पाकिस्तान में इमरान खान की सरकार में मंत्री रहे शेख राशिद अहमद (Sheikh Rashid Ahmed) को गिरफ्तार कर लिया गया है। जियो टीवी ने बताया कि पाकिस्तान के पूर्व आंतरिक मंत्री और अवामी मुस्लिम लीग (AML) के प्रमुख शेख राशिद अहमद को गुरुवार तड़के मुर्री एक्सप्रेसवे से गिरफ्तार किया गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस ने कहा कि शेख राशिद के कब्जे से शराब की एक बोतल और एक हथियार बरामद किया गया है। पुलिस के बयान में कहा गया है कि मंत्री नशे में थे। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी गिरफ्तारी गुरुवार (2 फरवरी 2023) तड़के हुई।
बता दें कि शेख राशिद अहमद अवामी मुस्लिम लीग (AML) के मुखिया हैं। AML पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की प्रमुख सहयोगी दल है। पाकिस्तान के पूर्व मंत्री और इमरान खान के बेहद करीबी फवाद चौधरी (Fawad Chaudhry) की गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद शेख अहमद को गिरफ्तार किया गया है।
इमरान खान की पार्टी PTI ने एक वीडियो ट्वीट किया है जिसमें शेख राशिद सत्ताधारी पार्टी और पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं। वे कह रहे हैं कि उनके घर के दरवाजों को तोड़ा गया और नौकरों को मारपीट गई गई। साथ ही पुलिस पर जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने का आरोप लगाया है।
वहीं, अहमद की ओर से एक प्रवक्ता ने एक वीडियो संदेश में कहा, "लगभग 12.30 बजे शेख राशिद अहमद को पंजाब प्रांत में उनके निवास से गिरफ्तार किया गया। इस्लामाबाद पुलिस के लगभग 300-400 लोग मंत्री के घर में घुस गए और घर की खिड़कियां तोड़ दीं। उनके साथ मारपीट की। फिर उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया। मैं पीटीआई कार्यकर्ताओं से आज सुबह 7.30 बजे अदालत पहुंचने का अनुरोध करता हूं।"
मंत्री ने ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसका कैप्शन है, "आपारा पुलिस स्टेशन में"। रिपोर्टों में कहा गया है कि एएमएल प्रमुख को इस्लामाबाद पुलिस को सौंप दिया जाएगा। अहमद ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें उनके आवास से हिरासत में लिया न कि एक्सप्रेसवे से।
जियो टीवी ने शेख राशिद के हवाले से कहा, "पुलिस ने मेरे बच्चों की पिटाई की। कम से कम 100 से 200 हथियारबंद लोग सीढ़ी के सहारे मेरे घर में घुस आए, घर के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं, उनके नौकरों को पीटा और मेरे घर की तलाशी ली।"
उन्होंने दावा किया कि उन्हें पुलिस द्वारा जबरन ले जाया गया और उनकी गिरफ्तारी के पीछे वर्तमान आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह की भूमिका का आरोप लगाया। रिपोर्ट में कहा गया है कि मियां ताहिर की अदालत से जमानत मिलने के बावजूद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने ट्वीट कर अपने करीबी सहयोगी की गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि वह श्री रशीद की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने पहले कभी ऐसी पक्षपाती, प्रतिशोधी सरकार नहीं देखी। हमें सड़क पर उतर आंदोलन को मजूबर किया जा रहा है। लेकिन सवाल यह है कि जब देश दिवालिया हो चुका है क्या वह ऐसा कोई आंदोलन झेल सकता है।
अहमद कथित तौर पर एक मामले में दर्ज शिकायत को लेकर नोटिस जारी होने के बाद भी आबपारा पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। जब वह सोमवार और मंगलवार को पेश नहीं हुए, तो पुलिस ने उन्हें बुधवार को फिर से पेश होने के लिए कहा। पुलिस ने कहा कि पूर्व मंत्री पुलिस के साथ जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे, जिस वजह से उन्हें गिरफ्तार करना पड़ा है।