पंजाब पुलिस (Punjab Police) ने शनिवार को जानकारी देते हुए कहा कि 'खालिस्तानी हमदर्द' और 'वारिस पंजाब डे' के मुखिया अमृतपाल सिंह (Amritpal Sing) के खिलाफ कार्रवाई में 78 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि अमृतपाल सिंह अभी भी फरार चल रहा है और उसे पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी चलाई जा रही है। अमृतपाल सिंह के खिलाफ चल रहे इस ऑपरेशन के बीच अफवाहों पर लगाम लगाने के तहत पंजाब सरकार ने दोपहर तक पूरे प्रदेश में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया है। गृह मंत्रालय कुछ खालिस्तानी समर्थकों की नए सिरे से गतिविधियों के मद्देनजर पंजाब में स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहा है।
अमृतपाल सिंह को घोषित किया गया भगोड़ा
जालंधर के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अमृतपाल सिंह को भगोड़ा घोषित किया गया है. उनकी दो कारों को जब्त कर लिया गया है और बंदूकधारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद 19 मार्च को दोपहर 12 बजे तक पंजाब के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। पंजाब पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील जारी की और राज्य में शांति की अपील की। उन्होंने लोगों से पुलिस के कामकाज में दखलअंदाजी न करने की भी अपील की। इस महीने की शुरुआत में, अमृतपाल सिंह के एक करीबी सहयोगी को अमृतसर हवाई अड्डे पर कथित तौर पर देश से भागने की कोशिश करने के बाद गिरफ्तार किया गया था।
पंजाब पुलिस ने गुरिंदरपाल सिंह औजला को किया था गिरफ्तार
श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने गुरिंदरपाल सिंह औजला को हिरासत में ले लिया, जो विवादास्पद कट्टरपंथी उपदेशक के लिए कथित तौर पर सोशल मीडिया को संभालते थे। अधिकारियों ने कहा कि औजला इंग्लैंड भागने की कोशिश कर रहा था। सूत्रों ने कहा कि वह लंदन के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट लेने की कोशिश कर रहा था।
24 फरवरी को पंजाब में कुछ खालिस्तानी समर्थक पुलिस से भिड़ गए थे। कुछ खालिस्तानी समर्थकों ने अजनाला के एक पुलिस स्टेशन को घेर लिया था। वे अपहरण के केस में पकड़े गए अपने एक साथी को छुड़ाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान पंजाब पुलिस के छह जवान घायल भी हो गए थे। पुलिस ने बताया कि उपद्रवी अपने साथ श्री गुरु ग्रंथ साहिब, जिसे पंजाबी में बीर भी कहते हैं उसकी एक प्रति लेकर चल रहे थे जिस वजह से भीड़ को कंट्रोल नहीं किया जा सका। के 12 दिन बाद पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह के सुरक्षाकर्मियों के नौ शस्त्र लाइसेंस रद्द करने का फैसला किया। साथ ही पुलिस ने उसके सुरक्षा गार्डों का ब्यौरा भी मांगा था।
अमृतपाल ने पिछले हफ्ते न्यूज 18 को दिया था इंटरव्यू
पिछले हफ्ते News18 को दिए गए एक इंटरव्यू के दौरान अमृतपाल सिंह ने कहा था कि मुझे लगता है कि वर्तमान सरकार इस बारे में परिपक्व रूप से सोचेगी कि वे मेरे खिलाफ क्या करेंगे। मुझे गिरफ्तार होने या मारे जाने का डर नहीं है। लेकिन वे मुझे किस आरोप में गिरफ्तार करने जा रहे हैं? अपने खिलाफ हो रही आलोचना पर सिंह ने दावा किया कि वह जहां भी जाते हैं गुरु ग्रंथ साहिब का स्वरूप लेकर चलते हैं। यह मेरे खिलाफ झूठा प्रचार था और उस दिन अजनाला में यह कोई मुद्दा भी नहीं था। पुलिस ने एक व्यक्ति को झूठे तरीके से कैद कर लिया था और उसे रिहा करना पड़ा था। फिर उन्होंने यह पूरा प्रचार शुरू किया।