प्रधानमंत्री मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। यह कार्यक्रम का 115वां एपिसोड है। पीएम ने कहा कि भारत में हर युग में नई चुनौती आई है, लेकिन हमने उसे पार पाया है। पीएम ने इसी के साथ क्रांतिकारी बिरसा मुंडा को याद किया। पीएम ने कहा कि बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पर जाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती के लिए लोगों को अपनी राय देनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने मेल करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इन दोनों महापुरुषों के सामने अलग-अलग चुनौतियां थीं। लेकिन उनका विजन 'देश की एकता' ही था।
उन्होंने आगे कहा कि आत्मनिर्भरता हमारी नीति ही नहीं, हमारा जुनून बन गया है। बहुत साल नहीं हुए, सिर्फ 10 साल पहले की बात है। तब अगर कोई कहता था कि भारत में कोई जटिल तकनीक विकसित की जा रही है तो कई लोगों को विश्वास नहीं होता था। बहुत से लोग उपहास उड़ते थे। लेकिन आज वही लोग, देश की सफलता को देखकर अचंभे में रहते हैं। आत्मनिर्भर हो रहा भारत हर क्षेत्र में कमाल कर रहा है।
डिजिटल अरेस्ट चिंता का विषय - पीएम मोदी
पीएम ने अपने संबोधन में डिजिटल अरेस्ट का भी जिक्र किया। पीएम ने बताया कि कैसे डिजिटल अरेस्ट के तहत फ्रॉड किया जा रहा है? लोगों की गाढ़ी कमाई को लूटा जा रहा है। पीएम ने कहा कि ये लोग फोन पर ऐसा वातावरण बना देते हैं कि आप डर जाते हैं। ये लोग कहते हैं ये करो नहीं तो आपको गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन ये सब फ्रॉड है। उन्होंने इससे बचने उपाय बताते हुए आगे कहा कि जब भी कोई फोन करे तो उसे कुछ भी बताने से पहले थोड़ा रुकना चाहिए। कोई भी सरकारी एजेंसी फोन पर न पूछताछ करती है और न धमकी देती। न ही अरेस्ट की बात कहती है। ये सब आपको सोचना होगा। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर बात करें।
वोकल फॉर लोकल पर भी पीएम मोदी का फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के जरिए देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहारों के इस मौसम में हम सब आत्मनिर्भर भारत के इस अभियान को और मजबूत करते हैं। हम वोकल फॉर लोकल के मंत्र के साथ अपनी खरीदारी करते हैं। यह नया भारत है। जहां मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड बन गया है। हमें न सिर्फ भारत को आत्मनिर्भर बनाना है बल्कि अपने देश को इनोवेशन के ग्लोबल पावरहाउस के रूप में बनाना है। पीएम मोदी ने इसी के साथ दिवाली की शुभकामनाएं दी । इसके बाद लोगों को सलाह दी कि वो कोई भी खरीददारी स्थानीय लोगों से ही करें। मेक इन इंडिया को बढ़ावा दें।
कुवैत में रामायण और महाभारत का अरबी अनुवाद
मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि कुवैत में श्री अब्दुल्ला अल-बारुन ने रामायण और महाभारत का अरबी में अनुवाद किया है। यह कार्य मात्र अनुवाद नहीं, बल्कि दो महान संस्कृतियों के बीच एक सेतु है। उनका यह प्रयास अरब जगत में भारतीय साहित्य की नई समझ विकसित कर रहा है।
एनिमेशन के क्षेत्र में आ रही है क्रांति – पीएम मोदी
'मन की बात' के 115वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि छोटा भीम की तरह ही हमारी दूसरी एनिमेटेड सीरीज कृष्णा, मोटू-पतलू, बाल हनुमान के भी पूरी दुनिया में प्रशंसक हैं। भारत के एनिमेशन किरदार और फिल्में अपने कंटेंट और क्रिएटिविटी की वजह से पूरी दुनिया में पसंद की जा रही हैं। भारत एनिमेशन के क्षेत्र में दुनिया में क्रांति लाने की राह पर है। भारत का गेमिंग स्पेस भी तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय खेल भी पूरी दुनिया में मशहूर हो रहे हैं।
चेरियाल फोक आर्ट हो रही है पॉपुलर – पीएम मोदी
पीएम ने मन की बात में बताया कि डी. वैयकुन्ठम करीब 50 साल से चेरियाल फोक आर्ट को लोकप्रिय बनाने में जुटे हुए हैं। तेलंगाना से जुड़ी इस कला को आगे बढ़ाने का उनका यह प्रयास बहुत शानदार है। छत्तीसगढ़ में नारायणपुर के बुटलूराम माथरा जी अबूझमाड़िया जनजाति की लोक कला को संरक्षित करने में जुटे हुए हैं। पिछले चार दशकों से वे अपने इस मिशन में लगे हुए हैं।