Indian Railway: रेलवे की बढ़ी कमाई, सीन‍ियर स‍िटीजंस के क‍िराये पर आया यह बड़ा अपडेट

Indian Railway: पिछले साल के मुकाबले इस साल रेलवे की कमाई में इजाफा हुआ है। अप्रैल से दिसंबर 2022 के दौरान रेलवे को 48,913 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। पिछले साल के मुकाबले इसी अवधि में 71 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले साल इसी अवधि में रेलवे को 28569 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी

अपडेटेड Jan 04, 2023 पर 12:12 PM
रेलवे की बढ़ती आमदनी के बाद सीनियर सिटीजंस की ओर से किराए में छूट देने की मांग उठ रही है

Indian Railway: भारतीय रेलवे में इन दिनों काफी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। यात्रियों के लिए कई तरह की नई सविधाओं की पहल की जा रही है। इस बीच रेल मंत्रालय से मिले आंकड़ों के मुताबिक, रेलवे की कमाई में इजाफा हुआ है। भारतीय रेलवे ने चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर तक करीब 9 महीनों में बंपर कमाई की है। रेलवे ने अप्रैल से दिसंबर 2022 के दौरान यात्री किराए से 48,913 करोड़ रुपये की कमाई की है। रेलवे की इस कमाई में पिछले साल के मुकाबले 71 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले साल इसी अवधि में रेलवे को 28569 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।

वहीं र‍िजर्व पैसेंजर सेग्‍मेंट में यात्रियों की संख्‍या 1 अप्रैल से 31 द‍िसंबर 2022 के दौरान 56.05 करोड़ के मुकाबले 59.61 करोड़ रही। पिछले साल के मुकाबले यह 6 फीसदी ज्यादा है।

यात्रियों की बुकिंग की संख्या बढ़ी


अनारक्षित यात्री सेगमेंट (Unreserved passenger segment) में, 1 अप्रैल से 31 दिसंबर 2022 के दौरान दौरान बुक किए गए यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान 40197 लाख टिकट बुक हुए हैं। जबकि इसी दौरान पिछले साल 16968 लाख टिकट बुक हुए थे। इसमें 137 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं इसी इस सेग्‍मेंट में इस साल 10430 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। जबकि पिछले साल इसी अवधि में 2169 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।इसमें 381 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया है।

माल ढुलाई में सुधार

इसके साथ ही वित्त वर्ष 2022-23 के पहले 9 महीनों के दौरान रेलवे की माल ढुलाई में भी इजाफा हुआ है। अप्रैल से दिसंबर 2022 के दौरान 11039.38 मीट्रिक टन माल ढुलाई की गई। वहीं इसी अवधि में पिछले साल 1029.96 मीट्रिक टन माल ढुलाई हुई थी। इस तरह से पिछले साल के मुकाबले इस साल 8 फीसदी का सुधार देखने को मिला है।

Indian Railways: बिना टिकट यात्रियों से रेलवे की बंपर कमाई, पुणे में चेकिंग के दौरान रेलवे ने वसूले 1.38 करोड़ रुपये

सीनियर सिटीजंस की बढ़ी उम्मीदें

रेलवे की बढ़ती कमाई को देखते हुए सीनियर सिटीजंस की भी उम्मीदें बढ़ गईं हैं। सीनियर सिटीजंस को को किराए में छूट मिलती है। यह छूट कोरोना काल से बंद है। सीनियर सिटीजंस की ओर से किराए में छूट देने की फिर मांग की जा रही है। वहीं इस मामले में रेल मंत्री अश्‍व‍िनी वैष्‍णव ने कहा था कि रेलवे की तरफ से पहले ही क‍िराये पर 55 फीसदी की सब्‍स‍िडी दी जा रही है। फिलहाल रेलवे की बढ़ती कमाई के बीच अब यह देखना होगा कि सरकार सीनियर सिटीजंस की बात मानती है या फिर ऐसे ही व्यवस्था जारी रहेगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।