Mumbai Rains: मुंबई में बारिश का येलो अलर्ट जारी, ठाणे और पालघर में ऑरेंज अलर्ट

Mumbai Rains Updates: मुंबई में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। इस मौमस विभाग ने मुंबई में शुक्रवार तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई से सटे ठाणे और पालघर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा सिंधुदुर्ग, पुणे, कोल्हापुर, सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है

अपडेटेड Jul 18, 2024 पर 11:19 AM
Mumbai Rains Updates: मौसम विभाग ने मुंबई में हाई टाइड आने की चेतावनी जारी की है।

मुंबई में पिछले एक हफ्ते से मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग (Indian Meteorological Department – IMD) ने शहर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने आज (18 जुलाई 2024) ठाणे और पालघर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आज (18 जुलाई 2024) 10 बजे तक मुंबई शहर में प्रति घंटे 5 से 15 मिमी बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई के कोलाबा में मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह 7.30 बजे तक पिछले 24 घंटे में 83 मिमी बारिश दर्ज की है। वहीं इसी दौरान माटुंग स्टेशन में 89 मिमी बारिश हुई है।

महाराष्ट्र में मौसम का हाल


मौसम विभाग ने कहा है कि कोंकण-गोवा के ज्यादातर इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। जबकि दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और उत्तर मध्य महाराष्ट्र के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों की बात करें तो रायगढ़, सिंधुदुर्ग, पुणे, कोल्हापुर, सतारा में आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि यवतमाल, वाशिम, वर्धा, नागपुर, गढ़चिरौली, बुलढाणा, अमरावती, अकोला, नांदेड़, हिंगोली समेत राज्य के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। रत्नागिरी में आज भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। जिससे अलग-अलग शहरों में बाढ़ की समस्या बढ़ रही है। इसके साथ ट्रैफिक जाम की भी समस्या बढ़ती जा रही है।

हाई टाइड की आशंका

ठाणे, मुंबई उपनगर, मुंबई शहर और डोंगी पॉइंट से बेलापुर तक महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों के लिए हाई टाइड की चेतावनी जारी की गई है। समुद्र में 3.4 से 3.6 मीटर की ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को समुद्र तट से दूर रहने की सलाह दी है।

तालाब के इलाकों में कम हुई बारिश

मुंबई में पिछले कई दिनों से काफी बारिश हुई है। लेकिन मुंबई को जलापूर्ति करने वाले तालाब के इलाकों में बेहद कम बारिश हुई है। इससे ताबाल पानी का स्टॉक 37 फीसदी ही बचा है। मुंबई महानगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि पानी की स्थिति अभी सामान्य नहीं है। रविवार को भारी बारिश की वजह से पानी का भंडार 77,849 मिलियन लीटर की बढ़ोतरी हुई है। लेकिन मंगलवार से बारिश की तीव्रता में कमी आई है। बीएमसी के मुताबिक, बुधवार को पानी का स्टॉक 5.46 लाख मिलियन लीटर था। वहीं मुंबई महानगर पालिका के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने कहा कि हमें उम्मीद है कि अभी अच्छी बारिश होगी। लेकिन अभी स्थिति अच्छी नहीं है। मौजूदा समय में जो पानी का स्टॉक है यह अक्टूबर मध्य तक चलेगा।

Mumbai Rains: मुंबई में मूसलाधार बारिश, ट्रैफिक जाम, ट्रेनों के समय में बदलाव, हाई टाइड की चेतावनी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।