Ashok Chavan: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण BJP में शामिल, बोले- 'यह नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है'

Ashok Chavan: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के साथ कांग्रेस के पूर्व MLC अमर राजुरकर भी बीजेपी में शामिल हुए। अशोक चव्हाण के समर्थक विधान परिषद के पूर्व सदस्य अमरनाथ राजुरकर ने महाराष्ट्र कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अशोक चव्हाण से मुंबई में मुलाकात की

अपडेटेड Feb 13, 2024 पर 1:46 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Ashok Chavan: महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण मंगलवार को BJP में शामिल हुए

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण (Ashok Chavan To Joins BJP) ने मंगलवार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। अशोक चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। अशोक चव्हाण के साथ कांग्रेस के पूर्व MLC अमर राजुरकर भी बीजेपी में शामिल हुए। अशोक चव्हाण के समर्थक विधान परिषद के पूर्व सदस्य अमरनाथ राजुरकर ने महाराष्ट्र कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।

बीजेपी में शामिल होने से पहले राजुरकर ने सोमवार को पत्रकारों से कहा, "मैंने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है जिसमें विधान परिषद में कांग्रेस के नेता, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और नांदेड़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद शामिल है।" उन्होंने अशोक चव्हाण से मुंबई में मुलाकात की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले को लिखे एक पत्र में चव्हाण ने कहा कि वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को विधायक पद का इस्तीफा सौंप दिया। बीजेपी का दामन थामने से पहले उन्होंने पत्रकारों से कहा, "मैं मुंबई स्थित BJP कार्यालय जाकर आज उसमें (BJP में) शामिल हो रहा हूं। आज मेरे जीवन के नए राजनीतिक करियर की शुरुआत है।"


जब चव्हाण से यह पूछा गया कि क्या उन्हें वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कोई फोन किया, तो उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा, "मैं मुंबई स्थित कार्यालय में जाकर BJP में आधिकारिक तौर पर शामिल हो जाऊंगा। वहां मेरे साथ कुछ नेता भी होंगे। वहां उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख आशीष शेलार समेत अन्य लोग होंगे।"

पूर्व मुख्यमंत्री एस बी चव्हाण के बेटे अशोक चव्हाण (65) ने सोमवार को इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस छोड़ना उनका स्वतंत्र फैसला है और उन्होंने अपने इस फैसले का कोई विशेष कारण नहीं बताया। महाराष्ट्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा ने भी कुछ दिन पहले पार्टी छोड़ दी थी।

चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। वह 2014-19 के दौरान कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख भी थे। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और वह नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।