Credit Cards

AAP-BJP Protests in Delhi: दिल्ली में एक दूसरे के खिलाफ सड़कों पर उतरी AAP और BJP, केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव में धांधली की आशंका जताई

AAP-BJP Protests in Delhi: इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर वह चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में 'गड़बड़ी' कर सकती है, तो विधानसभा और लोकसभा चुनावों में किसी भी हद तक जा सकती है। वह यहां पार्टी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे

अपडेटेड Feb 02, 2024 पर 5:48 PM
Story continues below Advertisement
AAP-BJP Protests: दिल्ली में एक दूसरे के खिलाफ सड़कों पर उतरी AAP और BJP

AAP-BJP Protests in Delhi: देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता के दूसरे खिलाफ ही सड़कों पर उतरे। AAP ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में धोखाधड़ी का आरोप लगाते बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन किया, तो वहीं दिल्ली बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस वजह से राजधानी के दीन दयाल उपाध्या मार्ग को पूरी तरह से बंद करना पड़ा, जिससे आम जनता को भी काफी परेशानी हुई।

इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि अगर वह चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में 'गड़बड़ी' कर सकती है, तो विधानसभा और लोकसभा चुनावों में किसी भी हद तक जा सकती है।

वह यहां पार्टी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।


AAP ने प्रदर्शन की योजना यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) मुख्यालय के सामने बनाई थी, लेकिन भारी पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेड लगाए जाने के कारण कार्यकर्ता वहां तक नहीं पहुंच सके।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी चंडीगढ़ मेयर चुनाव में वोट "चोरी" करते हुए कैमरे पर नजर आई।

दरअसल चंडीगढ़ में मंगलवार को मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए मंगलवार को चुनाव हुआ था, जिसमें बीजेपी ने कांग्रेस-AAP के गठबंधन को हराकर सभी पदों पर जीत हासिल की थी।

उन्होंने आरोप लगाया, "पिछले कुछ सालों में हमने सुना था कि BJP चुनावों में गड़बड़ी करती है। वे EVM से छेड़छाड़ करते हैं, मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाते हैं, लेकिन कभी कोई सबूत नहीं मिला। वे चंडीगढ़ में वोट चुराते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर वे चंडीगढ़ मेयर चुनाव में ऐसी अनियमितताएं कर सकते हैं, तो वे लोकसभा और विधानसभा चुनावों में सोचिए क्या कर सकते हैं। वे सत्ता के लिए देश को बेच सकते हैं, लेकिन हम उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। हमें लोकतंत्र और देश को बचाना है।"

AAP के राष्ट्रीय संयोजक ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस ने बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को रोका और हिरासत में लिया।

AAP BJP Protests: दिल्ली में AAP के खिलाफ BJP का प्रदर्शन

वहीं दूसरी तरफ दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश इकाई ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। BJP ने यहां दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित AAP के मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया।

वहीं AAP के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चंडीगढ़ में हाल ही में हुए महापौर चुनावों में कथित गड़बड़ी को लेकर अपनी पार्टी कार्यालय से कुछ सौ मीटर दूर BJP मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया।

BJP के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की।

BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "केजरीवाल सरकार भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है। हर दिन सरकार का कोई न कोई घोटाला लोगों के सामने उजागर हो रहा है।" उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार के संरक्षण में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) में घोटाला हुआ है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।