महाराष्ट्र के नासिक (Maharashtra Nashik) में कई मेडिकल कॉलेज के एक ज्वाइंट कैंपस में 100 से अधिक छात्र कैंटीन का भोजन करने से बीमार पड़ गए। इनमें से करीब 55 छात्र अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी छात्रों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। छात्रों को फूड प्वाइजनिंग के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि जिले के इगतपुरी तालुक स्थित धर्मगांव में एसएमबीटी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर के इन छात्रों ने बुधवार को जी मिचलाने तथा पेट में दर्द की शिकायत की थी।
एसएमबीटी चैरिटेबल ट्रस्ट के एक पदाधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, ‘‘संस्थान की कैंटीन में दोपहर का भोजन करने के बाद करीब 100-125 छात्र बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें कैंपस में स्थित एसएमबीटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। ज्यादातर को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। करीब 50-55 छात्र अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।’
पुलिस ने बताया कि कैंटीन का संचालन किसी निजी कंपनी के पास है। वाडीवरहे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने खाना खाने से बीमार छात्रों की संख्या 89 बताई। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच एक चिकित्सकीय-कानूनी मामले के रूप में की जा रही है।