Nikki Yadav Murder Case News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड जैसा एक और खौफनाक मामला सामने आया है। जहां लिव इन रिलेशन में रह रहे 24 वर्षीय प्रेमी साहिल गहलोत (Sahil Gahlot) ने अपनी 22 वर्षीय गर्लफ्रेंड निक्की यादव (Nikki Yadav) की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसका शव अपने ढाबे के फ्रिज में छिपा कर रख दिया। इतना ही नहीं उसने एक दिन बाद दूसरी युवती से शादी कर ली। मृतक निकी यादव झज्जर जिले के गांव खेड़ी की रहने वाली थी। पुलिस ने बताया कि यह घटना दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में 9 और 10 फरवरी की दरमियानी रात हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साहिल दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मित्रांव गांव का रहने वाला है।
सूत्रों के मुताबिक, कथित अपराध के दौरान आरोपी साहिल गहलोत द्वारा इस्तेमाल की गई कार उसके चचेरे भाई की है, जिसकी पहचान आशीष के रूप में हुई है। साहिल निक्की से मिलने के लिए अपने परिवार को बताए बिना अपने चचेरे भाई की कार लेकर घर से निकल गया था और फिर दोनों निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से पीड़िता को गोवा जाने वाली ट्रेन में सवार होना था।
पूछताछ के दौरान, आरोपी साहिल ने दावा किया कि वह भी निक्की के साथ गोवा जाना चाहता था, लेकिन टिकट नहीं मिलने के कारण वह नहीं जा सका। फिर, दोनों ने गोवा जाने का प्लान बदलकर हिमाचल प्रदेश जाने का फैसला किया। इसके बाद वे आनंद विहार ISBT बस स्टैंड गए, लेकिन पता चला कि हिमाचल के लिए बसें नहीं हैं। सूत्रों ने कहा कि कश्मीरी गेट की ओर जाते समय दोनों के बीच बहस शुरू हो गया।
दोनों के बीच शादी को लेकर शुरू हुआ विवाद
दरअसल, निक्की को पता चल गया था कि साहिल एक दूसरी लड़की से शादी करने वाला है। जब उसने उससे इस बारे में सवाल किए, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। उस कहासुनी की वजह से साहिल ने गुस्से में आकर पहले मोबाइल केबल से निक्की का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस पूरी हत्याकांड को साहिल ने कार में ही अंजाम दिया। उसके बाद कई घंटों तक वो निक्की के शव को लेकर कार में घूमता रहा और फिर बाबा हरिदास थाने के पास वाले एक ढाबे में ठिकाने लगा दिया।
निक्की की हत्या को कुछ घंटे ही हुए थे, लेकिन दूसरी तरफ साहिल ने अपनी शादी की तैयारी शुरू कर दी। उसके परिवार वालों ने एक लड़की को पहले से ही पसंद कर रखा था। फिर उसी दिन शादी भी करवा दी गई। सूत्रों ने कहा कि पुलिस को यह भी शक है कि साहिल ने निक्की को मना लिया था कि वह शादी नहीं करने जा रहा है और उसके साथ यात्रा करने के लिए तैयार है।
पुलिस ने बताया कि यह खौफनाक घटना वेलेंटाइन डे (14 फरवरी) के दिन सामने आई। आरोपी की निशानदेही पर मंगलवार सुबह रेफ्रिजरेटर से निक्की यादव (Nikki Yadav) का शव बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, निक्की, साहिल से शादी करना चाहती थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को छिपाने के बाद आरोपी अपने घर चला गया और शादी से पहले के जश्न में शामिल हुआ।
आरोपी साहिल ने बताया कि जब वो SSC परीक्षा के लिए उत्तम नगर के एक कोचिंग सेंटर में जाया करता था, तब निक्की भी आकाश इंस्टीट्यूट में पढ़ाई कर रही थी। दोनों सेम बस से ही सफर करते थे, ऐसे में पहले दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। 2018 में फिर दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रहने लगे, आरोपी ने इस बारे में अपने परिवार को कुछ नहीं बताया था। ऐसा माना जा रहा है कि साहिल भी श्रद्धा की तरह निक्की की लाश के टुकड़े करने की योजना बना रहा था।
बता दें कि दक्षिण पश्चिमी दिल्ली में हुई यह घटना श्रद्धा वालकर हत्याकांड के कुछ महीने बाद हुई है। 28 वर्षीय आफताब अमीन पूनावाला ने पिछले साल 18 मई को अपनी ‘लिव इन पार्टनर’ श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी थी और उसके शव के कई टुकड़े कर उन्हें करीब तीन हफ्ते तक फ्रिज में रखा। बाद में उसने शव के टुकड़ों को शहर में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था।