Maha Kumbh Mela 2025: कम लागत वाली एयरलाइन स्पाइसजेट ने महाकुंभ मेले के अवसर पर प्रयागराज के लिए विशेष उड़ानों की घोषणा की है। महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो, इसके लिए SpiceJet ने दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और अहमदाबाद से प्रयागराज के लिए स्पेशल फ्लाइट्स की घोषणा की है। एयरलाइन एक निश्चित अवधि के लिए अहमदाबाद, बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई से प्रयागराज के लिए उड़ानें शुरू करेगी। सभी उड़ानें 12 जनवरी 2025 से 28 फरवरी 2025 के बीच संचालित होंगी। स्पाइसजेट इन उड़ानों को संचालित करने के लिए अपने बोइंग 737-800 विमान का उपयोग करेगी।
महाकुंभ मेले के अवसर पर यह पहली बार होगा जब एयरलाइन प्रयागराज के लिए उड़ान भरेगी। महाकुंभ मेला एक प्रमुख तीर्थयात्रा और त्योहार है। इसे दुनिया के सबसे बड़े धार्मिक समारोहों में से एक माना जाता है। SpiceJet ने बताया कि चारों शहरों से फ्लाइट्स 12 जनवरी से 28 फरवरी, 2025 तक चलेंगी, ताकी भक्त आराम से प्रयागराज की यात्रा कर सकें।
महाकुंभ 2025 प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। महाकुंभ में करीब 45 करोड़ तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। यूपी के डीजीपी खुद सुरक्षित कुंभ के लिए व्यक्तिगत रूप से सुरक्षा उपायों की निगरानी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार ने बताया कि महाकुंभ मेला 2025 में आतंकी खतरों, साइबर हमलों, हमलावर ड्रोन और मानव तस्करी से निपटने के लिए प्रयागराज में 50,000 पुलिसकर्मियों की एक मजबूत टीम तैनात की जाएगी।
जानें, फ्लाइट की टाइमिंग समेत अन्य डिटेल्स
- दैनिक उड़ान, SG 655, अहमदाबाद (AMD) से 08:10 AM IST पर रवाना होगी और प्रयागराज (IXD) 09:55 AM IST पर पहुंचेगी। उड़ान का समय 1 घंटा 45 मिनट होगा।
- वहीं वापसी की फ्लाइट SG 658, प्रयागराज (IXD) से 04:30 PM IST पर रवाना होगी और अहमदाबाद (AMD) 06:45 PM IST पर पहुंचेगी। सफर का समय 2 घंटे 15 मिनट होगा। यह पहली बार होगा जब अहमदाबाद शहर प्रयागराज (IXD) के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान देखेगा।
- दैनिक उड़ान, SG 661, बेंगलुरु (BLR) से 06:25 AM IST पर रवाना होगी और प्रयागराज (IXD) 09:15 AM IST पर पहुंचेगी। उड़ान का समय 2 घंटे 50 मिनट होगा।
- वापसी की फ्लाइट, SG 664, प्रयागराज (IXD) से दोपहर 02:10 बजे IST पर रवाना होगी और शाम 04:40 बजे IST पर बेंगलुरु (BLR) पहुंचेगी। उड़ान का समय 2 घंटे 30 मिनट होगा।
- दैनिक उड़ान, SG 662, प्रयागराज (IXD) से सुबह 09:55 बजे IST पर रवाना होगी और सुबह 11:20 बजे IST पर दिल्ली (DEL) पहुंचेगी। उड़ान का समय 1 घंटे 25 मिनट होगा।
- वापसी की उड़ान, SG 663, दिल्ली से 11:55 बजे IST पर रवाना होगी और प्रयागराज (आईएक्सडी) 01:30 बजे IST पर पहुंचेगी। उड़ान का समय 1 घंटा और 35 मिनट होगा।
- चौथी डेली फ्लाइट एसजी 656, प्रयागराज (आईएक्सडी) से 10:30 बजे IST पर रवाना होगी और मुंबई (बीओएम) 12:50 बजे IST पर पहुंचेगी। उड़ान का समय 2 घंटे और 20 मिनट होगा।
- वापसी की फ्लाइट एसजी 657, मुंबई (बीओएम) से दोपहर 01:40 बजे IST पर रवाना होगी और प्रयागराज (आईएक्सडी) पर दोपहर 03:50 बजे IST पहुंचेगी। उड़ान का समय 2 घंटे और 10 मिनट होगा।