Monsoon Weather Updates: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 जुलाई को मुंबई (Mumbai) के लिए येलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले तीन से चार घंटे के दौरान मुंबई, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधूदुर्ग में अलग-अलग जगहों और कोलहापुर जिले में मध्य से भारी बारिश (Heavy Rains) की संभावना जताई है। इससे पहले सुबह में शहर में हल्की बूंदा बांदी भी हुई थी। नगर निकाय की मानें, तो मुंबई शहर में कहीं भी जलभराव नहीं हुआ है।
दूसरी तरफ दिल्ली (Delhi) में बाढ़ का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। यमुना नदी (Yamuna River) में पानी का लेवल (Water Level) एक बार फिर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। सोमवार को ओल्ड यमुना ब्रिज पर जलस्तर 206.56 मीटर पर पहुंच गया, जो रविवार रात 9 बजे 206.42 मीटर पर बह रही थी। सेंट्रल वॉटर कमिशन के डेटा के अनुसार, पानी का लेवन शनिवार रात 10 बजे 205.02 मीटर, जो रविवार सुबह 9 बजे 205.96 मीटर पर था।
हाथीकुंड बैराज से नदी में छोड़े गए पानी और उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के कारण यमुना नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी देखी गई है। दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि हाथीकुंड बैराज से 2 लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली सरकार हाई अलर्ट पर है।
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को झमाझम बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ITO, राजीव चौक, इंडिया गेट, लोदी रोड, नेहरू स्टेडियम और लाजपत नगर समेत दिल्ली के कुछ हिस्सों के साथ-साथ NCR के कुछ इलाकों में रविवार शाम को हल्की तीव्रता की बारिश की भविष्यवाणी की गई थी। IMD ने दिल्ली में सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भी भविष्यवाणी की है।
हिंडन नदी का जलस्तर भी बढ़ा
इस बीच हिंडन नदी (Hindon River) में जल स्तर बढ़ने पर उत्तर प्रदेश के नोएडा (Noida) और ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के निचले इलाकों के लिए बाढ़ की चेतवानी जारी की है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "निचले इलाकों में कुछ घरों में पानी घुस गया है... एहतियात के तौर पर लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है और हम जल स्तर की निगरानी कर रहे हैं और इसके बारे में जागरूकता फैला रहे हैं।"
PTI की रिपोर्ट के अनुसार, हिंडन नदी के किनारे के गांवों में रहने वाले लोगों को निकाला जा रहा है और शेल्टर होम में शिफ्ट किया जा रहा है। अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट अतुल कुमार ने कहा, "पांच गांवों के लगभग 200 लोगों को निकालकर राहत कैंप में शिफ्ट कर दिया गया है। ये शेल्टर होम प्रशासन की तरफ से लोगों को आवास, भोजन और हेल्थ केयर बनाए गए हैं।"
हिंडन के किनारे बसे करहेड़ा गांव से 50 से ज्यादा लोगों को बचाया गया। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीम और साहिबाबाद पुलिस ने गांव के निवासियों को शिफ्ट करने के लिए मोटरबोट का इस्तेमाल किया।