Monsoon 2024: अगले 5 दिनों में केरल में दस्तक देगा मानसून, 29 मई तक दिल्ली में जारी रहेगी भीषण गर्मी

Monsoon 2024: महाराष्ट्र के अकोला में लू की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी अजीत कुंभार ने 31 मई तक धारा 144 लागू कर दी है। IMD द्वारा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है

अपडेटेड May 27, 2024 पर 5:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
IMD Weather Forecast: देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है

IMD Weather Forecast: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने सोमवार (27 मई) को एक बयान में बताया कि अगले पांच दिनों में केरल में मानसून के आगमन के लिए मौसम की स्थिति अनुकूल हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 29 मई तक प्रचंड गर्मी का कहर जारी रहेगा। IMD ने केरल में 29 मई तक भारी बारिश जारी रहने की भविष्यवाणी की है। वहीं, पथानामथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम और एर्नाकुलम जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। बता दें कि देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है। रविवार को 37 शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

महाराष्ट्र के अकोला में लू की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी अजीत कुंभार ने 31 मई तक धारा 144 लागू कर दी। IMD द्वारा राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश और गुजरात के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया गया। राजस्थान का फलौदी लगातार दूसरे दिन देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले शहर का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

इस सप्ताह के लिए IMD का फोरकास्ट जारी


- केरल और माहे, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 से 31 मई तक गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ व्यापक रूप से बारिश होने की संभावना है।

- तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में 27 मई को गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

- गुजरात में 27 और 28 मई को तेज सतही हवाएं (25-35 किमी प्रति घंटे) चलने की आशंका है।

- उत्तराखंड में 27 से 31 मई तक गरज, बिजली और तेज हवाओं (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश की संभावना है।

- 30-31 मई को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में भी इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है।

हीटवेव की चेतावनी (Heat wave warning)

- IMD के अनुसार, राजस्थान में 27से 29 मई तक व्यापक रूप से भीषण हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी, जिसके बाद धीरे-धीरे इसमें कमी आएगी।

- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली 27 से 29 मई तक भीषण हीट वेव से प्रभावित रहेंगे।

- पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 27 से 29 मई तक भीषण हीट वेव की स्थिति रहेगी।

- पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले 3 दिनों तक हीटवेव की स्थिति रहने की उम्मीद है, जिसके बाद इसमें कमी आने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।