Monsoon Updates: पूरे भारत में भारी बारिश की चेतवानी, IMD ने कई राज्यों के लिए जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट

Monsoon Updates: IMD के एक बयान में कहा गया है कि अगले पांच दिनों में उत्तर प्रदेश (UP), राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसमें आगे कहा गया है कि बुधवार को गुजरात में बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है

अपडेटेड Jun 27, 2023 पर 8:29 PM
Monsoon Updates: हैदराबाद में सचिवालय के ऊपर मंडराते काले बादल (PHOTO-PTI)

Monsoon Updates: भारत के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश (Rain) हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मानसून का मौसम (Monsoon Season) जारी रहने की संभावना है। IMD के एक बयान में कहा गया है कि अगले पांच दिनों में उत्तर प्रदेश (UP), राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसमें आगे कहा गया है कि बुधवार को गुजरात में बहुत ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD वैज्ञानिक सोमा सेन ने ANI को बताया, "पिछले 4-5 दिनों में तेजी से आगे बढ़ने के साथ ही मानसून इस समय सक्रिय है। उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों को छोड़ दें, तो मानसून का असर लगभग पूरे देश पर पड़ा है।"

उन्होंने आगे कहा, "पूरा गुजरात और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान मानसून की चपेट में आ गया है। उम्मीद है कि अगले दो दिनों में दक्षिण पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के बाकी हिस्से भी कवर हो जाएंगे।"


दिल्ली

IMD ने सोमवार को नई दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया। मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में भारी बारिश हुई और सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 24.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। IMD के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 5.6 mm बारिश हुई।

दिल्ली की मेयर शेली ओबेरॉय ने MCD की मानसून तैयारियों पर बात करते हुए ANI को बताया, “पिछले 15 दिनों में, हमने न केवल MCD अधिकारियों के साथ बल्कि अंतर-विभागीय भी 2-3 बार बैठकें की हैं। हमने PWD, DDA, दिल्ली जल बोर्ड, रेलवे और मेट्रो के अधिकारियों को बुलाया।"

शेली ओबेरॉय ने आगे कहा, "हमने उन सभी तैयारियों पर चर्चा की जो की जानी चाहिए। उन्हें निर्देश दिया गया है कि बेहतर होगा कि सभी अधिकारी एक-दूसरे पर दोषारोपण करने के बजाय समन्वय बनाकर दिल्ली को मानसून के लिए तैयार करने का काम करें।"

IMD के मुताबिक, उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों के अलावा इस साल के मानसून का असर लगभग पूरे देश पर पड़ा है।

हिमाचल प्रदेश

IMD की रिपोर्ट के अनुसार, अगले पांच दिनों तक अचानक बाढ़ और भारी बारिश का सामना कर रहे हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। IMD की ओर से राज्य में मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

शिमला IMD के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने ANI को बताया, "अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना है। राज्य की कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी है।" उन्होंने कहा कि इस साल हिमाचल प्रदेश में उम्मीद से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

IMD ने यह भी कहा कि कांगड़ा, चंबा, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू, शिमला और सोलन जिलों में गरज के साथ कम तीव्रता वाली बारिश होने की संभावना है।

Himachal Flash Floods: चंडीगढ़-मनाली हाईवे फिर से खुला, अब भी कई मुख्य सड़कें बंद, टूरिस्ट के लिए एडवाइजरी जारी

मंगलवार को हिमाचल में भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई, जिससे दरेड़ नाला में तांदी-किलाड़ स्टेट हाइवे-26 बंद हो गया।

राजस्व और आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा के हवाले से ANI ने कहा, "हिमाचल प्रदेश में 24 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। भारी बारिश के कारण अब तक 9 लोगों की जान जा चुकी है, 14 घायल हुए हैं, 4 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि 28 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। अनुमानित नुकसान लगभग ₹104 करोड़ है।"

मुंबई

IMD ने मंगलवार को मुंबई के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने लोगों को मंगलवार और बुधवार के दौरान अगले 24 घंटों में 115.5 mm तक बहुत भारी बारिश की संभावना के बारे में भी आगाह किया है।

पुणे में IMD के एक सीनियर वैज्ञानिक केएस होसालिकर ने कहा, "जैसे-जैसे यह उत्तर की ओर बढ़ रहा है, मुंबई और उपग्रह शहरों सहित कोंकण रीजन में मानसून के और बढ़ने की संभावना है। भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है और IMD ने इसके चलते कोंकण, विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र के लिए भी चेतावनी जारी की है।"

दक्षिण भारत

IMD के अनुसार, केरल के कुछ हिस्सों में 1 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही, 1 जुलाई तक तटीय कर्नाटक में छिटपुट भारी बारिश की भी संभावना है। लक्षद्वीप में भी मंगलवार को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD ने कहा है कि केरल में अब तक कम बारिश हुई है। IMD, केरल के प्रभारी निदेशक डॉ वी के मिनी ने मंगलवार को ANI को बताया, “हमें केरल में केवल जीरो से 65% कम बारिश हुई है। इस सीजन में अब तक केरल के सभी जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।"

बिहार

बिहार के कई इलाकों में मंगलवार को भारी बारिश हुई। ANI ने कहा कि IMD के अनुसार, बिहार में मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

मध्य प्रदेश

IMD ने मंगलवार को बताया कि अगले पांच दिनों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ हिस्सों में आंधी और बिजली के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।