राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (Aligarh Muslim University) के 19 वर्षीय एक छात्र को वैश्विक आतंकवादी संगठन ISIS का सदस्य होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। NIA ने छात्र के झारखंड स्थित मकान तथा उत्तर प्रदेश में किराए के मकान की तलाशी लेने के बाद छात्र को गिरफ्तार किया। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि देश में चल रहे ISIS के मॉड्यूल्स के खिलाफ जारी कार्रवाई के क्रम में छात्र फैजान अंसारी उर्फ फैज (Faizan Ansari alias Faiz) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद फैज को रांची NIA की विशेष अदालत में पेशी के बाद बिरसा मुंडा जेल भेज दिया गया है।
फैजान देश में दुनिया के सबसे खूंखान आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (ISIS) के कैडर बेस को समृद्ध करने में एक्टिव था। वह आतंकी संगठन ISIS के विदेशी संचालकों के संपर्क में था और भारत में हिंसक कार्रवाई की योजना बना रहा था।
NIA के एक अधिकारी न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि झारखंड के लोहरदगा जिले में अंसारी के घर और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में किराए के कमरे पर 16 और 17 जुलाई को तलाशी ली गई थी। इस दौरान उसके कमरे से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री और दस्तावेज जब्त किए गए।
अधिकारी ने आगे बताया कि अंसारी ने भारत में ISIS गतिविधियों का समर्थन करने और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संगठन के प्रचार के वास्ते अपने सहयोगियों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ आपराधिक साजिश रची थी।
NIA के मुताबिक, इस साजिश का मकसद ISIS की तरफ से भारत में आतंकी हमले करना है। अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि अंसारी और उसके सहयोगियों ने इस्लामिक स्टेट इराक एंड सीरिया का साथ देने का प्रण किया है। फिलहाल, NIA विदेशी साजिश के सभी बिंदुओं को उजागर करने के लिए आगे की जांच जारी रखी है।