Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री में बदलाव के दावों को खारिज कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता फडणवीस ने कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण के इस दावे को सोमवार को खारिज कर दिया कि अगस्त में एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की जगह अजित पवार (Ajit Pawar) को मुख्यमंत्री नियुक्त किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि अजित पवार इस बात से अच्छी तरह वाकिफ हैं कि वह मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। दो जुलाई से पहले हुई बैठकों के दौरान उन्हें यह बात बता दी गई थी, तब अजित पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) गुट को महाराष्ट्र सरकार में शामिल किया गया था।
पवार मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे
NCP के वरिष्ठ और राज्य के उपमुख्यमंत्री पवार को 10 अगस्त के आसपास मुख्यमंत्री नियुक्त किए जाने के चव्हाण के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि 10 अगस्त तक कैबिनेट का विस्तार किया जा सकता है और इससे ज्यादा कुछ नहीं। फडणवीस ने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से कहा, "महायुति (महागठबंधन) में सबसे बड़ी पार्टी के नेता के तौर पर, मैं आपको आधिकारिक तौर पर बता रहा हूं कि अजित पवार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे।"
उन्होंने जोर देकर कहा कि एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने रहेंगे और इस बाबत कोई बदलाव नहीं होगा। फडणवीस ने यह भी दावा किया कि सत्ता-बंटवारे के फॉर्मूले के बारे में अजित पवार को स्पष्ट तौर पर बता दिया गया था और वह इस पर सहमत हुए थे। उन्होंने कहा, "वह (अजित) न केवल इस पर सहमत हुए बल्कि अपने भाषण में यह भी स्पष्ट कर दिया कि महाराष्ट्र में नेतृत्व बदलने पर कोई चर्चा नहीं हुई है।"
कांग्रेस पर अफवाह फैलाने का आरोप
फडणवीस ने चव्हाण पर अफवाहें फैलाने का आरोप लगाया। बीजेपी नेता ने कहा, "उन्हें महायुति के बारे में लोगों को भ्रमित करना बंद करना चाहिए। नेता तो भ्रमित नहीं होते लेकिन पार्टी कार्यकर्ता जरूर भ्रमित हो जाते हैं। पृथ्वीराज चव्हाण जैसे लोग अफवाह फैला रहे हैं। 10 अगस्त तक अगर कुछ होने वाला है तो वह होगा राज्य मंत्रिपरिषद का विस्तार। मुख्यमंत्री इस पर फैसला लेंगे।"
अजित पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के 8 विधायक दो जुलाई को शिवसेना-BJP सरकार में शामिल हो गए थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने सोमवार को दावा किया कि 10 अगस्त के आसपास महाराष्ट्र के मौजूदा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को हटाकर उनकी जगह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता अजित पवार को लाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री शिंदे और शिवसेना के 15 अन्य विधायकों को अयोग्य ठहराने का फैसला 10 अगस्त के आसपास किया जाएगा।