सुप्रीम कोर्ट (SC) के वकील और दिल्ली BJP के पूर्व प्रवक्ता अश्विनी उपाध्याय (Ashwini Upadhyay) सहित छह लोगों को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने रविवार को जंतर-मंतर पर भड़काऊ और मुस्लिम विरोधी नारे लगाने में उनकी कथित भूमिका के लिए हिरासत में लिया है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उपाध्याय के अलावा हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान दीपक सिंह हिंदू, विनीत क्रांति, प्रीत सिंह, दीपक और सुदर्शन वाहिनी के मुखिया विनोद शर्मा के रूप में हुई है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "देर रात के ऑपरेशन में इन सभी को हिरासत में लिया गया है और अब इनकी गिरफ्तारी से पहले कानूनी दस्तावेजों का काम चल रहा है। उपाध्याय तड़के करीब 3 बजे कनॉट प्लेस थाने पहुंचे और जांच में शामिल हुए।"
उपाध्याय ने "कोलोनियल-युग के कानूनों" के खिलाफ विरोध मार्च का आह्वान किया था और रैली में सैकड़ों लोग मौजूद थे। घटना के कथित वीडियो में इन लोगों को मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नारेबाजी करते देखे गया।
पुलिस ने घटना के फुटेज के आधार पर हिरासत में लिए गए सभी लोगों की पहचान की। दीपक सिंह हिंदू, जो हिंदू सेना नाम के एक संगठन के अध्यक्ष होने का दावा करता है, उसे पूर्वोत्तर दिल्ली के करावल नगर में उसके घर से हिरासत में लिया गया था। दीपक के घर के बाहर एक टीम तैनात थी और घर लौटने पर उसे लगभग 12.40 बजे उठा लिया गया था।
अखबार ने पहले अपनी रिपोर्ट में बताया था कि जंतर-मंतर पर हुई इस रैली के लिए पुलिस की अनुमति भी नहीं ली गई थी।