IMD Rainfall Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में झमाझम बारिश (Delhi Rains) हो रही है। दिल्ली के कुछ स्थानों पर हवाओं के साथ हल्की बारिश हो रही है। दिल्ली में बुधवार को हुई बारिश के बाद तापमान में कुछ गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से मामूली राहत भी मिली। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज से लेकर 17 सितंबर तक दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में आज से अगले दो दिन हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी है कि महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश होगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में बारिश की वजह से मौसम सुहावना बना हुआ है।
मुंबई में रातभर हुई भारी बारिश के कारण कुछ निचली जगहों पर जलजमाव हो गया। हालांकि बुधवार सुबह बारिश धीमी होने के साथ ही पानी निकल गया। निकाय अधिकारियों ने बताया कि शहर में ट्रेनें और बस सामान्य रूप से चल रही हैं। शहर के कुछ हिस्सों में सुबह आसमान साफ रहा और कुछ देर के लिए धूप दिखी।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान मुंबई और उपनगरीय क्षेत्रों में आसमान साफ रहने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कहा कि कुछ इलाकों में भारी से बेहद भारी बारिश होने का अनुमान है।
इन राज्यों में बारिश चेतावनी
- मौसम विभाग के मुताबिक, 14 से 16 सितंबर के दौरान उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में, जबकि 14 सितंबर, 2022 को पश्चिमी मध्य प्रदेश में गरज एवं बिजली गिरने के साथ बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। IMD के अनुसार, 17 सितंबर को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
- IMD द्वारा जारी ताजा अलर्ट के मुताबिक, 14 और 15 सितंबर को पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में, 15 और 16 सितंबर को उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश में और 18 सितंबर को उत्तराखंड एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है।
- इसके अलावा 14 और 15 सितंबर को हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में, 16 और 17 सितंबर, 2022 को हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। 14 और 15 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
- IMD अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि 14 सितंबर को झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में, 14 और 15 सितंबर को सौराष्ट्र और कच्छ में, 15 और 16 सितंबर को बिहार में गरज के साथ छिटपुट भारी बारिश के साथ मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
- मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 14 से 16 सितंबर के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गुजरात में बारिश होगी। वहीं, 14 और 18 सितंबर को ओडिशा में, 18 सितंबर को छत्तीसगढ़ में और 14 यानी आज रात से लेकर 17 सितंबर तक मध्य महाराष्ट्र और गोवा में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
- कल यानी 15 सितंबर को गुजरात में और 14-16 सितंबर के दौरान मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा केमें बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
- 16 तारीख को अरुणाचल प्रदेश में और 14 से 16 सितंबर, 2022 के दौरान असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
- मौसम विभाग ने अपने बयान में कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है।