मार्क जुकरबर्ग को भारत से मांगनी पड़ेगी माफी! लोकसभा चुनाव को लेकर कह दिया कुछ ऐसा, अब मुश्किल में Meta

एक X पोस्ट में, BJP सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा कि वह Meta को समन भेजेंगे और प्लेटफॉर्म से भारत की संसद से माफी मांगने को कहेंगे। दुबे ने लिखा, "मेरी समिति इस गलत जानकारी के लिए Meta को बुलाएगी।" जुकरबर्ग ने यह टिप्पणी Joe Rogan Experience पॉडकास्ट के एक एपिसोड में की थी

अपडेटेड Jan 14, 2025 पर 4:16 PM
मार्क जुकरबर्ग को संसद से मांगनी पड़ेगी माफी!

भारत की संसदीय समिति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘Meta’ के अधिकारियों को तलब करने वाली है। क्योंकि कुछ दिनों पहले CEO मार्क जुकरबर्ग ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सहित ज्यादातर मौजूदा सरकारें Covid-19 महामारी के बाद अपनी स्थिति खो चुकी हैं। एक X पोस्ट में, BJP सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा कि वह Meta को समन भेजेंगे और प्लेटफॉर्म से भारत की संसद से माफी मांगने को कहेंगे।

दुबे ने लिखा, "मेरी समिति इस गलत जानकारी के लिए Meta को बुलाएगी।" BJP सांसद ने लिखा, "किसी भी लोकतांत्रिक देश की गलत जानकारी देश की छवि को धूमिल करती है। इस गलती के लिए भारतीय संसद से और यहां की जनता से उस संस्था को माफी मांगनी पड़ेगी।"


क्या बोले मार्क जुकरबर्ग?

जुकरबर्ग ने यह टिप्पणी Joe Rogan Experience पॉडकास्ट के एक एपिसोड में की।

जुकरबर्ग ने कहा, "अमेरिका में बहुत से लोग सोचते हैं कि ये सिर्फ अमेरिका में ही हो रहा है, लेकिन मुझे लगता है कि Covid-19 ने शायद दुनिया भर में बहुत सारी सरकारों में उथल-पुथल को जन्म दिया है, क्योंकि 2024 दुनिया भर में एक बड़ा चुनावी साल था।"

उन्होंने आगे कहा, "... और आप जानते हैं कि इसमें सभी देश हैं, भारत, जैसे बहुत सारे देश हैं, जहां चुनाव हुए और मौजूदा सरकारें असल में हार गईं।"

फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, जुकरबर्ग ने यह भी कहा कि वह Meta के फैक्ट-चेकर्स को "कम्युनिटी नोट्स" से बदल देंगे, एक ऐसा फीचर जो अक्सर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर देखा जाता है, जहां यूजर्स की एक कम्युनिटी उन पोस्ट पर शक जताती है, जो कथित रूप से गलत सूचना फैला रहे हैं।

बाद में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका फैक्ट चेक किया, जिन्होंने टेक टाइकून की टिप्पणी को “गलत सूचना” करार दिया और तथ्यों और विश्वसनीयता को बनाए रखने की अपील की।

मार्क जुकरबर्ग की फर्जी पोस्ट, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साधा निशाना

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।