Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News DECEMBER 26, 2023 / 8:14 PM IST

Today News Highlights: रक्षा मंत्री बोले- 'MV केम प्लूटो पर जिसने भी हमले किए हैं उसे समुद्र की गहराईयों से भी ढूंढ निकालेंगे'

PM Modi News Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को दिल्ली स्थित 'भारत मंडपम' में 'वीर बाल दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पिछले साल 9 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के दिन प्रधानमंत्री मोदी ने यह घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह के दोनों बेटों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत की स्‍मृति में 'वीर बाल दिवस' मनाया जाएगा। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि सिख गुरुओं ने भारतीयों को अपनी भूमि के गौरव के लिए जीना सिखाया और देश को बेहतर एवं विकसित बनाने के लिए एक प्रेरणा के रूप में कार्य किया है

Today News Live Highlights: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार ने एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमले और लाल सागर में एमवी साईबाबा जहाज पर हमले की घटना को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में वाणिज्यिक पोतों पर हुए हमलों को अंजाम देने वालों को हम समुद्र की गहराइयों से भी ढूंढकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। शनिवार को पोरबंदर से लगभग 217 समुद्री मील की

Today News Live: नौसेना प्रमुख एडमिरल ने कहा कि ड्रोन हमलों से निपटने के लिए समुद्र में 4 विध्वंसक तैनात किए गए हैं
Today News Live: नौसेना प्रमुख एडमिरल ने कहा कि ड्रोन हमलों से निपटने के लिए समुद्र में 4 विध्वंसक तैनात किए गए हैं
DECEMBER 26, 2023 / 6:35 PM IST

Latest Noida News Live: विवेक बिंद्रा हो सकते हैं गिरफ्तार! मेडिकल रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

नवविवाहिता पत्नी से मारपीट करने के आरोपों में फंसे मशहूर इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। मामूली विवाद में पत्नी से मारपीट करने के मामले में नोएडा पुलिस ने बिंद्रा की मां से संपर्क कर घटना की जानकारी ली है। पुलिस ने बताया कि यानिका की मेडिकल रिपोर्ट में उनके शरीर पर कई जगह चोट होने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच विविध पहलुओं पर की जा रही है। कपल के बीच जब विवाद हुआ था, तब विवेक की मां वहां मौजूद थीं।

बिंद्रा की पत्नी यानिका के मायके वालों ने मामले में रविवार को सेक्टर-126 थाने में शिकायत दी थी। यानिका पक्ष के वकील ने पीटीआई को बताया कि अभी मामले की बारीकी देख रहे हैं और आगामी दिनों में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। पुलिस को बिंद्रा की सोसाइटी का एक वीडियो भी मिला है, जिसमें वह अपनी पत्नी को गेट से अंदर की ओर खींचते हुए दिख रहे हैं।

कुछ दिन पहले यानिका के भाई ने नोएडा सेक्टर-126 थाने में मामला दर्ज कराते हुए कहा था कि 7 दिसंबर को तड़के करीब तीन बजे विवेक बिंद्रा अपनी मां प्रभा से बहस कर रहे थे। इस बीच उनकी पत्नी यानिका ने बीच बचाव का प्रयास किया तो विवेक ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया और अपशब्द कहते हुए यानिका को बुरी तरह से पीटा।

    DECEMBER 26, 2023 / 5:53 PM IST

    PM Modi News Live Updates: YouTube पर 2 करोड़ सब्सक्राइबर्स वाले इकलौते नेता बने पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। वह भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के पहले ऐसे नेता बन गए हैं, जिनके यूट्यूब चैनल पर 20 मिलियन यानी 2 करोड़ सब्सक्राइबर्स है। यूट्यूब पर पीएम मोदी के चैनल पर रिकॉर्ड 450 करोड़ वीडियो व्यूज आ चुके हैं...। पीएम मोदी YouTube पर 2 करोड़ सब्सक्राइबर्स हासिल करने वाले भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं।

    पीएम का 'नरेंद्र मोदी यूट्यूब चैनल (Narendra Modi YouTube Channel)' व्यूज और सब्सक्राइबर्स के मामले में दुनिया के दिग्गज नेताओं के यूट्यूब चैनलों से कहीं आगे निकल गया है। बता दें कि पीएम मोदी लगातार सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर एक्टिव रहते हैं। यही एक बड़ी वजह है कि उनके फॉलोअर्स की संख्या में ऑनलाइन तेजी से इजाफा हो रहा है।

    इस यूट्यूब चैनल पर प्रधानमंत्री मोदी के संबोधनों की वीडियोज अपलोड की जाती हैं। साथ ही उनके लाइव प्रसारण संबोधन भी इस चैनल पर देखने को मिल जाता है। पीएम मोदी भारत या दुनिया में जहां भी किसी कार्यक्रम में शिरकत करते हैं, वहां का संबोधन इस चैनल पर देखा और सुना जा सकता है।

      DECEMBER 26, 2023 / 5:24 PM IST

      Covid-19 JN.1 News Live: दिल्ली में कोरोना मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए

      दिल्ली सरकार ने कारोना वायरस (Covid-19) संक्रमण की पुष्टि वाले सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अब तक देश में कोरोना वायरस के सब-वैरिएंट JN.1 के 63 मामले सामने आए, जिनमें से 34 मामले गोवा में हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से महाराष्ट्र में 9, कर्नाटक में 8, केरल में 6, तमिलनाडु में 4 और तेलंगाना में 2 मामले सामने आए हैं।

      एक अधिकारी ने पीटीआई से मंगलवार को कहा, "दिल्ली में हर दिन संक्रमण के औसतन 3-4 मामले सामने आ रहे हैं, जिसका मतलब है कि संक्रमण की दर एक प्रतिशत से कम है। संक्रमण की पुष्टि वाले सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है।"

      इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी में हर दिन कोविड-19 के औसतन तीन से चार नए मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कोरोना वायरस संक्रमण के संभावित प्रसार से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

        DECEMBER 26, 2023 / 5:00 PM IST

        Live News: INS Imphal की 10 बड़ी बातें

        - INS Imphal ब्रह्मोस मिसाइल से लैस स्वदेशी युद्धपोत है। साथ ही यह पोत विध्वंसक मिसाइलों तथा टॉरपीडो से लैस है।
        - पहला युद्धपोत जिसका नाम उत्तरपूर्व के शहर पर रखा गया है।
        - इंफाल 7400 टन वजनी और 163 मीटर लंबा है। इसकी 75 फीसदी सामग्री स्वदेशी है।
        - इंफाल 56 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से चल सकता है।
        - इसमें सतह से सतह और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल लगी हैं।
        - मॉडर्न सर्विलांस राडार, देश मे विकसित रॉकेट लॉन्चर, टारपीडो लांचर से यह पूरी तरह लैस है।
        - परमाणु, जैविक और रासायनिक युद्ध के हालात में भी कारगर साबित होगा।
        - इसी युद्धपोत से ब्रह्मोस मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया था।
        - INS इंफाल का निर्माण और परीक्षण का समय किसी भी स्वदेशी विध्वंसक के लिए सबसे कम है।
        - इसकी आधारशिला मई 2017 में रखी गई थी। जबकि युद्धपोत को अप्रैल 2019 में पानी में उतारा गया था।

          DECEMBER 26, 2023 / 4:22 PM IST

          Today News Live: रक्षा मंत्री बोले- 'MV केम प्लूटो पर जिसने भी हमले किए हैं उसे समुद्र की गहराईयों से भी ढूंढ निकालेंगे'

          रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत सरकार ने कमर्शियल पोत 'एमवी केम प्लूटो' और 'एमवी साईबाबा' जहाज पर हाल में हुए हमलों का गंभीरता से संज्ञान लिया है। सिंह ने कहा कि वह इन हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों को समुद्र की गहराई से भी ढूंढकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। स्वदेशी युद्धक जहाज INS इंफाल को नौसेना में शामिल किए जाने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि हाल ही में भारतीय पोतों पर हुए हमलों के बाद भारत ने समुद्र में गश्त बढ़ा दी है

            DECEMBER 26, 2023 / 3:46 PM IST

            Russia-Ukraine War Live: यूक्रेन से जारी युद्ध के बीच रूस ने बेलारूस भेजे परमाणु हथियार

            बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने मंगलवार को कहा कि रूस ने उनके देश के लिए सामरिक परमाणु हथियारों की पूरी खेप भेज दी है। इस घोषणा ने पड़ोसी देश पोलैंड और क्षेत्र में अन्य जगहों पर चिंता बढ़ा दी है। परमाणु हथियारों तैनात करेगा। बेलारूस पर लिए गए इस फैसले को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) एक सामान्य कदम बता रहे हैं। इस मामले में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि इस कदम से किसी समझौते का उल्लंघन नहीं होगा।

            हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इसका कंट्रोल वो बेलारूस को नहीं देंगे। सेंट पीटर्सबर्ग में मॉस्को के नेतृत्व वाले आर्थिक मंच की एक बैठक में बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको ने बताया कि खेप की आपूर्ति अक्टूबर में पूरी हो गई। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने हथियार भेजे गए या इन्हें कहां तैनात किया गया है।

              DECEMBER 26, 2023 / 3:16 PM IST

              Business News Live: स्टील सेक्टर के लिए PLI 2.0 पर काम जारी, इंपोर्ट पर अंकुश चाहती हैं कंपनियां

              केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने मंगलवार को कहा कि सरकार PLI 2.0 योजना पर तेजी से काम कर रही है। साथ ही 2024 में स्टील सेक्टर के लिए पर्याप्त कच्चे माल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के तरीकों पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि स्टील इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनियां बढ़ते आयात और कच्चे माल की ऊंची कीमतों को लेकर चिंतित हैं। इस सेक्टर के 2020-21 में कोविड-19 वैश्विक महामारी से प्रभावित रहने के बाद अब इस्पात के उत्पादन और खपत में मजबूत सुधार हुआ है।

              इस्पात मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल-नवंबर में कच्चे इस्पात का क्युमुलेटिव प्रोडक्शन 14.5 प्रतिशत बढ़कर 9.401 करोड़ टन रहा। इसी अवधि में तैयार इस्पात की खपत सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 8.697 करोड़ टन हो गई। भारत ने 2030 तक 30 करोड़ टन की स्थापित स्टील मैन्युफैक्चरिंग क्षमता का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में देश की क्षमता करीब 16.1 करोड़ टन है।

                DECEMBER 26, 2023 / 2:58 PM IST

                INS Imphal Live: INS इम्फाल नौसेना में शामिल

                सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल दागने की क्षमता रखने वाले स्टील्थ गाइडेड मिसाइल विध्वंसक INS इम्फाल को मंगलवार को मुंबई में भारतीय नौसेना में शामिल कर लिया गया। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "आईएनएस इम्फाल का भारतीय नौसेना में शामिल होना रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को दिखाता है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति MDL एवं नौसेना की प्रतिबद्धता और इसके निर्माण में शामिल सभी हितधारकों की मेहनत, लगन और समर्पण को दिखाता है।'

                  DECEMBER 26, 2023 / 2:34 PM IST

                  Veer Bal Diwas Live: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने की बंगला साहिब गुरुद्वारे में 'सेवा'

                  केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को 'वीर बाल दिवस' के अवसर पर दिल्ली स्थित बंगला साहिब गुरुद्वारे में 'सेवा' की। इस दौरान ठाकुर ने कहा, "आज देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है और साहिबजादों को नमन किया जा रहा है। युवा उनके बलिदान से बहुत कुछ सीख सकते हैं और 'विकसित भारत' बनाने में योगदान दे सकते हैं। युवाओं से कहा गया है कि नशा छोड़, खेलों को अपनाए और भारत को नशा मुक्त करे... विकसित भारत तभी बन सकता है जब भारत के युवा नशा मुक्त होंगे।..."

                    DECEMBER 26, 2023 / 2:15 PM IST

                    Arunachal Pradesh Latest News Live: अरुणाचल को DGCA का तोहफा, ईटानगर से अब रात में भी भर सकेंगे उड़ान

                    डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में स्थित डोनी पोली एयरपोर्ट को वेदर संबंधी सभी लाइसेंस दे दिया है। अब यहां से रात में भी विमान परिचालन जल्द शुरू हो जाने की उम्मीद है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब राज्य के लोग रात के समय भी उड़ान भर सकेंगे। सीएम ने DGCA द्वारा जारी पत्र को भी माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया।

                    खांडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "अरुणाचल प्रदेश के लिए अहम जानकारी साझा करते हुए बहुत खुशी हो रही है! डोनी पोलो एयरपोर्ट को सर्वकालिक लाइसेंस दिया गया है, जिससे रात में विमानों को उतारे जाने की संभावना खुल गई है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूर्वोत्तर राज्य के लिए निर्बाध हवाई संपर्क सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी छलांग है जिससे विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे।

                      DECEMBER 26, 2023 / 1:37 PM IST

                      Bihar Politics News Live: JDU अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं ललन सिंह

                      बिहार की सियासी गलियारे से एक बड़ी खबर सामने आ रही। बिहार के सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। खबर है कि 29 दिसंबर को दिल्ली में होने वाली JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह इस्तीफा देंगे। न्यूज चैनलों के मुताबिक, खबर है कि नीतीश कुमार JDU अध्यक्ष बन सकते हैं। सियासी गलियारे में लगातार ऐसी खबरें आ रही थी कि ललन सिंह कुछ नाराज चल रहे हैं।

                        DECEMBER 26, 2023 / 1:02 PM IST

                        UP Politics News Live: कांग्रेस के 'यूपी जोड़ो यात्रा' पर बीजेपी का तंज

                        कांग्रेस की पिछले हफ्ते से जारी 'उत्तर प्रदेश जोड़ो यात्रा' के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्य विपक्षी पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। बीजेपी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक मात्र उद्देश्य देश को लूटना और परिवार को समृद्ध बनाना है। बता दें कि कांग्रेस ने 20 दिसंबर से 'उत्त प्रदेश जोड़ो यात्रा' सहारनपुर से शुरू की। मंगलवार को कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर पोस्ट किया, "प्यार का पैगाम और लोकतंत्र बचाने का संदेश लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में चल रही 'उप्र जोड़ो यात्रा' के सातवें दिन का यात्रा मार्ग।"

                        इस पोस्ट में यात्रा स्थलों का जिक्र करते हुए कहा गया है, "इन राहों पर चलकर हम प्रदेश को मोहब्बत के एक धागे में पिरो रहे हैं।" सातवें दिन कांग्रेस की यात्रा मुरादाबाद जिले के विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। कांग्रेस ने कहा कि इन राहों पर चलकर हम प्रदेश को मोहब्बत के एक धागे में पिरो रहे हैं। इस बीच, BJP की उत्तर प्रदेश इकाई ने X पर दावा किया, "देश ने देखा परिवारवाद से विकासवाद तक का सफर, दशकों तक एक ही परिवार ने देश में राज किया, जिसका मात्र एक ही उद्देश्य था, देश को लूटना और परिवार को समृद्ध बनाना।"

                          DECEMBER 26, 2023 / 12:42 PM IST

                          PM Modi at Veer Bal Diwas Live: पीएम मोदी बोले- "पूरी दुनिया 'भारत भूमि' को अवसरों की भूमि मान रही"

                          प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया 'भारत भूमि' को अवसरों की भूमि मान रही है। आज भारत उस स्टेज पर है, जहां बड़ी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में भारत बड़ी भूमिका निभा रहा है। PM मोदी ने कहा कि आने वाले 25 साल हमारी युवाशक्ति के लिए बहुत बड़ा अवसर लेकर आ रहे हैं। भारत का युवा किसी भी क्षेत्र में, समाज में पैदा हुआ हो उसके सपने असीम हैं। इन सपनों को पूरा करने के लिए सरकार के ​पास स्पष्ट रोड मैप है, स्पष्ट विजन है, स्पष्ट नीति है और नीयत में कोई खोट नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें इस मिट्टी की आन-बान-शान के लिए जीना है, हमें देश को बेहतर बनाने के लिए जीना है। हमें इस महान राष्ट्र की संतान के रूप में, देश को विकसित बनाने के लिए जीना है, जुटना है, जूझना है और विजयी होकर निकलना है।

                            DECEMBER 26, 2023 / 12:27 PM IST

                            Veer Bal Diwas Live Updates: कोलकाता में गुरुद्वारा पहुंचे अमित शाह

                            'वीर बाल दिवस' के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ कोलकाता में गुरुद्वारा बड़ा सिख संगत का दौरा किया और प्रार्थना की। पिछले साल 9 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के दिन प्रधानमंत्री मोदी ने यह घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत की स्‍मृति में 'वीर बाल दिवस' मनाया जाएगा।

                              DECEMBER 26, 2023 / 12:22 PM IST

                              J&K News Live: पुलवामा में तलाशी अभियान के दौरान हथियार बरामद, 3 लोग गिरफ्तार

                              जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में भारतीय सुरक्षा बलों ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। भारतीय सेना ने मंगलवार को बताया कि उनके पास से भारी संख्या मे हथियार बरामद किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि संदिग्धों से सेना और पुलिस संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है। श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, "विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर 25 दिसंबर, 2023 को पुलवामा के पांजू और गमीराज में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक संयुक्त घेराबंदी एवं तलाशी अभियान शुरू किया। तीन संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से दो पिस्तौल और अन्य सामग्री बरामद हुई है।"

                                DECEMBER 26, 2023 / 12:16 PM IST

                                MV Chem Pluto News Live: भारत ने अरब सागर में तैनात किए 3 युद्धपोत

                                व्यापारिक जहाज एमवी केम प्लूटो पर ड्रोन हमले के बाद अब भारतीय नौसेना ने बड़ा कदम उठाते हुए अरब सागर में तीन युद्धपोत को तैनात कर दिया है। भारतीय नौसेना ने जहाज एमवी केम प्लूटो के मुंबई बंदरगाह पहुंचने के बाद उसका शुरुआती निरीक्षण किया। नौसेना ने कहा कि उस पर भारत के पश्चिमी तट के पास ड्रोन हमला हुआ। लेकिन हमला कहां से हुआ और इसके लिए कितनी मात्रा में विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया, यह फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही पता चल पाएगा।

                                अधिकारियों ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर हाल के हमलों के मद्देनजर भारतीय नौसेना ने क्षेत्र में अपनी प्रतिरोधक उपस्थिति बनाए रखने के लिए युद्धपोत INS मोर्मुगाओ, INS कोच्चि और INS कोलकाता को तैनात किया है। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी के समुद्री टोही विमान P-8I को भी लगाया गया है। शनिवार को पोरबंदर से लगभग 217 समुद्री मील की दूरी पर 21 भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले वाणिज्यिक जहाज पर एक ड्रोन हमला किया गया था, जिसके बाद भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल ने जहाज को सहायता प्रदान करने के लिए कई पोत तैनात किए।

                                  DECEMBER 26, 2023 / 12:10 PM IST

                                  PM Modi at Veer Bal Diwas Live Updates: भारत 'गुलामी की मानसिकता' से बाहर निकल रहा

                                  पीएम मोदी ने कहा, "मुझे खुशी है कि आज का भारत 'गुलामी की मानसिकता' से बाहर निकल रहा है। आज के भारत को अपने लोगों पर, अपने सामर्थ्य पर,अपनी प्रेरणाओं पर पूरा-पूरा भरोसा है। आज के भारत के लिए साहिबजादों का बलिदान राष्ट्रीय प्रेरणा का विषय है। आज के भारत में भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान, गोविंद गुरु का बलिदान पूरे राष्ट्र को प्रेरणा देता है।" पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत, दुनिया के उन देशों में से है, जो देश सबसे ज्यादा युवा देश है। इतने युवा तो भारत के आजादी की लड़ाई के समय में भी नहीं थे। जब उस युवाशक्ति ने देश को आजादी दिलाई, तो आज की युवाशक्ति भारत को किस ऊंचाई पर ले जा सकती है वह कल्पना से परे है।

                                    DECEMBER 26, 2023 / 12:09 PM IST

                                    Veer Bal Diwas Live Updates: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाया जाने लगा 'वीर बाल दिवस'

                                    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मुझे खुशी है कि 'वीर बाल दिवस' अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मनाया जाने लगा है। ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, UAE और ग्रीस में भी वीर बाल दिवस से जुड़े कार्यक्रम हो रहे हैं। भारत के वीर साहिबजादों को पूरी दुनिया और ज्यादा जानेगी, उनके महान करतूतों से सीखेगी।" उन्होंने कहा कि जब तक हमने अपनी विरासत का सम्मान नहीं किया, दुनिया ने भी हमारी विरासत को भाव नहीं दिया। आज जब हम अपनी विरासत पर गर्व कर रहे हैं, तो दुनिया का भी नजरिया बदला है।

                                      DECEMBER 26, 2023 / 12:08 PM IST

                                      PM Modi News Live Updates: पीएम मोदी बोले- वीर बाल दिवस के रूप में एक नया अध्याय शुरू हुआ

                                      'वीर बाल दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश वीर साहिबजादों के अमर बलिदान को याद कर रहा है और उनसे प्रेरणा ले रहा है। आजादी के अमृतकाल में वीर बाल दिवस के रूप में एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। पिछले वर्ष 26 दिसंबर को देश ने पहली बार 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के तौर पर मनाया था तब पूरे देश में सभी ने भाव विभोर होकर साहिबजादों के वीर कथाओं को सुना था। वीर बाल दिवस भारतीयता रक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरने के संकल्प का प्रतीक है। ये दिन हमें याद दिलाता है कि शौर्य की पराकाष्ठा के समय कम आयु मायने नहीं रखती।

                                        DECEMBER 26, 2023 / 12:07 PM IST

                                        Today News Live Updates: 'वीर बाल दिवस' के कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी

                                        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी स्थित भारत मंडपम में 'वीर बाल दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पिछले साल 9 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के दिन प्रधानमंत्री मोदी ने यह घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह के पुत्रों साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी और बाबा फतेह सिंह जी की शहादत की स्‍मृति में 'वीर बाल दिवस' मनाया जाएगा।

                                          DECEMBER 26, 2023 / 12:06 PM IST

                                          मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है