New Delhi Railway Station : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात को भगदड़ मचने से महिलाओं और बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हो गई। इस भगदड़ में कई लोह घायल भी बताए जा रहे हैं। इस घटना को लेकर रेलवे ने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने अब बड़ा बयान दिया है।
केंद्रीय मंत्री का बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने रविवार को कहा कि, रेल मंत्रालय इस बात की जांच कर रहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ के पीछे कोई “साजिश या फर्जी खबर” तो नहीं थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर घटी घटना को लेकर उठे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के इस्तीफे की मांग के बीच केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि, वह अपने पद के लिए बेहद सक्षम हैं। यह बहुत दुखद घटना है। हम और हमारी सरकार बहुत दुखी हैं। उन्होंने ने कहा, "रेल मंत्रालय इस घटना की जांच कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या कोई साजिश या फर्जी खबर फैलाई गई थी, जिसके कारण ऐसी घटना हुई।"
घटना को लेकर रेलवे ने शुरू की जांच
बता दें कि इस घटना की जांच के लिए भारतीय रेलवे ने दो सदस्यीय पैनल का गठन किया है। समिति में उत्तर रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) नरसिंह देव और प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (पीसीएससी) पंकज गंगवार शामिल हैं। रेलवे ने कहा कि पैनल ने घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है, जिसके तहत उसने रेलवे स्टेशन के सभी सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित करने का आदेश दिया है। रेलवे ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
इस घटना को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, "यह घटना एक बार फिर रेलवे की विफलता और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। वहीं आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि,
"वे इस बात से इनकार करने की कोशिश कर रहे हैं कि ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं। सरकार की टालमटोल और असंवेदनशीलता की प्रवृत्ति कब तक जारी रहेगी? सरकार और रेल मंत्री की जिम्मेदारी कब तय होगी।"