देशभर में प्याज इतना कीमती हो चला है कि अब इसकी चोरी होने लगी है। पश्चिम बंगाल में प्याज की कीमतें 100 रुपए प्रति किलो के ऊपर चली गई हैं, ऐसे में यहां से 50,000 की कीमत के प्याज के चोरी की खबर आई है।
News18 की खबर के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के ईस्ट मिदनापुर जिले में एक प्याज विक्रेता अक्षय दास ने दावा किया है कि उसके दुकान में चोरों ने सेंध लगाकर 50,000 की कीमत के प्याज चुरा ले गए हैं। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने दुकान के गल्ले को छुआ भी नहीं है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को जब उन्होंने दुकान खोली तो सारी चीजें बिखरी पड़ी थीं, उन्हें सेंध लगने का शक हुआ तो उन्होंने अपना गल्ला चेक किया, जिसमें सारे पैसे यूं ही पड़े हुए थे, उन्होंने दुकान में देखा तब उन्हें समझ आया कि चोरों ने प्याज की कई बोरियां चुराई हैं।
बता दें कि देशभर में प्याज की कीमतें 80 से 100 रुपए के आसपास चल रही हैं। कुछ राज्यों में कीमत 100 रुपए से भी ऊपर जा चुकी है। दिल्ली में जहां प्याज के भाव 110 रुपए के आस-पास चल रहे हैं, वहीं, बंगाल में प्याज 120 रुपए किलो मिल रहा है।
स्टॉक में सड़ रहे हैं प्याज
हैरानी की बात यह है कि केंद्रीय उपभोक्ता मंत्री रामविलास पासवान ने बुधवार को संसद में बताया था कि देश में 65,000 टन प्याज का बफर स्टॉक था, जिसमें से 50 फीसदी प्याज सड़ गया है। उन्होंने कहा कि इस साल बारिश और बाढ़ के चलते प्याज की पैदावार में 26 फीसदी की गिरावट आई है, जिसके चलते प्याज की कीमतों पर सरकार का कोई काबू नहीं है।
उन्होंने बताया कि मंडियों की हालत देखकर सरकार ने राज्यों से प्याज की स्टॉक लिमिट को घटाने का निर्देश दिया है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
