कांग्रेस (Congress) ने दावा किया है कि पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा (Pawan Kheda Arrested) को असम पुलिस (Assam police) ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर कहा गया है कि पवन खेड़ा को असम पुलिस गिरफ्तार कर अपने साथ लेकर जा रही है। गिरफ्तारी से पहले असम पुलिस के IGP L&O और स्पॉक्स प्रशांत कुमार भुइयां ने ANI से कहा कि असम के दीमा हसाओ जिले के हाफलोंग थाने में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि मामले के सिलसिले में पवन खेड़ा की रिमांड लेने के लिए असम पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हुई है। हमने दिल्ली पुलिस से उसे (पवन खेड़ा) गिरफ्तार करने का अनुरोध किया है। स्थानीय अदालत से अनुमति लेने के बाद हम उसे असम लाएंगे।
इससे पहले खेड़ा को इंडिगो (IndiGo) की रायपुर (Raipur) जा रही फ्लाइट से उतर जाने के लिए कहा गया था। कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत के मुताबिक, कांग्रेस के कई नेता रायपुर अधिवेशन के लिए जा रहे थे और इसी दौरान दिल्ली पुलिस द्वारा पवन खेड़ा को फ्लाइट से नीचे उतार दिया गया। कांग्रेसी नेताओं ने एयरपोर्ट पर ही बैठकर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने एक बयान में कहा है कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) पर फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया, क्योंकि असम पुलिस (Assam police) ने उन्हें रोकने का अनुरोध किया था।
सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "हम सभी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 204 से रायपुर जाने वाले थे तभी अचानक मेरे सहयोगी पवन खेड़ा को विमान से उतरने के लिए कहा गया। ये किस तरह की मनमानी है? क्या कानून का राज खत्म हो गया है? किस आधार पर और किसके आदेश से ऐसा किया गया?" फिलहाल, खबर लिखे जाने तक इस मामले में इंडिगो या नागरिक उड्डयन विभाग की तरफ से अभी तक कोई बयान नहीं आया है।
पवन खेड़ा ने एक बयान में कहा, "मुझे कहा गया कि आपके सामान को लेकर कुछ समस्या है, जबकि मेरे पास केवल एक हैंडबैग है। जब फ्लाइट से नीचे आया तो बताया गया कि आप नहीं जा सकते हैं। फिर कहा गया- आपसे DCP मिलेंगे। मैं काफी देर से इंतजार कर रहा हूं। नियम, कानून और कारणों का कुछ अता-पता नहीं है।"
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता का जान बूझकर मजाक उड़ाने के आरोप में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा के खिलाफ हाल ही में लखनऊ में FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने एक बीजेपी नेता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि हजरतगंज पुलिस थाने में सोमवार को भारतीय दंड संहिता की धारा 153-A, 500, 504 और 505 (2) के तहत खेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
खेड़ा ने उद्योगपति गौतम अडाणी को लेकर सरकार की आलोचना करते हुए एक विवादित बयान दिया था। पत्रकारों से बातचीत में बीजेपी नेता मुकेश शर्मा ने कहा कि जिस तरीके से कांग्रेस प्रवक्ता (पवन खेड़ा) ने एक बयान दिया है, उससे लोगों की भावनाएं आहत होंगी। शर्मा ने आरोप लगाया कि उन्होंने (खेड़ा) प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता का जान बूझकर मजाक बनाने का प्रयास किया।