Monsoon Rain Updates: राजस्थान (Rajasthan) में जून के महीने में 123 साल में सबसे ज्यादा बारिश (Rain) दर्ज की गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। जयपुर मौसम विभाग के डायरेक्टर राधेश्याम शर्मा ने कहा कि राज्य में जून में कुल 156.9 mm बारिश हुई, जो औसत से 185 प्रतिशत ज्यादा थी और 1901 के बाद से इस महीने में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 1996 में जून में अधिकतम बारिश 122.8 mm दर्ज की गई थी।
शर्मा ने कहा कि जून महीने में पूर्वी राजस्थान में औसत से 118 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में औसत से 287 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई।
उन्होंने कहा कि बेहद भीषण चक्रवाती तूफान "बिपरजोय" के असर के कारण 16 से 20 जून तक राज्य के दक्षिणी हिस्सों - जालोर, पाली, बाड़मेर, राजसमंद सिरोही और अजमेर जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ीं।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में जालोर जिले में 400.5 mm बारिश हुई। शर्मा ने बताया कि जून में झालावाड़ को छोड़कर राज्य के सभी जिलों में सामान्य या सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
उन्होंने कहा, इस साल, मानसून ने 25 जून के औसत समय पर राज्य में दस्तक दी और 2 जुलाई (औसत समय से छह दिन पहले) को राज्य के पश्चिमी हिस्सों को कवर करने के लिए तेजी से आगे बढ़ा।
उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 5-6 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने की बहुत ज्यादा संभावना है।
शर्मा ने कहा कि 7 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने और पूर्वी राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 6-7 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने और मानसून के फिर से सक्रिय होने की प्रबल संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक अलवर के तिजारा में 5 cm, जयपुर के बच्ची, चाकसू और पावटा में 4 cm, दौसा के सिकराय में 3 cm, जयपुर के जमवारामगढ़, अलवर के मालाखेड़ा और सीकर के लक्ष्मणगढ़ में 3 cm बारिश दर्ज की गई।
जबकि अलवर के किशनगढ़वास, झालावाड़ के अकलेरा, अलवर के राजगढ़ और टोंक में 2 सेमी और सागानेर तहसील, करौली के सपोटरा और धौलपुर में 1 cm बारिश दर्ज की गई।