इंदौर में मुस्लिम चूड़ी विक्रेता की पिटाई पर बवाल, मंत्री बोले- हिंदू नाम रख बेच रहा था चूड़ियां

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है

अपडेटेड Aug 23, 2021 पर 10:17 PM
Story continues below Advertisement

रक्षाबंधन के मौके पर मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार को फेरी लगाकर चूड़ी बेच रहे एक 25 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति को पांच-छह लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर नाम पूछकर पीट दिया। घटना का वीडियो वायरल होने पर मचे बवाल के बाद शामिल लोगों के खिलाफ सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने तथा अन्य संगीन आरोपों में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर लोगों के जमा होने के बाद देर रात मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार दोपहर की है, वायरल वीडियो में इंदौर के बाणगंगा इलाके में समूह में शामिल लोग चूड़ी बेचने वाले व्यक्ति को पीटते दिखाई दे रहे हैं, जबकि वह उनसे छोड़ देने का आग्रह कर रहा है। कथित तौर पर लोगों ने उससे 10,000 रुपये भी छीन लिए। हमलावरों को अभद्र भाषा और धार्मिक अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुना जाता है।

पुलिस जांच का हवाला देते हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) ने कहा कि उस व्यक्ति पर हमला तब किया गया जब लोगों ने महसूस किया कि वह अपना कारोबार चलाने के लिए एक नकली हिंदू नाम का उपयोग कर रहा था। मिश्रा ने कहा कि जांच में यह पाया गया कि वह व्यक्ति हिंदू नाम से चूड़ियां बेच रहा था।


ITR पोर्टल में आई गड़बड़ियों की वजह से बढ़ाई जा सकती है आयकर रिटर्न फाइल करने की डेडलाइन

बीजेपी नेता ने बताया कि उसके पास अलग-अलग नामों से दो आधार कार्ड थे, जिन्हें बरामद कर लिया गया है। वह सावन के महीने में बेटी-बहनों को चूड़ी पहना रहा था, तब यह विवाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों पक्षों पर सख्‍त कारवाई होगी।

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले चूड़ी विक्रेता तस्लीम अली ने रविवार देर रात सेंट्रल कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि गोविंद नगर में पांच-छह लोगों ने उसका नाम पूछा और जब उसने अपना नाम बताया, तो उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया।

उन्होंने बताया कि चूड़ी विक्रेता ने अपनी शिकायत में यह आरोप भी लगाया कि लोगों ने उसके लिए सांप्रदायिक तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और उससे 10,000 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के साथ ही करीब 25,000 रुपये मूल्य की चूड़ियां छीन लीं।

अधिकारी ने बताया कि चूड़ी विक्रेता को पीटने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। चश्मदीदों ने बताया कि चूड़ी विक्रेता के पक्ष में जुटे लोगों के भारी हंगामे के मद्देनजर सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात बड़ी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था और आला पुलिस अधिकारी भी वहीं मौजूद थे।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें.

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।