Hajj Saudi Arabia: सऊदी अरब ने हज तीर्थयात्रियों की संख्या पर लगा प्रतिबंध हटाया, आयु सीमा की पाबंदी भी खत्म की

Hajj Saudi Arabia: हज और उमराह संबंधी मामलों के मंत्री तौफीक अल-रबियाह ने मीडिया को ये जानकारी दी है। सऊदी के नए ऐलान के बाद इस साल तीर्थयात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होने की संभावना है। मंत्री ने कहा कि इस साल तीर्थयात्रियों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी। सऊदी ने तीर्थयात्रियों के लिए आयु प्रतिबंध भी हटा दिए हैं

अपडेटेड Jan 10, 2023 पर 10:18 AM
Hajj Saudi Arabia: सऊदी अरब ने इस साल हज जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या और उम्र से जुड़ी पाबंदियों को हटा दी है

Hajj Saudi Arabia: सऊदी अरब (Saudi Arabia) ने हज तीर्थयात्रियों (Hajj pilgrims) को खुशखबरी देते हुए कई बदलावों की घोषणा की है। सऊदी अरब ने इस साल हज जाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या और उम्र से जुड़ी पाबंदियों को हटा दी है। समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, हज और उमराह संबंधी मामलों के मंत्री तौफीक अल-रबियाह (Umrah Tawfiq Al-Rabiah) ने सोमवार को मीडिया को ये जानकारी दी। सऊदी के नए ऐलान के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि होने की संभावना है।

मंत्री ने कहा कि इस साल तीर्थयात्रियों की संख्या की कोई सीमा नहीं होगी। देश (सऊदी) ने तीर्थयात्रियों के लिए आयु प्रतिबंध भी हटा दिए हैं। यानी अब कोरोना से पहले की तरह हजयात्रा होगा।

तौफीक अल-रबियाह ने कहा, "इस साल हज यात्रियों की संख्या कोरोना वायरस (COVID-19) से पहले के समय जितनी रहेगी। हज आने वालों के लिए उम्र की भी कोई पाबंदी नहीं होगी।" हज हर साल होने वाला इस्लामिक धार्मिक आयोजन है, जो इस साल जून महीने में होगा।


अधिकारियों ने संकेत दिया है कि रजिस्ट्रेशन प्राथमिकता उन लोगों को दी जाएगी जिन्होंने पहले तीर्थ यात्रा नहीं की है। तीर्थयात्रा इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है। हज यात्रा कम से कम एक बार उन सभी मुसलमानों द्वारा की जानी चाहिए जिनके पास साधन हैं।

ये भी पढ़ें- Union Budget 2023: इकोनॉमिस्ट्स, एक्सपर्ट्स के साथ 13 जनवरी को बजट पर चर्चा करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी

माना जाता है कि लगभग 2.5 मिलियन लोगों ने 2019 में हज तीर्थ यात्रा की थी। पिछले दो वर्षों में COVID-19 महामारी के कारण संख्या में काफी कमी आई है। 2022 में सऊदी अरब ने 18 और 65 वर्ष की आयु के बीच लगभग 10 लाख विदेशी तीर्थयात्रियों की एंट्री को प्रतिबंधित कर दिया था।

गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2019 में करीब 25 लाख लोगों ने हज किया था। हालांकि, इसके बाद के दो सालों में कोरोना वायरस महामारी की वजह से हज यात्रियों की संख्या सीमित कर दी गई थी। इस दौरान केवल 65 साल तक के लोग ही हज यात्रा पर जा सकते थे। साल 2022 में करीब 9 लाख तीर्थ यात्री हज करने पहुंचे थे, जिनमें से 7 लाख 80 हजार विदेशी थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।