National Highway: दिल्ली से बिहार की दूरी ट्रेन से भी कम वक्त में पूरी हो जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) ने बक्सर में 3,390 करोड़ रुपए की दो नेशनल हाइवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। 92 किमी लंबे 4 लेन नेशनल हाइवे उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेस के जरिए बिहार को दिल्ली से कनेक्ट कर रहे हैं। नितिन गडकरी ने बताया कि NH-922 पर 1662 करोड़ रुपये की लागत से 44 किलोमीटर लंबा 4-लेन वाला कोइलवर से भोजपुर खंड तैयार किया गया है। बता दें कि एनएच-922 पर 48 किलोमीटर 4-लेन भोजपुर से बक्सर खंड 1728 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
10 घंटे में बिहार से दिल्ली का सफर
इससे बिहार से लखनऊ होते हुए दिल्ली पहुंचना आसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली पहुंचने में लगने वाला 15 घंटे का समय अब घटकर 10 घंटे हो जाएगा। गडकरी कहा कि इस सड़क से आरा में ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी। कृषि उत्पादों की नए बाजार तक पहुंच आसान हो जाएगी। इन हाईवे के चालू हो जाने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी आसान होगी। उद्धघाटन समारोह के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे (Ashwini Kumar Choubey) बिहार BJP अध्यक्ष संजय जायसवाल (Sanjay Jaiswal) और अन्य बड़े अधिकारी मौजूद रहे। इन दोनों ही हाइवे के तैयार होने से बिहार और इससे सटे पूर्वांचल इलाके में यातायात काफी आसान हो जाएगा।
एक्सप्रेसवे पर 5 बड़े और 13 छोटे पुल
हाईवे पर 37 अंडरपास पैदल चलने वालों और वाहनों की आवाजाही की सुविधा मुहैया कराई गई है। 5 बड़े पुलों और 13 छोटे पुल बनाए गए हैं। जिससे हल्के और भारी वाहनों की आवाजाही आसान हो जाएगी। गंगा पुल बनाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच का सफर आसान हो जाएगा।