केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने बुधवार को लोकसभा (Lok Sabha) में अपने भाषण के दौरान कांग्रेस (Congress) सांसद राहुल गांधी पर परोक्ष हमला बोला। अमित शाह ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव (No Confidence Motion) पर बहस का जवाब देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) भारत की आजादी के बाद से सबसे भरोसेमंद पीएम हैं।गृह मंत्री ने कांग्रेस सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा, "जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के कार्यकाल में सबसे ज्यादा सांप्रदायिक हिंसा हुई।"
न्यूज एजेंसी ANI ने निचले सदन में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान शाह के हवाले से कहा, "इस सदन में एक सदस्य ऐसा भी है, जो 13 बार राजनीति में उतर चुका है। ये सदस्य सभी 13 बार असफल रहा। मैंने एक लॉन्चिंग देखी है, जब वह बुन्देलखण्ड की कलावती नाम की एक गरीब महिला से मिलने गए थे। लेकिन आपने उसके लिए क्या किया? मोदी सरकार ने उन्हें घर, राशन, बिजली मुहैया कराई है।"
2008 में तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान बोलते हुए राहुल गांधी ने उनके घर जाने का जिक्र किया था।
राहुल गांधी पर शाह का ये तंज, तब आया जब हाल ही में उनकी संसदी वापस मिली, जिसके बाद पहली बार वह सदन में बोले। गांधी ने मणिपुर हिंसा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला।
राहुल ने आज सदन में कहा, “मैं कुछ दिन पहले मणिपुर गया था। हमारे प्रधानमंत्री वहां नहीं गए, अब तक वहां नहीं गए। वह मणिपुर को भारत का हिस्सा नहीं मानते। मैंने मणिपुर शब्द का इस्तेमाल किया, लेकिन हकीकत तो ये है कि कोई मणिपुर बचा ही नहीं है। आपने मणिपुर को दो हिस्सों में विभाजित कर दिया है, आपने मणिपुर को तोड़ दिया है।”
वायनाड से कांग्रेस सांसद ने कहा, “जैसा कि मैंने कहा था। भारत लोगों की आवाज है। आपने मणिपुर में उस आवाज को मार डाला। इसका मतलब है कि आपने मणिपुर में भारत माता की हत्या की।"
अपने भाषण के तुरंत बाद, गांधी सदन में कथित तौर पर 'फ्लाइंग किस' करने के लिए BJP के निशाने पर आ गए। भगवा पार्टी की महिला सांसदों ने कांग्रेस नेता पर 'अशोभनीय' व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए स्पीकर से उनकी शिकायत की है.