केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार अपने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) कार्यक्रम को लगभग दो करोड़ अतिरिक्त जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने पर विचार कर रही है। बता दें कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के गरीब, वंचित और कमजोर तबके के 10.76 करोड़ परिवारों को स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी जाती है। इन परिवारों को सालाना 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा मिलता है।
उच्च पदस्थ सरकारी सूत्रों ने News18.com से कहा कि सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) योजना के लिए जरूरतमंद लाभार्थियों की पहचान करने और उन तक पहुंचने के लिए सामाजिक आर्थिक और जाति जनगणना (एसईसीसी) के अलावा अन्य डेटाबेस पर भी विचार कर सकती है।
आयुष्मान भारत योजना देश में 14 अप्रैल 2018 को शुरू की गई थी। यह दुनिया की सबसे बड़ी सरकार द्वारा वित्त पोषित सार्वजनिक स्वास्थ्य बीमा योजना है जो अस्पताल में इलाज के लिए 10.76 करोड़ गरीब और कमजोर परिवारों (50 करोड़ से अधिक लाभार्थियों) को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये का कवर प्रदान करती है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरणकार्यक्रम का कार्यान्वयन प्राधिकरण है और अब तक लाभार्थियों की पहचान केवल एसईसीसी डेटा के आधार पर की जाती है। योजना के कार्यान्वयन में शामिल एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि आयुष्मान भारत कार्यक्रम के कवरेज को लगभग दो करोड़ अतिरिक्त परिवारों तक विस्तारित करने की योजना केंद्रीय कैबिनेट से अनुमोदन के अधीन है।
नवंबर 2021 तक, NHA ने लगभग 17 करोड़ आयुष्मान भारत कार्ड- 10.66 करोड़ PM-JAY कार्ड और 5.85 करोड़ राज्य कार्ड बनाए थे। सूत्रों ने कहा कि एनएचए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे अन्य डेटाबेस को देखेगा, जिसमें योजना को सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए 80 करोड़ से अधिक लोगों को शामिल किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि राशन कार्ड धारकों के अलावा, हम प्रधानमंत्री जन-धन योजना के डेटाबेस को भी देखेंगे। वर्तमान में, 23,000 अस्पताल स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत सूचीबद्ध हैं। इसमें 9,361 निजी और 13,470 सरकारी अस्पताल शामिल हैं।