई है। यानी अब हर उम्र का शख्स हज यात्रा पर जा सकेगा। एक बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब ने 2023 में उन सभी प्रतिबंधों को हटा दिया है जो उसने दो साल पहले 2020 में कोरोना वायरस महामारी के चलते लगाए थे। इसका मतलब है कि हज यात्रा का आने वाला सीजन महामारी से पहले जैसा होगा।

सऊदी के हज और उमरा मंत्रालय ने 9 जनवरी को ट्विटर पर यह घोषणा करते हुए कहा, '1444H में हज तीर्थयात्रियों की संख्या आयु प्रतिबंधों के बिना कोरोना महामारी से पहले जैसी स्थिति में आ जाएगी।' 2019 में दुनियाभर के करीब 25 लाख लोगों ने हज यात्रा की थी। इसके बाद अगले दो वर्षों में कोरोना महामारी के कारण संख्या में भारी कमी आई।

2022 में लगभग 900,000 तीर्थयात्रियों (जिनमें विदेश से लगभग 780,000 शामिल थे) का इस्लाम के सबसे पवित्र शहरों मक्का और मदीना में स्वागत किया गया। कोरोना काल में केवल वही लोग हज कर सकते थे, जो सऊदी अरब के मूल निवासी हों और जिनकी उम्र 20 से 50 साल के बीच हो। अब सऊदी ने सभी प्रतिबंधों को हटा दिया है।


1 लाख 75 हजार भारतीय हज यात्रा पर जाएंगे

अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि इस साल एक लाख 75 हजार से ज्‍यादा भारतीय हज यात्रा पर जाएंगे। उन्‍होंने कहा कि भारत ने सऊदी अरब के साथ हज 2023 को लेकर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। एक ट्वीट में ईरानी ने कहा कि पिछले दो महीने में उनके मंत्रालय ने सभी पक्षों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी हज नीति 2023 की घोषणा अगले कुछ दिनों में करेगा।

ईरानी ने भारत का हज कोटा बढाकर 1,75,025 किए जाने पर सऊदी अरब का आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार इस साल की सफल हज यात्रा के लिए अपना पूरा सहयोग देगी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन अप्लाई के लिए हज कमेटी का पोर्टल खुला रहेगा।

ये भी पढ़ें- Hajj Saudi Arabia: सऊदी अरब ने हज तीर्थयात्रियों की संख्या पर लगा प्रतिबंध हटाया, आयु सीमा की पाबंदी भी खत्म की

बता दें कि भारत ने 2023 में हज यात्रा के लिए सऊदी अरब के साथ एक वार्षिक समझौता किया है। समझौता की वजह से इस साल 1,75,025 भारतीय हज यात्रा में भाग ले सकेंगे। इसमें भारतीय हज मिशन और भारत के निजी समूहों के लिए स्लॉट शामिल हैं। पिछले साल कोविड-19 प्रतिबंधों के कारण केवल 79,237 भारतीयों को तीर्थ यात्रा की अनुमति दी गई थी। जबकि 2020 में यह 1.24 लाख थी। 2019 से पहले यह संख्या 1.4 लाख थी।

इन नियमों का करना होगा पालन

- लोग हज करने के लिए तब तक नहीं जा सकते जब तक कि उनके पास तीर्थयात्रा की वीजा न हो।

- सऊदी अरब के मंत्रालय ने पिछले हफ्ते घोषणा की थी कि उसने सऊदी में रहने वाले तीर्थयात्रियों के लिए 2023 में हज के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है, जिसमें पैकेज की कीमत 3,984 रियाल ($1,062) से शुरू होगी।

- घरेलू तीर्थयात्रियों (अरब के निवासियों) के पास हज पैकेज की लागत का भुगतान तीन किस्तों में करने का विकल्प है।

- मंत्रालय ने कहा कि संभावित तीर्थयात्री अपनी जगह आरक्षित करने के लिए कुल लागत का 20 प्रतिशत आंशिक भुगतान कर सकते हैं। डाउन पेमेंट रजिस्ट्रेशन डेट के 72 घंटों के भीतर किया जाना चाहिए।

- दूसरी और तीसरी किस्त प्रत्येक लागत का 40 प्रतिशत होगी। समय पर भुगतान किए जाने पर तीर्थयात्री की हज स्थिति "पुष्टि" हो जाएगी। भुगतान पूरा नहीं होने पर आरक्षण रद्द कर दिया जाएगा।

भारतीय कैसे करे अप्लाई?

hajcommittee.gov.in के अनुसार, आपको हज यात्रा के लिए अप्लाई करने के लिए केवल एक कंप्यूटर या इंटरनेट कनेक्शन वाला एक स्मार्टफोन, एक वैध मोबाइल फोन नंबर और एक वैध ईमेल आईडी चाहिए।

स्टेप 1: हज एप्लीकेशन के लिए नया रजिस्ट्रेशन करना होगा।

चरण 2: फिर हज एप्लीकेशन फॉर्म भरें।

चरण 3: फोटो और डाक्यूमेंट्स अपलोड करें।

चरण 4: अब शुल्क का भुगतान करें।

चरण 5: हज एप्लीकेशन का एक प्रिंट निकालकर अपने पास रख लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।