MSRTC Strike: गणपति उत्सव से पहले महाराष्ट्र में बस कर्मचारियों की हड़ताल, दूसरे दिन 251 में से 63 बस डिपो पूरी तरह बंद

MSRTC Strike: गणपति उत्सव से ठीक पहले महाराष्ट्र के राज्य बस परिवहन के कर्मचारियों ने अघोषित हड़ताल शुरू कर दी है। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के अनुसार राज्य भर में 251 में से 63 डिपो से बसें नहीं चल रही हैं। समान वेतन की मांग को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर हैं

अपडेटेड Sep 04, 2024 पर 12:55 PM
Story continues below Advertisement
MSRTC Strike: हड़ताल के कारण महाराष्ट्र की 251 बस डिपो में से 63 बस डिपो पूरी तरह बंद हैं

MSRTC Strike: सैलरी बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार (4 सितंबर) को दूसरे दिन भी जारी है। इससे परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं। खासकर गणेश उत्सव से पहले हुई इस हड़ताल से लाखों यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी राज्य सरकार के कर्मचारियों के समान वेतन और राज्य क्षेत्र के अपने समकक्षों के समान वेतनमान समायोजन की मांग कर रहे हैं।

MSRTC के एक प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा कि 11 ट्रेड यूनियनों की कार्य समिति द्वारा आहूत हड़ताल के कारण निगम के कुल 251 बस डिपो में से 63 बस डिपो पूरी तरह बंद रहे। वहीं 73 बस डिपो आंशिक रूप से बंद रहे। जबकि शेष 115 पूरी तरह संचालित रहे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बुधवार शाम सह्याद्री गेस्ट हाउस में एमएसआरटीसी ट्रेड यूनियन नेताओं के साथ बैठक बुलाई है।

हजारों यात्री हुए परेशान


हड़ताल के कारण राज्य भर में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। नियमित सेवाओं के अलावा, एमएसआरटी की गणेश उत्सव के लिए विशेष बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। बता दें कि मुंबई में 10 दिवसीय गणेश उत्सव 7 सितंबर से शुरू हो रहा है।

MSRTC के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न समूहों द्वारा बुक की गईं 4,300 सेवाओं सहित कुल 5,000 अतिरिक्त 'त्यौहार विशेष बसें' तीन से सात सितंबर के बीच मुंबई, ठाणे और पालघर खंडों से संचालित करने की योजना थी। बुधवार को एक हजार से अधिक ऐसी बसें कोंकण के लिए रवाना होने वाली थीं।

FIR दर्ज करने के निर्देश

MSRTC प्रशासन ने कहा कि एक औद्योगिक अदालत ने हड़ताल को अवैध घोषित कर दिया है। ट्रेड यूनियनों तथा कर्मचारियों को काम पर लौटने का निर्देश दिया है। निगम ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे ड्यूटी पर आने के इच्छुक कर्मचारियों के काम में बाधा डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज करें। साथ ही ऐसी घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग करें। हड़ताल के प्रभाव को देखते हुए, MSRTC बिना किसी रूकावट के सेवा सुनिश्चित करने के लिए कॉन्ट्रेक्ट पर चालकों और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति पर विचार कर रहा है।

ये भी पढ़ें- मुंबई में BMC अधिकारी ने घूस के पैसे टॉयलेट में बहाए, ACB ने कई गटर खंगाले, मिली नोटों की गड्डी

हड़ताल ने यात्रियों को बुरी तरह प्रभावित किया है। खासकर 7 सितंबर से शुरू होने वाले आगामी गणेश उत्सव के लिए कोंकण जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गणेश उत्सव की यात्रा पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए MSRTC ने 3 से 7 सितंबर तक अतिरिक्त 5,000 बसें चलाने की योजना बनाई है। हालांकि इनमें से 4,953 बसें पहले ही पूरी तरह से बुक हो चुकी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।