2024 Elections: दिल्ली, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बाद अब अरुणाचल प्रदेश में भी आम आदमी पार्टी (AAP) चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गई है। AAP ने प्रदेश की सभी 60 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की इच्छा जताई है। AAP अगले साल होने वाले अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (संगठन) डॉ. संदीप पाठक ने रविवार को नई दिल्ली में यह जानकारी दी। AAP की अरुणाचल प्रदेश इकाई की बैठक की अध्यक्षता करते हुए पाठक ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता से जुड़ने का सुझाव दिया।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गरीबों और वंचितों के लिए काम करने का आग्रह किया। AAP की अरुणाचल इकाई के महासचिव टोको निकम के अनुरोध का जवाब देते हुए पाठक ने कहा कि पार्टी राज्य में एक रैली आयोजित करेगी। इस रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री और AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल शामिल हो सकते हैं। AAP की अरुणाचल इकाई के अध्यक्ष यमरा ताया ने राज्य की मौजूदा स्थिति का जिक्र किया।
उन्होंने पार्टी की प्रमुख नीतियों को रेखांकित किया, जिसमें अरुणाचल प्रदेश गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (APUAPA) को निरस्त करना, अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC) पेपर लीक मुद्दे का समाधान, सभी को मुफ्त पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना शामिल है।
निकम ने इससे पहले भी हाल ही में कहा था कि आम आदमी पार्टी 10 लाख रुपये तक मुफ्त पानी, बिजली, मेडिकल सर्विस और वर्ल्ड क्लॉस ऐजूकेशन प्रदान करेगी। साथ ही पार्टी AAP अरुणाचल प्रदेश गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (APUAPA) 2014 और अरुणाचल प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 1978 को खत्म कर देगी।
निकम ने आगे कहा कि पार्टी की प्राथमिकताओं में विभिन्न विभागों में आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन पर पूरी तरह से बैन लगाना और जिला मुख्यालयों के लिए हर मौसम में सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही AAP युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए तीसरी और चौथी अरुणाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन बनाने की भी योजना बना रही है।