Nagaland Civilian Deaths: नगालैंड में 11 नागरिकों की मौत पर बवाल, सेना ने ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ का दिया आदेश

फायरिंग के बाद में ग्रामीणों के साथ हुई झड़पों में एक सैनिक की भी मौत हो गई

अपडेटेड Dec 05, 2021 पर 1:44 PM
नगालैंड में 11 नागरिकों की मौत पर बवाल

Nagaland Civilian Deaths: भारत के पूर्वोत्तर राज्य नगालैंड के मोन जिले में शनिवार शाम को सुरक्षाबलों द्वारा कथित रूप से की गई फायरिंग में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल उत्पन्न हो गया है। इलाके में फायरिंग के चलते नागरिकों की मौत से गुस्साए गांववालों ने सुरक्षाबलों की गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।

'कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी' के आदेश

इस बीच भारतीय सेना ने नगालैंड के मोन जिले में उग्रवाद रोधी अभियान के दौरान कई आम लोगों की मौत होने के मामले की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ का रविवार को आदेश दिया और इस घटना पर गहरा खेद जताया। नगालैंड की राजधानी कोहिमा में पुलिस ने पीटीआई को बताया कि सुरक्षाबलों की कथित गोलीबारी में कम से कम 11 आम लोगों की मौत हो गई और वह यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि क्या यह गलत पहचान किए जाने से जुड़ी घटना है।


राजनाथ सिंह ने ली घटना की जानकारी

सेना ने एक बयान में कहा कि लोगों की मौत की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ के जरिए उच्चतम स्तर पर जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे को घटना की जानकारी दी गई है। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि म्यांमा की सीमा से लगने वाले मोन जिले में उग्रवादियों की संभावित गतिविधियों की विश्वसनीय खुफिया जानकारी के आधार पर अभियान चलाया गया था।

Business Idea: सिर्फ 10,000 रुपये में शुरू करें काली मिर्च का बिजनेस, हर महीने होगी लाखों रुपये की कमाई

सेना ने एक बयान में कहा कि यह घटना और इसके बाद जो हुआ, वह अत्यंत खेदजनक है। लोगों की मौत की इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों की ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ के जरिए उच्चतम स्तर पर जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी। इसने कहा कि कई सुरक्षाकर्मी अभियान में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और एक जवान की मौत हो गई है।

सीएम ने 'अत्यंत निंदनीय' करार दिया

इस बीच, नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने इस घटना को ‘अत्यंत निंदनीय’ करार दिया। उन्होंने कहा कि मोन के ओटिंग में आम लोगों की मौत की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत निंदनीय है। मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मामले की एसआईटी (विशेष जांच दल) से उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और कानून के अनुसार न्याय किया जाएगा। मैं सभी वर्गों से शांति बनाए रखने का आग्रह करता हूं।

इधर, गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। शाह ने ट्वीट कर कहा है कि नगालैंड के ओटिंग की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से काफी दुखी हूं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। राज्य सरकार द्वारा गठित उच्च स्तरीय एसआईटी इस घटना की गहन जांच करेगी ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय सुनिश्चित किया जा सके।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।