PM मोदी बुधवार को UP के कुशीनगर इंटरनेशनल एयर पोर्ट का करेंगे उद्घाटन

कुशीनगर बौद्ध सर्किट का केंद्र बिंदु है, जिसमें लुंबिनी, सारनाथ और गया के तीर्थ स्थल शामिल हैं

अपडेटेड Oct 18, 2021 पर 9:04 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भारत में बौद्ध तीर्थयात्रियों की हवाई यात्रा जरूरतों की सुविधा के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश में कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Kushinagar International Airport) का उद्घाटन करेंगे। मंत्रालय के बयान में कहा गया है, "उद्घाटन उड़ान कोलंबो, श्रीलंका से कुशीनगर हवाई अड्डे पर 125 गणमान्य व्यक्तियों और बौद्ध भिक्षुओं को लेकर उतरेगी।"

मंत्रालय ने कहा कि कुशीनगर एक अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थस्थल है जहां भगवान गौतम बुद्ध ने महापरिनिर्वाण प्राप्त किया था। हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद, प्रधान मंत्री बुधवार को बौद्ध स्थल महापरिनिर्वाण स्तूप और मंदिर में एक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे, जिसमें श्रीलंकाई बौद्ध भिक्षु और श्रीलंका सरकार के मंत्री भाग लेंगे।

कुशीनगर बौद्ध सर्किट का केंद्र बिंदु है, जिसमें लुंबिनी, सारनाथ और गया के तीर्थ स्थल शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी प्रधानमंत्री के साथ हवाई अड्डे के उद्घाटन में मौजूद रहेंगे।

कुशीनगर हवाई अड्डे की नई टर्मिनल बिल्डिंग, जो 3,600 वर्ग मीटर में फैली है, उसका निर्माण 260 करोड़ रुपए की लागत से किया गया था, जिसे केंद्र द्वारा संचालित एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से बनाया था। इस एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग व्यस्त समय के दौरान 300 यात्रियों को संभालने में सक्षम है।

बयान में कहा गया कि दक्षिण एशियाई देशों के साथ सीधे विमानन संपर्क से श्रीलंका, जापान, ताइवान, दक्षिण कोरिया, चीन, थाईलैंड, वियतनाम, सिंगापुर से आने वाले पर्यटकों के लिए कुशीनगर पहुंचना और क्षेत्र की समृद्ध विरासत का अनुभव करना आसान हो जाएगा। साथ ही एयर पोर्ट के उद्घाटन के साथ पर्यटन प्रवाह (Tourism Flow) में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

इस हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद बौद्ध सर्किट के लुंबिनी, बोधगया, सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, राजगीर, संकिसा और वैशाली की यात्रा कम समय में पूरी की जाएगी।


कोरोनावायरस महामारी के कारण पिछले साल 23 मार्च से भारत में शेड्यूल इंटरनेशनल पैसेंजर सर्विस को निलंबित कर दिया गया है, लेकिन वंदे भारत मिशन के तहत मई 2020 से और जुलाई 2020 से लगभग 28 देशों के साथ द्विपक्षीय "एयर बबल" व्यवस्था के तहत विशेष अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित हो रही हैं।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।