देश के कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। इस बीच देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज (17 जुलाई 2024) मुंबई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके पहले ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। मुंबई में पिछले 5 दिनों से जमकर बारिश हो रही है। इससे शहर के कई इलाके में पानी में डूब गए। भिवंडी में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया। वहीं मुंबई में आज भी हाई टाइड आने की आशंका जताई गई है। मुंबई में आज दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे।
मुंबई में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। मुंबई का औसत तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई गई है। शहर में 13 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मुंबई में 1000 मिमी हुई बारिश
पिछले हफ्ते मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई है। दहून, वसई-विरा और ठाणे में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी। इस हफ्ते मुंबई में 1000 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। कोलाबा मौसम केंद्र ने पिछले 24 घंटों (17 जुलाई को सुबह 8.30 बजे तक) में 22.4 मिमी बारिश दर्ज की है। इसी तरह, सांताक्रूज़ मौसम केंद्र ने उसी अवधि में 49.1 मिमी बारिश दर्ज की है। रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और सतारा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यमतावल समेत कई जिलों में गरज और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मुंबई में एयर क्वालिटी की अगर बात करें तो इस समय एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहतर बनी हुई है। मुंबई में AQI 42 दर्ज किया गया है। शून्य से 50 के बीच AQI बेहतर माना जाता है। जबकि 50 से 100 के बीच संतोषजनक माना जाता है। 100 से 200 के बीच मध्यम श्रेणी में रखा गया है। जिसमें सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
केरल में भारी बारिश, स्कूल-कॉलेज बंद
मौसम विभाग ने आज केरल में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों ने आज (17 जुलाई 2024) स्कूल-कॉलेज बंद करने के निर्देश दिए हैं। राज्य के 8 जिलों में प्रशासन ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है।
केरल के इन जिलों में छुट्टियां घोषित
केरल के जिन जिलों में छुट्टी घोषित की गई है, उनमें कन्नूर, कोझिकोड, वायनाड, पलक्कड़, त्रिशूर, इडुक्की, अलप्पुझा और कोट्टायम शामिल हैं। इन जिलों में भारी बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया है। बिजली के तार टूट गए हैं। नदियाँ उफान पर आ गईं। कोझिकोड और कन्नूर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जबकि केरल के मलप्पुरम, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने मछुआरों को केरल-कर्नाटक-लक्षद्वीप के तटीय इलाकों में नहीं जाने की अलर्ट जारी किया है।