Jharkhand Floor Test: झारखंड विधानसभा में चंपई सरकार ने बहुमत हालिस कर लिया है। मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पक्ष में 47 वोट पड़े, जबकि विश्वास मत के विरोध में 29 वोट पड़े। भारतीय जनता पार्टी के लिए यह बड़ा झटका है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार ने 47 विधायकों के समर्थन के बाद फ्लोर टेस्ट जीत लिया है। चंपई सोरेन के विपक्ष में 29 विधायक रहे।
गठबंधन ने पिछले सप्ताह एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि उसे 43 विधायकों का समर्थन प्राप्त है। झारखंड विधानसभा में JMM-कांग्रेस-RJD गठबंधन के 47 विधायक हैं और इसे सीपीआईएमएल (एल) (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी- लिबरेशन) के एक विधायक का बाहर से समर्थन प्राप्त है। सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों ने रविवार शाम हैदराबाद से रांची लौटने के तुरंत बाद विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने का भरोसा जताया।
बीजेपी के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा था कि गठबंधन सरकार सोमवार को विश्वास मत हासिल नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि हैदराबाद में विधायकों को कड़ी निगरानी में रखा गया था, जिससे पता चलता है कि उन्हें जीत का भरोसा नहीं है।
सत्तारूढ़ गठबंधन को आशंका थी कि बीजेपी उनके विधायकों की खरीद-फरोख्त का प्रयास कर सकती है, ऐसे में दो फरवरी को दो उड़ानों से करीब 38 विधायक कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद चले गये थे।
प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पिछले सप्ताह 31 जनवरी गिरफ्तार किए जाने के बाद झामुमो विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने दो फरवरी को झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
PMLA से संबंधित मामलों की सुनवाई वाली एक विशेष अदालत ने हेमंत सोरेन को विश्वास मत प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति दे दी है। अदालत ने दो फरवरी को हेमंत सोरेन को पांच दिन के लिए ED की हिरासत में भेज दिया था।