Maha Kumbh 2025: 40 करोड़ श्रद्धालु, 2,700 सीसीटीवी-AI कैमरे और 50000 पुलिसकर्मी... महाकुंभ के लिए प्रयागराज में कैसी है तैयारी?

Prayagraj Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अगले महीने लगने वाले महाकुंभ मेले को 'पृथ्वी पर लगने वाले सबसे बड़े मेले' के तौर पर जाना जाता है। इस विशाल धार्मिक मेले को देखने के लिए दुनिया के कोने-कोने से लोग आते हैं। हर 12 साल में होने वाला महाकुंभ प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा

अपडेटेड Dec 27, 2024 पर 4:29 PM
Story continues below Advertisement
Prayagraj Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है

Prayagraj Mahakumbh 2025: सनातन आस्था का सबसे बड़ा समागम महाकुंभ-2025 उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी प्रयागराज में लगने जा रहा है। अनुमान है कि 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पूरे देश और दुनिया के कोने-कोने से यहां त्रिवेणी के पवित्र संगम में डुबकी लगाने के लिए आने वाले हैं। माना जाता है कि महाकुंभ में स्नान के साथ ही दान का भी विशेष महत्व है। महाकुंभ मेले को 'पृथ्वी पर लगने वाले सबसे बड़े मेले' के तौर पर जाना जाता है। इस विशाल धार्मिक मेले को देखने के लिए दुनिया के कोने-कोने से लोग आते हैं। हर 12 साल में होने वाला महाकुंभ प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा।

प्रयागराज महाकुंभ मेले की बड़ी बातें

- उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार ने बताया कि महाकुंभ मेला 2025 में आतंकी खतरों, साइबर हमलों, हमलावर ड्रोन और मानव तस्करी से निपटने के लिए प्रयागराज में 50,000 पुलिसकर्मियों की एक मजबूत टीम तैनात की जाएगी।


- हर 12 साल में होने वाला महाकुंभ प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। महाकुंभ में करीब 45 करोड़ तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है। डीजीपी खुद सुरक्षित कुंभ के लिए व्यक्तिगत रूप से सुरक्षा उपायों की निगरानी कर रहे हैं।

- प्रशांत कुमार ने कहा कि यह कुंभ वास्तव में डिजिटल होगा, जिसमें पुलिस बल आधुनिक तकनीकों जैसे AI सक्षम कैमरे ड्रोन का प्रयोग करने के अलावा हमलावर ड्रोन का पता लगाने और उन्हें बेअसर करने के लिए प्रभावी रणनीति का उपयोग करेगा।

- साइबर अपराधों में वृद्धि के बीच पुलिस तीर्थयात्रियों को साइबर अपराधियों से बचाने के लिए सभी उपाय कर रही है। डीजीपी ने कहा, महाकुंभ से पहले पुलिस बल ने 'फ्यूचर क्राइम रिसर्च फाउंडेशन' से निजी विशेषज्ञों की एक टीम को काम पर रखा है। साइबर धोखाधड़ी और अपराधों से तीर्थयात्रियों को बचाने के लिए आईआईटी कानपुर के साथ गठजोड़ किया है।

- उन्होंने कहा कि हमने पहली बार महाकुंभ क्षेत्र में एक साइबर पुलिस स्टेशन स्थापित किया है। हमने साइबर गश्त और साइबर सुरक्षा नेटवर्क का विश्लेषण करने के लिए 'आईफोरसी' और 'सर्ट-इन' जैसी राष्ट्रीय एजेंसियों को शामिल किया है। वे डेटा सुरक्षा पर भी काम करेंगी।

- पुलिस की तैनाती के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि इस बार लगभग 50,000 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर होंगे, जो 2019 में पिछले कुंभ की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक हैं। मेले में सबसे महत्वपूर्ण चुनौती भीड़ प्रबंधन और यातायात योजना के बारे में कुमार ने कहा कि यातायात की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और भीड़भाड़ के स्रोत पर प्रभावी उपाय किए जाएंगे।

- डीजीपी ने कहा कि हमने 2,700 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जिनमें AI क्षमता वाले कैमरे भी शामिल हैं। भीड़ के घनत्व, आवाजाही, प्रवाह, बैरिकेड जंपिंग, आग और धुएं के बारे में सूचना देने के प्रबंध किए गए हैं। स्वचालित नंबर प्लेट पहचान क्षमताओं के साथ, पार्किंग क्षेत्रों का प्रबंधन किया जाएगा और शहर में आने वाले वाहनों की संख्या का अनुमान लगाया जा सकेगा।

- अति विशिष्ट व्यक्तियों के मेला दौरे के नियंत्रण पर कुमार ने कहा कि आने वाले किसी भी व्यक्ति को सामान्य दिनों में एक किलोमीटर और प्रमुख 'स्नान' पर्व के दिनों में तीन किलोमीटर चलना होगा। आतंकी खतरों को रोकने के लिए किए जा रहे उपायों और उनका मुकाबला करने के लिए खुफिया जानकारी को मजबूत किया जा रहा है।

- डीजीपी ने कहा कि किसी भी खतरे के बारे में खुफिया जानकारी जुटाने के लिए सभी केंद्रीय एजेंसियों को शामिल किया गया है। रणनीतिक बिंदुओं पर सशस्त्र बल तैनात रहेंगे और खुफिया तंत्र भी तैनात रहेंगे। ज्ञात अंतरराष्ट्रीय तत्वों को पहचानने के लिए 'फेस रिकग्निशन सॉफ्टवेयर' भी मौजूद है।

- जलाशयों और उसके आसपास श्रद्धालुओं की सुरक्षा के बारे में कुमार ने कहा कि गहरे पानी में अवरोधक, पानी के नीचे के ड्रोन और विशेषज्ञ गोताखोरों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि हम नदी के बीच में संकट में फंसे लोगों की मदद के लिए 'रोबोटिक ब्वॉय' भी ला रहे हैं।

- खोए-पाए मामलों की रणनीति के बारे में पूछे जाने पर कुमार ने कहा कि 10 डिजिटल खोया-पाया केंद्र स्थापित किए गए हैं। ऐसे मामलों में लोगों की सहायता के लिए स्थानीय पुलिस भी मौजूद रहेगी।

- उन्होंने कहा कि पुलिस खोए हुई मोबाइल को खोजने के लिए एक नेटवर्क भी तैयार कर रही है। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तीन महिला पुलिस थाने, 10 पिंक बूथ और महिला पुलिस बल की एक बड़ी टुकड़ी तैनात की गई है।

- मानव तस्करी विरोधी उपायों पर उन्होंने कहा कि पहली बार मेला क्षेत्र के तीन क्षेत्रों में तीन मानव तस्करी विरोधी इकाइयां खोली गई हैं जो ऐसी किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखेंगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई कार्यशालाएं आयोजित की गई हैं और जिन पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाना है उनकी परीक्षा भी ली गई है।

- सभी संस्थाएं पूरे मेला क्षेत्र में भंडारों का आयोजन करेंगी, जिसमें समस्त श्रद्धालुओं को निशुल्क भोजन की व्यवस्था रहेगी। इनमें से कई संस्थाओं ने भंडारे और लंगर की शुरुआत भी कर दी है। कई अन्य विभिन्न संस्थाएं अन्न भंडार का जल्द शुभारंभ करने जा रही हैं। इन निशुल्क भंडारों के आयोजन से महाकुंभ में आने वाला कोई भी श्रद्धालु भूखा नहीं रहेगा।

ये भी पढ़ें- Mahakumbh 2025: 144 साल पहले भी कुंभ मेले से खूब पैसे कमाती थी सरकार, 20 हजार लगाकर बटोरे थे 50,000

- प्रयागराज के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत के अनुसार, महाकुंभ में इस वर्ष 8 हजार से 10 हजार संस्थाओं के आने की संभावना है। महाकुंभ जैसे आयोजन में देश के लगभग सभी पंथों के लोग प्रतिभाग करते हैं। मेला प्रशासन की ओर से इन सभी पंथ से जुड़े लोगों का स्वागत किया जा रहा है और उनके लिए समस्त व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।