IMD Rain Alert: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम भारत में इस महीने यानी फरवरी में सामान्य बारिश (Rains) होने की आशंका है, जबकि क्षेत्र में शीतलहर चलने की संभावना कम है। IMD ने कहा कि पूर्वोत्तर और इससे सटे पूर्वी हिस्से को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
IMD के महानिदेशक एम. माहपात्रा ने कहा कि फरवरी के दौरान प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। महानिदेशक ने एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में इस साल फरवरी की बारिश का औसत सामान्य रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि फरवरी में शीतलहर चलने की संभावना भी बेहद कम है।
उन्होंने कहा कि पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्व-मध्य भारत और उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। माहपात्रा ने कहा कि पूर्वानुमान है कि फरवरी के दौरान, प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
भारी बारिश के कारण तमिलनाडु में स्कूल-कॉलेज बंद
इस बीच, तमिलनाडु के नागापट्टिनम और तिरुवरूर जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण स्कूल और कॉलेज आज गुरुवार को बंद रहेंगे। जिला मजिस्ट्रेट ने बुधवार को यह आदेश जारी किया। IMD ने कहा कि जनवरी में देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हुई। वहीं, पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से अधिक बारिश हुई। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्द हवाएं चलने की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
दिल्ली में अधिकतम पारा 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम था। हालांकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस वक्त के मौसम के हिसाब से सामान्य है। IMD के अधिकारियों ने गुरुवार को आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है, जबकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 9 और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।