Shocking Murder Case: निक्की यादव, श्रद्धा वालकर और मेघा थोरवी... तीनों प्रेम कहानियों का दर्दनाक अंत
Shocking Murder Case: 8 वर्षीय आफताब अमीन पूनावाला ने पिछले साल 18 मई 2022 को अपनी 25 साल की ‘लिव इन पार्टनर’ श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और उसके शव के कई टुकड़े कर उन्हें करीब तीन हफ्ते तक फ्रिज में रखा। बाद में उसने शव के टुकड़ों को शहर में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था
हाल में सामने आई एक चौंकाने वाली घटना में 24 वर्षीय व्यक्ति साहिल गहलोत ने अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका निक्की यादव की गला दबाकर हत्या कर दी, उसके शरीर को फ्रिज के अंदर रख दिया
दिल्ली में श्रद्धा वालकर (Shraddha Walkar Murder Case) हत्याकांड मामले के महीनों बाद राष्ट्रीय राजधानी और मुंबई में दो अन्य महिलाओं की जघन्य हत्याएं की गई। तीनों महिलाओं में एक बात समान थी, वो यह कि उन्हें उनके प्रेमियों ने ही मार डाला। इन तीनों घटनाओं ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है। श्रद्धा वालकर को लगभग 9 महीने हो गए हैं। इसके बाद हत्यकांड की कई खबरें सामने आईं, लेकिन हाल के निक्की यादव (Nikki Yadav Murder Case) और मेघा थोरवी (Megha Thorvi Murder Case) की हत्याओं के मामलों ने फिर से लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
निक्की यादव हत्याकांड
एक चौंकाने वाली घटना में 24 वर्षीय व्यक्ति साहिल गहलोत ने अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका निक्की यादव की गला दबाकर हत्या कर दी, उसके शरीर को फ्रिज के अंदर रख दिया और उसी दिन दूसरी महिला से शादी करने चला गया। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मित्रांव गांव के रहने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह घटना 14 फरवरी को तब सामने आई जब आरोपी द्वारा कथित रूप से प्रेमिका की हत्या करने के चार दिन बाद पुलिस ने पीड़िता का शव बरामद किया। आरोपी की निशानदेही पर मंगलवार सुबह रेफ्रिजरेटर से निक्की यादव का शव बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, निक्की, साहिल से शादी करना चाहती थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को छिपाने के बाद आरोपी अपने घर चला गया और शादी से पहले के जश्न में शामिल हुआ। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने निक्की से यह बात छिपाई थी कि वह दूसरी महिला से शादी करने जा रहा है। जब निक्की को इस बारे में पता चला तो उसकी साहिल से बहस हो गई, जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गई।
वे पिछले कुछ सालों से रिलेशनशिप में थे और निक्की साहिल से शादी करना चाहती थीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कथित हत्या 9 और 10 फरवरी की दरम्यानी रात को हुई, जब पीड़िता ने आरोपी से अपनी शादी के बारे में बात की। मृतक निकी यादव झज्जर जिले के गांव खेड़ी की रहने वाली थी।
मेघा थोरवी हत्याकांड
महाराष्ट्र के पालघर में एक 40 वर्षीय बेरोजगार शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी और उसके शव को बेड में छिपा दिया। उसने ट्रेन से भागने से पहले घर का सारा सामान बेच दिया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि हालांकि, आरोपी हार्दिक राजू शाह 650 किमी दूर मध्य प्रदेश से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, शाह एक कॉल सेंटर में काम करता था, लेकिन कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन के बाद से बेरोजगार था। जबकि उसकी 37 वर्षीय पत्नी मेघा धनसिंह थोरवी घर का खर्च चलाने के लिए नर्स के रूप में काम कर रही थी।
दोनों तीन साल पहले एक सोशल मीडिया साइट के माध्यम से मिले थे, अगस्त 2022 में शादी कर ली और पिछले छह महीनों से पालघर जिले के नल्ला सोपारा शहर के तुलिंज इलाके में सीतासदन अपार्टमेंट में किराए के फ्लैट में रहने लगे। पुलिस के मुताबिक, पिछले साल शादी करने के बाद कपल लगभग रोजाना लड़ते थे, क्योंकि शाह को कोई काम नहीं मिला, घर का सारा खर्च अपनी पत्नी पर छोड़ दिया।
11 फरवरी को घरेलू विवाद के बाद, शाह ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और गुस्से में उसकी हत्या कर दी, उसके शरीर को बेड के अंदर छुपा दिया। फिर घर से भागने की योजना बनाई। कुछ पैसे इकट्ठा करने के लिए, शाह ने पहले घर का सारा सामान आस-पड़ोस के लोगों को बेच दिया, फिर बिस्तर से निकलने वाली सड़ती लाश की बदबू को दूर करने के लिए ढेर सारी अगरबत्तियां जलाईं।
पड़ोसियों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार को आधी रात हत्या का मामला दर्ज किया और अगली सुबह शाह को पकड़ लिया। पहले, शाह के पिता कपल को हर महीने 20,000 रुपये देकर उनकी मदद करते थे, लेकिन कुछ महीने पहले उनके और उनकी बहू के बीच अनबन होने के बाद, उन्होंने अचानक उनकी आर्थिक मदद करना बंद कर दिया।
श्रद्धा वालकर हत्याकांड
उपरोक्त दोनों घटना श्रद्धा वालकर हत्याकांड के कुछ महीने बाद हुई है। 28 वर्षीय आफताब अमीन पूनावाला ने पिछले साल 18 मई 2022 को अपनी 25 साल की ‘लिव इन पार्टनर’ श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और उसके शव के कई टुकड़े कर उन्हें करीब तीन हफ्ते तक फ्रिज में रखा। बाद में उसने शव के टुकड़ों को शहर में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में 24 जनवरी को 6,629 पन्नों का चार्जशीट दाखिल किया था।
दिल्ली पुलिस ने अपनी चार्जशीट में दावा किया है कि आरोपी ने खुलासा किया है कि वह कई महिलाओं के संपर्क में था, जिसके कारण उनके बीच बहस हुई। चार्जशीट में कहा गया है कि श्रद्धा ने पुलिस द्वारा जांच किए गए गवाहों में से एक को यह भी बताया कि वह बीमारी के बहाने ऑफिस से अक्सर छुट्टी लेती थी, क्योंकि पूनावाला उसे पीटता था।
हत्याकांड के बारे में काफी दिनों बाद पता चला जब श्रद्धा से उसके दोस्तों का संपर्क नहीं हो पाया। दोस्तों ने महाराष्ट्र में रह रहे श्रद्धा के परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तफ्तीश शुरू हुई और 12 नवंबर को दिल्ली पुलिस ने आरोपी आफताब पूनावाला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जैसे-जैसे केस में पुलिस की जांच आगे बढ़ती गई, नए-नए खुलासों से लोग दंग होते गए।