PM Modi in Dubai: 'भारत माता की जय' नारों के साथ पीएम मोदी का दुबई में भव्य स्वागत, आज COP28 समिट में लेंगे हिस्सा

PM Modi in Dubai: पीएम मोदी जलवायु पर संयुक्त राष्ट्र के 'कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज' के दौरान शुक्रवार को विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसे COP28 के नाम से जाना जाता है। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने प्रधानमंत्री मोदी की दुबई यात्रा से पहले गुरुवार को कहा कि भारत को दुबई में चल रहे COP28 में जलवायु वित्त पोषण पर एक स्पष्ट रूपरेखा पर सहमति बनने की उम्मीद है

अपडेटेड Dec 01, 2023 पर 10:32 AM
PM Modi in Dubai: दुबई में भारतीय प्रवासियों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया

PM Modi in Dubai: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन (World Climate Action Summit) में भाग लेने के लिए गुरुवार को दुबई पहुंचे। पीएम मोदी आज यानी 1 दिसंबर को होने वाले 28वें कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज (COP28) शिखर सम्मेलन में में भाग लेंगे। जैसे ही पीएम मोदी दुबई एयरपोर्ट पर उतरे वहां होटल के बाहर इंतजार कर रहे भारतीय प्रवासियों ने 'सारे जहां से अच्छा' गाया और 'भारत माता की जय' के साथ-साथ 'वंदे मातरम' के नारे लगाए। दुबई में प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय में भारी उत्साह देखा गया।

समाचार एजेंसी ANI द्वारा पोस्ट किए गए एक वीडियो में प्रवासी भारतीयों को 'मोदी, मोदी', 'अबकी बार मोदी सरकार', 'अबकी बार 400 पार' और 'वंदे मातरम' जैसे नारे लगाते हुए सुना जा सकता है। एक अन्य वीडियो में पीएम मोदी को सदस्यों से हाथ मिलाते और बातचीत करते देखा जा सकता है।

प्रवासी भारतीयों में से एक ने पीएम मोदी से मुलाकात पर खुशी जताई और कहा, ''मैं 20 साल से UAE में रह रहा हूं, लेकिन आज ऐसा लगा जैसे मेरा कोई अपना इस देश में आया हो...दुनिया भर में भारत की शान बढ़ाने वाला हीरा ही भारत का हीरा है।'' एक अन्य भारतीय ने कहा, ''हम पीएम मोदी को यहां देखकर बहुत खुश हैं। दुनिया को पीएम मोदी जैसे नेता की जरूरत है।"


इस बीच, पीएम मोदी ने भी दुबई में भारतीय समुदाय से मुलाकात के बाद खुशी जताई। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, "दुबई में भारतीय समुदाय के गर्मजोशी से स्वागत से मैं बहुत प्रभावित हूं। उनका समर्थन और उत्साह हमारी जीवंत संस्कृति और मजबूत संबंधों का प्रमाण है।"

दिल्ली से रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हुई कि यह महत्वपूर्ण कार्यक्रम संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है, जो जलवायु कार्रवाई के क्षेत्र में भारत का एक महत्वपूर्ण साझेदार है।

पीएम मोदी ने कहा, "अपने सभ्यतागत लोकाचार को ध्यान में रखते हुए भारत ने हमेशा जलवायु कार्रवाई पर जोर दिया है, यहां तक कि हम सामाजिक और आर्थिक विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।"

उन्होंने दिल्ली से रवाना होने पहले अपने बयान में कहा, "G-20 की हमारी अध्यक्षता के दौरान जलवायु हमारी प्राथमिकता में सबसे ऊपर थी। नई दिल्ली घोषणापत्र में जलवायु कार्रवाई और सतत विकास पर कई ठोस कदम शामिल हैं। मैं इन मुद्दों पर आम सहमति को COP28 में आगे बढ़ाये जाने की उम्मीद करता हूं।"

ये भी पढ़ें- Assembly election Results 2023 Live: क्या KCR के हाथ से निकल जाएगा तेलंगाना? राजस्थान और MP में लहरा सकता है कमल

पीएम मोदी जलवायु पर संयुक्त राष्ट्र के 'कॉन्फ्रेंस ऑफ पार्टीज' के दौरान शुक्रवार को विश्व जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे, जिसे COP28 के नाम से जाना जाता है। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने प्रधानमंत्री मोदी की दुबई यात्रा से पहले गुरुवार को कहा कि भारत को दुबई में चल रहे COP28 में जलवायु वित्त पोषण पर एक स्पष्ट रूपरेखा पर सहमति बनने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।