Yoga Day: बारिश के बीच अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दिखा भारी उत्साह, जेपी नड्डा से लेकर स्मृति ईरानी तक ने लगाए आसन

International Yoga Day 2023: दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा और फरीदाबाद सहित देश के कई हिस्सों में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के बीच आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम भी है। हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। सुहावने मौसम के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग किया, तो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी नोएडा में आसन करती नजर आईं

अपडेटेड Jun 21, 2023 पर 11:24 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है

International Yoga Day 2023: दिल्ली, गुड़गांव, नोएडा, फरीदाबाद सहित देश के कई हिस्सों में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के बीच आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की धूम भी है। पहली बार 21 जून 2015 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था। इसके बाद हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। सुहावने मौसम के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग किया, तो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी नोएडा में आसन करती नजर आईं।

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने भी योग दिवस के अवसर पर राजधानी में योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "योग हमारे देश की परंपरा है। यह देश के लिए बहुत गर्व की बात है कि आज दुनिया के 192 देश योग कार्यक्रम कर रहे हैं, दुनिया हमारे देश की परंपरा को अपना रही है।"

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा में योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 20 हजार से भी ज्यादा लोगों ने आज यहां योग किया। निश्चित रूप से हम उत्तराखंड को योग और संस्कृति के क्षेत्र में विकसित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।


केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिल्ली में ही योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया में योग के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। दुनिया में कहीं भी योग होता है तो योग करने वाले लोगों के मन में हिंदूस्तान का नाम आता है क्योंकि यह हमारी विरासत है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सैकड़ों लोगों के साथ दिल्ली में योग अभ्यास किया। इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने INS विक्रांत पर योग किया। उन्होंने कहा कि आज सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। एक राष्ट्र, एक संस्कृति के रूप में यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि विश्व अब हमारी संस्कृति को स्वीकार कर रहा है और इसे अपना रहा है।

ये भी पढ़ें- Yoga Day 2023: देशभर में ऐसे मनाया जा रहा है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, सियाचिन के बर्फीले पहाड़ों से लेकर समंदर से आईं तस्वीरें सामने

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर के यशवंत स्टेडियम में योग किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर नोएडा इंडोर स्टेडियम में योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी आर्थिक संभावनाओं के पुनरुत्थान को देखना सभी भारतीयों के लिए न सिर्फ गर्व की बात है, बल्कि भारत का अब सांस्कृतिक रूप से दुनिया भर में प्रभाव भी है।

9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर स्थित दिग्विजय नाथ सभागार में योग किया। इस दौरान उनके साथ गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। योग से पहले उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित किया और प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन को भी सुना।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।