अरविंद केजरीवाल के घर पर हमले के आरोपियों को दिल्ली BJP दफ्तर में पहनाई गई माला

यह सभी बीजेपी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के सदस्य हैं। आदेश गुप्ता (Adesh Gupta) ने दिल्ली बीजेपी के दफ्तर में इन आठ लोगों को माला पहनाई

अपडेटेड Apr 15, 2022 पर 9:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हमले के आरोपियों को दिल्ली BJP दफ्तर में पहनाई गई माला (PHOTO- @adeshguptabjp)

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के आवास पर हमले (House Attacked) के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए आठ लोगों को जमानत पर रिहा कर दिया गया था। इसके बाद गुरुवार को दिल्ली प्रदेश बीजेपी (Delhi BJP) ने इन सभी लोगों का सम्मान किया। राज्य इकाई के प्रमुख आदेश गुप्ता (Adesh Gupta) ने दिल्ली बीजेपी के दफ्तर में इन आठ लोगों को माला पहनाई।

यह सभी बीजेपी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के सदस्य हैं। गुप्ता ने ट्वीट किया, "हिंदू विरोधी केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन करते वक्त जेल गए भाजपा युवा मोर्चा के 8 कार्यकर्ताओं को 14 दिनों बाद कोर्ट द्वारा जमानत मिली।"

आदेश गुप्ता ने आगे लिखा, "आज प्रदेश कार्यालय में अपने इन युवा क्रांतिकारियों का स्वागत किया। हमारा हर एक कार्यकर्ता हिंदू विरोधी ताकतों के खिलाफ सदैव लड़ता रहेगा।"


AAP विधायक आतिशी ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने देश भर के कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है कि अगर वे "गुंडागर्दी और तोड़फोड़" करते हैं, तो उनका सम्मान किया जाएगा।

आतिशी ने आगे कहा, "जैसे BJP अपनी पार्टी में गुंडों की लिस्ट बनाती है, वैसे ही AAP विद्वान लोगों की लिस्ट बनाती है। केजरीवाल जी जैसे हमारे नेता IIT से हैं। सिसोदिया जी वरिष्ठ पत्रकार हैं, राघव चड्ढा CA हैं… हमारे पंजाब के विधायकों में 12 डॉक्टर हैं। सात वकील हैं। दूसरी तरफ बीजेपी के पास गुंडों की फेहरिस्त है।"

उन्होंने कहा कि देश अब 'भारतीय गुंडा पार्टी' नहीं चाहता, बल्कि पढ़े-लिखे लोगों से भरी पार्टी चाहता है।

पुलिसकर्मियों पर हमला करने और कांस्टेबल को कार की बोनट पर घसीटने के आरोप में AAP नेता गिरफ्तार, देखें वीडियो

दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आतिशी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा की बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने 30 मार्च के प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई हिंसा नहीं की और न ही उन्हें कोई चोट पहुंचाई गई।

प्रवीण शंकर ने आगे कहा, "हमारा प्रदर्शन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरफ से कश्मीरी हिंदुओं के अपमान के विरोध में था और हम दोबारा मांग करते हैं की अरविंद केजरीवाल कश्मीरी हिन्दुओं से-हिन्दू समाज से माफी मांगें।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।