केजरीवाल को गिरफ्तार होने पर जेल से सरकार चलानी चाहिए या इस्तीफा देना चाहिए? दिल्ली की जनता से पूछेगी AAP

AAP Opinion Polls: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार करते हुए कहा कि जब लोग AAP कार्यकर्ताओं से दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार और विफलता के बारे में पूछें तो उनके सवालों का जवाब देने के लिए केजरीवाल को अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना चाहिए

अपडेटेड Dec 01, 2023 पर 11:28 AM
AAP ने आरोप लगया कि केजरीवाल को 'फर्जी' शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार करने की साजिश हो रही है

राष्ट्रीय राजधानी और पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) अपने संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए योजनाबद्ध तरीके से अपना प्लान-B सामने लेकर आई है। AAP की दिल्ली इकाई के संयोजक गोपाल राय ने गुरुवार को कहा कि पार्टी लोगों से इस बारे में प्रतिक्रिया लेने के लिए एक से 20 दिसंबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाएगी कि अगर भारतीय जनता पार्टी (BJP) साजिश के तहत अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कराती है तो मुख्यमंत्री को पद से इस्तीफा देना चाहिए या नहीं।

AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राय ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने की उम्मीद से केजरीवाल को 'फर्जी' शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कराने की साजिश रची है।

राय ने कहा कि शुक्रवार (1 दिसंबर) से 'मैं भी केजरीवाल' अभियान के तहत, AAP के कार्यकर्ता शहर भर के सभी 2,600 मतदान केंद्रों पर लोगों के हस्ताक्षर लेने के लिए पर्चे लेकर जाएंगे और इस बारे में उनकी राय मांगी जाएगी कि गिरफ्तार होने पर क्या केजरीवाल को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए?


राय ने कहा कि केजरीवाल ने AAP विधायकों और पार्षदों से मुलाकात कर इस मुद्दे पर उनकी राय मांगी। इस बात पर आम सहमति थी कि उन्हें इस्तीफा नहीं देना चाहिए और जेल से सरकार चलानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 21 दिसंबर से 24 दिसंबर तक AAP शहर के हर वार्ड में 'जन संवाद' आयोजित करेगी, जिसमें लोगों से कथित शराब घोटाले के साथ-साथ केजरीवाल को गिरफ्तार कराने की BJP की 'साजिश' पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इसमें उनकी इस बारे में राय ली जाएगी कि अगर केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है तो क्या उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। चड्ढा ने BJP की तुलना पौराणिक पात्र 'कंस' से की और आरोप लगाया कि वह AAP को खत्म करना चाहती है और पूरे देश में केजरीवाल को अपनी एकमात्र चुनौती के रूप में देखती है।

चड्ढा ने आरोप लगाया, "जिस तरह कंस को पता था कि भगवान कृष्ण उसका अंत करेंगे, उसी तरह भाजपा भी अच्छी तरह से जानती है कि उसकी गंदी राजनीति का अंत केजरीवाल करेंगे। कंस ने भगवान कृष्ण को रोकने का हर संभव प्रयास किया। इसी तरह, भाजपा आप को कमजोर करने और खत्म करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।"

BJP का पलटवार

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पलटवार करते हुए कहा कि जब लोग AAP कार्यकर्ताओं से दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार और विफलता के बारे में पूछें तो उनके सवालों का जवाब देने के लिए केजरीवाल को अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना चाहिए।

ये भी पढ़ें- PM Modi in Dubai: 'भारत माता की जय' नारों के साथ पीएम मोदी का दुबई में भव्य स्वागत, आज COP28 समिट में लेंगे हिस्सा

उन्होंने पीटीआई से कहा, "AAP नेता हस्ताक्षर अभियान चलाने के लिए घर-घर जाने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन जब वे लोगों के पास जाएं तो उन्हें लोगों के इन सवालों का जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए कि पार्टी के नेताओं ने शराब घोटाला, जल बोर्ड घोटाला, टैंकर घोटाला, पैनिक बटन घोटाला, स्कूल कक्ष घोटाला कैसे किया। साथ ही, उन्होंने नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, अतिथि शिक्षकों, पैरा मेडिकल स्टाफ जैसे संविदा कर्मियों की आजीविका के साथ कैसे खिलवाड़ किया है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।